Last Updated:
Himachal Car Accident: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में कार हादसे में पिता और पुत्र की मौत हो गई, जबकि 11 साल की घायल बेटी ने गांव पहुंचकर लोगों को घटना की जानकारी दी. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
सिरमौर जिले के शिलाई-रोहनाट सड़क पर भटनोल के पास 1 नवंबर की रात करीब 11:00 बजे यह कार हादसा हुआ.
नाहन. हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में बीती रात को हुए कार हादसे में पिता और पुत्र की मौत हो गई, जबकि 11 साल की बेटी घायल है. हादसे में बेहोश बेटी को जब होश आया तो वह पास ही के नजदीकी गांव पहुंची और फिर घटना की सूचना ग्रामीणों को दी. फिलहाल, पुलिस हादसे की जांच कर रही है.
जानकारी के अनुसार, सिरमौर जिले के शिलाई-रोहनाट सड़क पर भटनोल के पास 1 नवंबर की रात करीब 11:00 बजे यह कार हादसा हुआ. ब्रेजा कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी और हादसे में कांडो भटनोल के रहने वाले सोहन सिंह और उनके 7 वर्षीय बेटे की मौत हो गई. सोहन सिंह एसडीएम कार्यालय शिलाई में क्लर्क के पद पर कार्यरत थे.
बताया जा रहा है कि सोहन सिंह और दोनों बच्चे घर की तरफ जा रहे थे. सोहन सिंह और उनके बेटे को सिर में गंभीर चोटें आईं, जिससे दोनों की मौत हो गई.
रात भर खाई में गिरी रही बेटी
कार हादसे के बाद 11 वर्षीय बेटी रात खाई में रही, घटनास्थल के पास उसका स्कूली बैग भी बरामद किया गया था. सोमवार सुबह एसडीएम शिलाई जसपाल, प्रशासनिक टीम और स्थानीय ग्रामीणों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और ड्रोन की मदद ली गई. आसपास के क्षेत्र में कई घंटों तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया. लगभग 4 से 5 घंटे की कड़ी तलाश के बाद पता चला कि बच्ची सुरक्षित है और पास के ही एक गांव में है. बताया जा रहा है कि होश में आने के बाद बच्ची नजदीकी गांव की ओर चली गई थी. एसडीएम शिलाई और उनकी टीम ने ड्रोन और प्रशासनिक टीम के साथ सघन खोज अभियान चलाया गया था.