धनतेरस की रात करें ये उपाय, मां लक्ष्मी की कृपा से सालभर भरी रहेगी तिजोरी!
Last Updated:
Dhanteras Upay: धनतेरस पर मां लक्ष्मी की कृपा पाने के लिए 13 दीपक जलाने, कौड़ियां रखने और लौंग अर्पित करने की मान्यता है. ज्योतिषाचार्य आनंद भारद्वाज के अनुसार, इस दिन सफेद वस्तुओं का दान और शंख के जल का छिड़काव भी शुभ माना जाता है.
उज्जैन. हिंदू धर्म में धनतेरस का पर्व सुख-समृद्धि और धन-वैभव का प्रतीक माना जाता है. इसी दिन से दीपावली के पांच दिवसीय उत्सव की शुरुआत होती है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, धनतेरस पर भगवान धन्वंतरि, माता लक्ष्मी, भगवान गणेश और कुबेर देव की पूजा करने का विशेष महत्व है. माना जाता है कि विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने और कुछ खास उपाय अपनाने से घर में सुख-समृद्धि आती है और आर्थिक परेशानियां दूर होने की मान्यता है. आइए उज्जैन के ज्योतिषाचार्य आनंद भारद्वाज से जानते हैं कि इस बार धनतेरस पर्व कब मनाया जाएगा और इस दिन कौन से उपाय करना शुभ माना जाता है.
वैदिक पंचांग के अनुसार, इस साल कार्तिक कृष्ण त्रयोदशी तिथि 6 नवंबर को सुबह 10 बजकर 30 मिनट से शुरू होगी और अगले दिन 7 नवंबर को सुबह 10 बजकर 47 मिनट पर खत्म होगी. उदयातिथि के आधार पर कार्तिक कृष्ण त्रयोदशी तिथि 7 नवंबर शनिवार को है लेकिन धन त्रयोदशी या धनतेरस पर्व 6 नवंबर दिन शुक्रवार को मनाया जाएगा. शुक्रवार को माता लक्ष्मी की विशेष पूजा की जाती है और धनतेरस इस दिन के महत्व को और अधिक बढ़ा देता है.
सूर्यास्त के बाद जलाएं 13 दीपक
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, धनतेरस के दिन सूर्यास्त के बाद 13 दीपक जलाने चाहिए और इनके पास 13 कौड़ियां रखनी चाहिए. मान्यता है कि आधी रात को इन कौड़ियों को घर के किसी कोने में रखने से धन संबंधी परेशानियां दूर होती हैं और मां लक्ष्मी की कृपा बनी रहती है. वहीं आर्थिक तंगी से छुटकारा पाने के लिए धनतेरस से दीपावली तक रोजाना मां लक्ष्मी की विधि-विधान से पूजा करें. इस दौरान माता रानी को एक जोड़ा लौंग अर्पित कर सुख-समृद्धि और धन वृद्धि की प्रार्थना करें.
शंख में जल भरकर घर में करें छिड़काव
यदि लंबे समय से आपके काम अटके हुए हैं या धन प्राप्ति में बार-बार रुकावटें आ रही हैं, तो धनतेरस के दिन कुछ विशेष उपाय कर सकते हैं. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन चीनी, बताशे, खीर और चावल जैसी सफेद वस्तुओं का दान करना शुभ माना जाता है. इससे जीवन की बाधाएं दूर होने की मान्यता है. इसके अलावा, धनतेरस की पूजा से पहले और बाद में दक्षिणावर्ती शंख में जल भरकर पूरे घर में छिड़काव करें. मान्यता है कि इससे मां लक्ष्मी का आगमन होता है और घर में सुख-समृद्धि बनी रहती है.