बिस्किट मार्केट में रिलायंस कंज्‍यूमर का धमाका, ₹5 में लॉन्च किए 9 नए फ्लेवर, जानें क्या है इनमें खास

बिस्किट मार्केट में रिलायंस कंज्‍यूमर का धमाका, ₹5 में लॉन्च किए 9 नए फ्लेवर, जानें क्या है इनमें खास


नई दिल्ली. बिस्किट बाजार में अपनी मजबूत पकड़ बनाने के लिए रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड की एफएमसीजी (FMCG) इकाई रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (RCPL) ने एक बड़ा कदम उठाया है. कंपनी ने अपने इंडिपेंडेंस बिस्किट पोर्टफोलियो का विस्तार करते हुए नौ नए वेरिएंट्स लॉन्च किए हैं. इस नए लॉन्‍च से कंपनी ने रोजमर्रा के यूज से लेकर खास मौकों के लिए अपनी बिस्किट रेंज को पहले से अधिक मजबूत बना दिया है. नए वेरिएंट्स को आज 2 नवंबर से तमिलनाडु के बाजारों में उपलब्‍ध कराया गया है. तमिलनाडु कंपनी के लिए एक प्रमुख बाजार है. यहां उत्पादन क्षमता में बढ़ोतरी से कंपनी को अपना कारोबार बड़े स्तर पर पहुंचाने और अधिक से अधिक उपभोक्ताओं तक पहुंच बनाने में मदद मिलेगी.

इस बड़े विस्तार के साथ आरसीपीएल (RCPL) का मुख्य मकसद एक डायवर्सिफाइड प्रोडक्ट पोर्टफोलियो, बेहद किफायती कीमतों और बड़े डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क के दम पर अपने बिस्किट कारोबार को नई ऊंचाइयों पर ले जाना है. इस पोर्टफोलियो में 28 नए एसकेयू शामिल हैं. आज जा नौ नए वेरिंट्स लॉन्‍च किए गए हैं, उनमें इंडिपेंडेंस पावर अप, इंडिपेंडेंस बटर ब्लिस, इंडिपेंडेंस मिल्की पावर, इंडिपेंडेंस मैरी प्राइम, इंडिपेंडेंस कोको वनीला एंड चॉकलेट, इंडिपेंडेंस क्रीमयम ऑरेंज, इंडिपेंडेंस क्रीमयम चोको, इंडिपेंडेंस कोको बॉर्बन और इंडिपेंडेंस ग्लूकोज बूस्ट शामिल हैं.

₹5 से शुरू है कीमत

ये बिस्किट ट्रायल पैक में 5 रुपये, शेयरिंग पैक में 10 रुपये और बड़े होम पैक में 40 से 125 रुपये की कीमत पर उपलब्ध होंगे. इस पूरी लॉन्चिंग में इंडिपेंडेंस पावर अप और इंडिपेंडेंस मिल्की पावर सबसे प्रमुख और खास प्रोडक्‍ट हैं. पावर अप बिस्किट की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें दूध, ग्लूकोज और प्रोटीन तीनों पोषक तत्वों को एक साथ मिलाया गया है. डेली-यूज में खाए जाने वाले बिस्किट्स की कैटेगरी में यह एक बिल्कुल नया और अलग तरह का प्रोडक्ट है, जो स्वाद के साथ सेहत का भी पूरा ध्यान रखता है.

तमिलनाडु बिस्किट कारोबार के लिए अहम

नई लॉन्चिंग के अवसर पर रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड के डायरेक्टर टी. कृष्णकुमार ने कहा, “तमिलनाडु हमारे बिस्किट कारोबार के लिए एक प्रमुख बाजार है. हमारा फोकस ग्राहकों की बदलती पसंद को ध्यान में रखते हुए अपने पोर्टफोलियो को बड़ा करने और कारोबार को बड़े स्तर पर ले जाने पर है. दूध वाले बिस्किट पहले से ही भारतीय परिवारों के खानपान का अहम हिस्सा रहे हैं. इंडिपेंडेंस पावर अप बिस्किट के जरिए हम इसी जानी-पहचानी पसंद को एक नई और खास पेशकश के साथ आगे बढ़ा रहे हैं, जिसमें दूध, ग्लूकोज और प्रोटीन तीनों को एक ही बिस्किट में शामिल किया गया है.”

