‘वीडियो का मकसद जागरूकता फैलाना था’, दीपावली से जुड़े विवाद के बीच दीया मिर्जा ने तोड़ी चुप्पी, दी सफाई


Last Updated:

दीपावली पर पटाखे कम जलाने की अपील करना अभिनेत्री दीया मिर्जा के लिए विवाद की वजह बन गया. बीएमसी के प्रदूषण जागरूकता अभियान के तहत जारी उनके वीडियो पर बीजेपी ने सवाल उठाए, जिसके बाद निगम ने भी वीडियो हटा दिया. अब इस पूरे मामले पर दीया मिर्जा ने सफाई देते हुए बताया है कि उनका मकसद किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं, बल्कि लोगों को प्रदूषण के प्रति जागरूक करना था.

ख़बरें फटाफट

Top Deals Inside

'वीडियो का मकसद जागरूकता फैलाना था', दीपावली से जुड़े विवाद पर दीया का जवाब  Zoom

वीडियो डिलीट होने पर दीया मिर्जा ने दी सफाई

नई दिल्ली. मुंबई में बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर बीएमसी की ओर से चलाए गए जागरूकता अभियान में अभिनेत्री दीया मिर्जा का शामिल होना अब विवाद की वजह बन गया है. दीपावली से पहले जारी किए गए उनके एक वीडियो पर राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई. मामला इतना बढ़ा कि बीएमसी ने भी अभिनेत्री का वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट से हटा दिया. अब इस पूरे विवाद पर दीया मिर्जा ने अपनी चुप्पी तोड़ी है और साफ किया है कि उनके वीडियो का मकसद किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक करना था.

दीया मिर्जा ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि दीपावली सिर्फ एक त्योहार नहीं, बल्कि अंधकार पर प्रकाश, अज्ञान पर ज्ञान और निराशा पर उम्मीद की जीत का प्रतीक है. उन्होंने बताया कि यह वीडियो लोगों को स्वस्थ और समझदारी के साथ त्योहार मनाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से बनाया गया था.अभिनेत्री ने आगे कहा कि वायु प्रदूषण केवल पर्यावरण से जुड़ी समस्या नहीं है, बल्कि इसका सीधा असर लोगों की सेहत पर भी पड़ता है. ऐसे में प्रदूषण कम करने के लिए उठाया गया हर छोटा कदम सभी के लिए बेहतर माहौल बनाने में मददगार हो सकता है.

क्या है पूरा विवाद?

दरअसल, मुंबई में हवा की खराब होती गुणवत्ता को देखते हुए बीएमसी ने दीपावली से पहले लोगों को प्रदूषण के प्रति जागरूक करने का अभियान शुरू किया था. इस मुहिम के तहत कई जाने-माने चेहरों के वीडियो जारी किए गए थे. इनमें दीया मिर्जा के साथ अभिनेत्री माधुरी दीक्षित और भारतीय क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे भी नजर आए थे. इन वीडियो के जरिए लोगों से अपील की गई थी कि वे त्योहार के दौरान पटाखों का इस्तेमाल कम करें और पर्यावरण का ख्याल रखते हुए दीपावली मनाएं. लेकिन दीया मिर्जा का वीडियो सामने आते ही इस पर सियासत शुरू हो गई. मुंबई बीजेपी अध्यक्ष अमित साटम ने अभिनेत्री के वीडियो पर नाराजगी जताई थी. उनका कहना था कि दीपावली कैसे मनानी है, यह बताने की जरूरत लोगों को किसी अभिनेत्री से नहीं है. उन्होंने भारतीय परंपराओं और त्योहारों के महत्व का हवाला देते हुए कहा कि देश के लोगों को अपनी संस्कृति और त्योहारों के बारे में अच्छी जानकारी है.

विवाद के बाद बीएमसी ने हटाया वीडियो

राजनीतिक विरोध बढ़ने के बाद बीएमसी ने दीया मिर्जा का वीडियो अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटा दिया. हालांकि, निगम की तरफ से इस वीडियो को टाने की वजह को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. फिलहाल दीया मिर्जा ने अपने बयान के जरिए यह स्पष्ट करने की कोशिश की है कि उनका उद्देश्य किसी को दीपावली मनाने का तरीका सिखाना नहीं था, बल्कि प्रदूषण और उससे होने वाले स्वास्थ्य संबंधी नुकसान को लेकर लोगों का ध्यान खींचना था.



Source link