Last Updated:
महाठग सुकेश चंद्रशेखर मामले में आज सुनवाई होनी थी. नोरा फतेही को इस केस में अभियोजन पक्ष(प्रॉसिक्यूशन) के गवाह के तौर पर जज के सामने पेश होना था लेकिन बार-बार नोटिस मिलने के बावजूद वो गायब रहीं. नोरा फतेही के वकील ने कोर्ट से पेशी से छूट की मांग की जिसपर जज ने उन्हें फटकार लगाई.
नोरा फतेही को आज कोर्ट में पेश होना था लेकिन वो फिर गायब रहीं.
नई दिल्ली. बॉलीवुड एक्ट्रेस नोरा फतेही एक बार फिर सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपये के जबरन वसूली मामले में अदालत में पेश नहीं हुईं. सोमवार को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में इस मामले की सुनवाई होनी थी. नोरा को अभियोजन पक्ष के गवाह के तौर पर अपना बयान दर्ज कराने के लिए अदालत में पेश होना था, लेकिन वह नहीं पहुंचीं.
नोरा फतेही की ओर से वकील ने अदालत में पेश होने से छूट देने की मांग रखी. इस पर कोर्ट ने नाराजगी जताते हुए कहा कि अदालत को हल्के में नहीं लिया जा सकता. कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 6 नवंबर की तारीख तय की है. अब नोरा को उस दिन गवाही के लिए अदालत में पेश होना होगा.
नोटिस के बावजूद पेश नहीं हुईं नोरा फतेही
सोमवार को सुनवाई के दौरान दिल्ली पुलिस ने अदालत को बताया कि उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं थी कि नोरा फतेही आज कोर्ट में पेश होंगी या नहीं. पुलिस ने बताया कि एक्ट्रेस को 22 अक्टूबर को ही पेशी का नोटिस भेज दिया गया था. यह नोटिस ईमेल और व्हाट्सऐप के जरिए भेजा गया था. इसके अलावा, उन्हें फोन भी किया गया, लेकिन नोरा की तरफ से कोई जवाब नहीं मिला.
कोर्ट ने नोरा फतेही के वकील को लगाई फटकार
वहीं, नोरा के वकील ने अदालत में पेश होने से छूट देने की मांग की. इस पर कोर्ट ने नाराजगी जाहिर की और कहा कि अदालत को हल्के में नहीं लिया जा सकता. गौरतलब है कि पिछली सुनवाई के दौरान राउज एवेन्यू कोर्ट ने नोरा को 2 नवंबर को व्यक्तिगत रूप से पेश होने का निर्देश दिया था. उन्हें इस मामले में अभियोजन पक्ष की ओर से गवाह के तौर पर अपना बयान दर्ज कराना था. अब अदालत ने अगली सुनवाई 6 नवंबर को रखी है.
दरअसल, नोरा फतेही का नाम सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े इस मामले में तीसरी सप्लीमेंट्री चार्जशीट में अभियोजन पक्ष के गवाह के तौर पर शामिल है. जांच एजेंसियों के मुताबिक, सुकेश ने जेल में रहते हुए करीब 200 करोड़ रुपये की ठगी की थी. इस मामले में शिकायत फोर्टिस हेल्थकेयर के पूर्व प्रमोटर शिविंदर सिंह की पत्नी अदिति सिंह ने दर्ज कराई थी. आरोप था कि सुकेश ने खुद को सरकारी अधिकारी बताकर उनसे संपर्क किया और उनके पति को जेल से बाहर निकलवाने में मदद करने का भरोसा दिया. इसी बहाने उसने उनसे करोड़ों रुपये वसूले.