कृष्‍णकुमार ने कहा कि कंपनी का बिस्किट पोर्टफोलियो ‘हर उपभोक्ता, हर अवसर’ (Each Consumer, Each Occasion) की सोच को दर्शाता है. इसके तहत ग्राहकों की अलग-अलग जरूरतों और मौकों को समझकर ऐसे प्रॉडक्ट्स कंपनी ला रही है, जो उन्हें उनकी जेब के हिसाब से बेहतरीन वैल्यू देते हैं.

अजित कुमार रेसिंग के साथ ब्रांड पार्टनरशिप

इंडिपेंडेंस पावर अप बिस्किट की लॉन्चिंग को और ज्यादा असरदार बनाने के लिए आरसीपीएल (RCPL) ने अजित कुमार रेसिंग के साथ ब्रांड पार्टनरशिप की है. इस रणनीतिक साझेदारी के जरिए प्रोडक्ट की खास पहचान को मोटरस्पोर्ट्स की हाई-परफॉर्मेंस सोच और एनर्जी के साथ जोड़ा गया है. इसका सीधा उद्देश्य तमिलनाडु के बाजार में ब्रांड की मौजूदगी को मजबूत करना और उपभोक्ताओं के बीच तेजी से जागरूकता फैलाना है, जिससे बिस्किट पोर्टफोलियो को रफ्तार मिल सके.

ओमनीचैनल नेटवर्क से होगी बिक्री

ग्राहकों को ये नए बिस्किट आसानी से उपलब्ध कराने के लिए कंपनी ने मजबूत ओमनीचैनल नेटवर्क तैयार किया है. यह नई रेंज जनरल ट्रेड, नेशनल और रीजनल मॉडर्न ट्रेड, ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स, रिलायंस रिटेल के स्टोर्स और होलसेल चैनलों के जरिए उपलब्ध होगी. इससे राज्य के कोने-कोने तक बिस्किट की पहुंच सुनिश्चित होगी.

दोहरी रणनीति पर काम कर रही है RCPL

रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (RCPL), रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड की एफएमसीजी इकाई है. कंपनी का फोकस उपभोक्ता ब्रांड विकसित करने और पूरे भारत में लोगों तक गुणवत्तापूर्ण उत्पादों को किफायती कीमतों पर पहुंचाने पर है. अपने विभिन्न ब्रांडों के माध्यम से RCPL उपभोक्ताओं की जरूरतों की समझ, उत्पादों में नवाचार और अलग-अलग श्रेणियों में किफायती पेशकश को एक साथ लाने का प्रयास करती है. आरसीपीएल अपने बिस्किट कारोबार को आगे बढ़ाने के लिए दोहरी रणनीति पर काम कर रही है.

इंडिपेंडेंस रोजमर्रा में खाए जाने वाले और खास स्वाद वाले बिस्किट की व्यापक रेंज के जरिए कारोबार को बड़े स्तर पर पहुंचाने में मदद करता है. वहीं, RCPL का जॉइंट वेंचर पार्टनर और श्रीलंका की प्रमुख बिस्किट निर्माता कंपनी मालिबन (Maliban) अपने अनुभव और विरासत के जरिए अलग पहचान वाले प्रीमियम उत्पाद पेश करती है. दोनों ब्रांड मिलकर उपभोक्ताओं की अलग-अलग पसंद और जरूरतों को पूरा करते हैं. इससे RCPL ऐसा उत्पाद पोर्टफोलियो तैयार कर रही है, जिसमें व्यापक पहुंच के साथ-साथ उत्पादों की विशिष्टता भी शामिल हो.

(डिस्क्लेमर – नेटवर्क18 और टीवी18 कंपनियां चैनल/वेबसाइट का संचालन करती हैं, जिनका नियंत्रण इंडिपेंडेट मीडिया ट्रस्ट करता है, जिसमें रिलायंस इंडस्ट्रीज एकमात्र लाभार्थी है.)



Source link