Last Updated:
Atiq Ahmed Gang News: प्रयागराज में माफिया अतीक अहमद के गैंग के बीच जमीन को लेकर खूनी संघर्ष और सरेआम मारपीट का मामला सामने आया है. इस हाई-वोल्टेज झड़प का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें अतीक अहमद की बहन के दामाद और उनके सहयोगियों पर गंभीर आरोप लगे हैं. कसारी-मसारी निवासी रमीज अहमद की तहरीर पर धूमनगंज थाने में खालिद जफर, इरफान और डॉक्टर समेत कई लोगों के खिलाफ सिर फोड़ने और धमकाने का मुकदमा दर्ज किया गया है. वहीं, दूसरे पक्ष से भी काउंटर शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसमें दोनों पक्ष एक-दूसरे को अतीक गैंग का भू माफिया बता रहे हैं.
आपस में भिड़े अतिक के गैंग के गुर्गे. (वीडियो ग्रैब)
प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है. कुख्यात माफिया अतीक अहमद के गैंग से जुड़े लोग आपस में ही भिड़ गए. जमीन से जुड़े एक पुराने विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले और सरेआम मारपीट हुई. इस पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें खुलेआम गुंडागर्दी और मारपीट साफ तौर पर देखी जा सकती है. इस खूनी संघर्ष के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. दोनों पक्षों की ओर से पुलिस में एक-दूसरे के खिलाफ गंभीर शिकायतें दर्ज कराई गई हैं.
मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा विवाद कसारी मसारी इलाके में जमीन के एक टुकड़े को लेकर चल रहा था. इसी जमीन के कब्जे और वर्चस्व को लेकर अतीक अहमद के गैंग से जुड़े लोग आमने-सामने आ गए. मामले में कसारी मसारी निवासी रमीज अहमद ने धूमनगंज थाने में तहरीर देकर गंभीर आरोप लगाए हैं. रमीज की शिकायत के मुताबिक, अतीक अहमद की बहन के दामाद खालिद जफर, इरफान और एक डॉक्टर समेत कई अज्ञात लोगों ने मिलकर उसके साथ न केवल मारपीट की, बल्कि जान से मारने की नीयत से धमकी दी और पिस्टल की बट से मारकर उसका सिर फोड़ दिया.
एक-दूसरे को बता रहे अतीक गैंग का भू-माफिया
इस हाई-वोल्टेज विवाद में मामला सिर्फ एक पक्ष तक सीमित नहीं है. दूसरे पक्ष से भी जवाबी कार्रवाई सामने आई है. दूसरे पक्ष के इरफान ने पुलिस को दी गई शिकायत में इरशाद, एखलाक और रमीज अहमद के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं. हैरानी की बात यह है कि इस आपसी घमासान में दोनों ही पक्ष एक-दूसरे को कुख्यात माफिया अतीक अहमद के गैंग का सक्रिय मेंबर और शातिर भूमाफिया करार दे रहे हैं. वर्चस्व की इस लड़ाई और संपत्ति के लालच में दोनों तरफ से लगातार धमकियां और हमलों का दौर जारी है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी दहशत का माहौल है.
वीडियो के आधार पर हो रही जांच- धूमनगंज पुलिस
सरेआम हुई इस मारपीट और वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए धूमनगंज थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की फुटेज की बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि मौके पर मौजूद सभी उपद्रवियों की पहचान की जा सके. पुलिस यह भी खंगाल रही है कि जमीन के इस विवाद के पीछे असल मास्टरमाइंड कौन है और अतीक अहमद के नेटवर्क से जुड़े कौन-से लोग इस अवैध कब्जे में संलिप्त हैं. फिलहाल, पुलिस की टीमें आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश दे रही हैं और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई तेजी से की जा रही है.