Last Updated:
Success Story: बुरहानपुर के कमल टॉकीज क्षेत्र में रहने वाले खेमचंद यादव ने 50 हजार रुपये के लोन से कारोबार शुरू किया था. आज वे सालाना 4 से 5 लाख रुपये का व्यवसाय कर रहे हैं. उनकी यह कहानी बताती है कि सही प्रेरणा, मेहनत और लगन से छोटे स्तर पर शुरू किया गया काम भी धीरे-धीरे अच्छी पहचान बना सकता है.
Success Story: शहर के कमल टॉकीज क्षेत्र में रहने वाले खेमचंद यादव ने बड़े भाई से प्रेरणा लेकर महज 50 हजार रुपये का लोन लेकर छोटे स्तर पर कारोबार की शुरुआत की थी. सीमित पूंजी और मेहनत के दम पर शुरू किया गया उनका यह सफर आज 15 साल का अनुभव पूरा कर चुका है. शुरुआती दौर में कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और धीरे-धीरे अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाते रहे. आज वे इस कारोबार से सालाना करीब 4 से 5 लाख रुपये का व्यवसाय कर रहे हैं.
दुकान संचालक ने दी जानकारी
लोकल 18 की टीम को दुकान संचालक खेमराज यादव ने बताया कि उन्हें खुद का व्यवसाय शुरू करने का विचार अपने बड़े भाई से प्रेरित होकर आया था. इसके बाद उन्होंने 50 हजार रुपये का लोन लेकर कारोबार की शुरुआत की. शुरुआत में पूंजी कम होने के कारण सीमित स्तर पर सामान रखा, लेकिन ग्राहकों की जरूरत और बाजार की मांग को समझते हुए धीरे-धीरे कारोबार का विस्तार किया. उन्होंने बताया कि किसी भी व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए मेहनत, धैर्य और ग्राहकों का विश्वास बेहद जरूरी है. खास बात यह है कि वे केवल किसी एक मौसम या त्योहार पर निर्भर नहीं रहते, बल्कि पूरे साल अलग-अलग त्योहारों और सीजन के हिसाब से सामान उपलब्ध कराते हैं. दीपावली के अवसर पर वे कुर्ते और अन्य कपड़ों की बिक्री करते हैं. वहीं, दूसरे त्योहारों पर ग्राहकों की पसंद और जरूरत के अनुसार अलग-अलग प्रकार के सामान रखते हैं. इससे ग्राहकों को एक ही स्थान पर त्योहार के अनुसार पसंद के विकल्प मिल जाते हैं.
ग्राहकों की डिमांड का रखते हैं ध्यान
यादव का कहना है कि बाजार में ग्राहकों की मांग लगातार बदलती रहती है. ऐसे में व्यापार को बेहतर तरीके से संचालित करने के लिए समय और त्योहार के अनुसार सामान उपलब्ध कराना जरूरी है. वे ग्राहकों की पसंद को प्राथमिकता देते हैं और इसी रणनीति से अपने कारोबार को आगे बढ़ा रहे हैं.
कभी महज 50 हजार रुपये के लोन से शुरू हुआ उनका छोटा सा व्यवसाय आज 15 साल के अनुभव के साथ सालाना लाखों रुपये के कारोबार तक पहुंच गया है.