Last Updated:
2027 का विधानसभा चुनाव कितना महत्वपूर्ण और दिलचस्प होने वाला है, इसका अंदाजा राजनीतिक दलों की प्लानिंग और तैयारियों से पता चल रहा है. एक तरफ जहां समाजवादी पार्टी सियासी समीकरण साधने में लगी है तो वहीं दूसरी तरफ बीजेपी पदयात्रा और रैलियों के सहारे चुनाव जीतने की कोशिश में लगी है. इसी क्रम में बीजेपी ने 2027 मिशन के लिए कमीशनरी लेवल पर पीएम मोदी की रैलियों का आयोजन करेगी.
पीएम मोदी और अमित शाह की यूपी में ताबड़तोड़ रैली.
लखनऊः उत्तर प्रदेश में भले ही अगले साल चुनाव होगा. लेकिन राजनीतिक दलों की तैयारियां और रफ्तार पकड़ रही हैं. इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी ने 2027 के चुनाव में जीत हासिल करने के लिए अपनी कमर कस ली है. मंगलवार से बीजेपी पदयात्राओं के जरिए विपक्ष को घेरने का अभियान चलाएगी. विपक्ष को घेरने के लिए बीजेपी ने पदयात्रा की प्लानिंग कर ली है. भाजपा प्रदेश के सभी छह संगठनात्मक क्षेत्रों में ‘ लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ‘ पदयात्राएं निकालेगी. पदयात्राओं में सीएम योगी आदित्यनाथ, पंकज चौधरी, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और डिप्टी सीएम बृजेश पाठक मौजूद रहेंगे. बीजेपी की पदयात्राओं में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, जेपी नड्डा और शिवराज सिंह चौहान भी मौजूद रहेंगे. पदयात्रा में लगभग 25 हजार या उससे अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है.
कब कौन किस पदयात्रा में होगा शामिल
तीन नवंबर को अवध क्षेत्र की पदयात्रा लखनऊ में होगी. अवध क्षेत्र की पदयात्रा में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान रहेंगे. 3 नवंबर ब्रज क्षेत्र की पदयात्रा बरेली में होगी, जिसमें केंद्रीय मंत्री और पूर्व भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शामिल होंगे. चार नवंबर को गोरखपुर क्षेत्र की पदयात्रा में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी मौजूद रहेंगे. इसी दिन 4 नवंबर को काशी क्षेत्र की पदयात्रा प्रयागराज में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य तथा कानपुर क्षेत्र की पदयात्रा में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक शामिल होंगे. पांच नवंबर को पश्चिम क्षेत्र की पदयात्रा गाजियाबाद में होगी, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल होंगे.
मिशन-2027 का मोर्चा संभालेंगे पीएम मोदी और अमित शाह
इसके अलावा यूपी में मिशन-2027 के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह मोर्चा संभालेंगे. यूपी की हर कमिश्नरी में पीएम मोदी की रैली होगी. यूपी BJP के लिए चुनावी माहौल बनाने का मोर्चा खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह संभालेंगे. प्रधानमंत्री हर कमिश्नरी में चुनावी रैलियां करेंगे. गृहमंत्री अमित शाह भी प्रदेशभर में चुनावी सभाएं करेंगे. भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं की भी सभाएं और कार्यक्रम होंगे. 20 नवंबर के बाद कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू हो जाएगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कमिश्नरी स्तर पर रैली कराने का फैसला किया गया है. गृहमंत्री अमित शाह पहले चरण में क्षेत्रवार सभाओं और बूथ सम्मेलनों के जरिए कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे. नितिन नवीन, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित अन्य नेताओं की भी रैलियां और कार्यक्रम होंगे.