Last Updated:
Narmadapurm Chori Video: नर्मदापुरम के सराफा बाजार स्थित राज ज्वेलर्स से एक नकाबपोश महिला लगभग 28 लाख रुपये का सोना चुराकर भाग गई. महिला ने जेवर देखने के बहाने दुकान मालिक को अंदर कमरे में बंद कर दिया और काउंटर से 200 ग्राम सोना ले उड़ी. यह घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है.
Narmadapuram News: मध्य प्रदेश में नर्मदापुरम के व्यस्ततम सराफा बाजार स्थित राज ज्वेलर्स में चोरी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. सोमवार को हरे रंग की साड़ी पहने और चेहरे पर कपड़ा बांधकर आई करीब 25 वर्ष की नकाबपोश महिला ने दुकान से लगभग 28 लाख रुपये कीमत का सोना पार कर दिया. इस घटना का सीसीटीवी फुटेज तेजी से वायरल हो गया है. वीडियो में चोरी देखने वाले हैरान हैं.
खरीदार बनकर दाखिल हुई थी महिला
दुकान के मालिक आशीष जैन के अनुसार, यह घटना सोमवार 2 नवंबर की है. महिला जेवर खरीदने के बहाने दुकान में दाखिल हुई थी. उसने पहले कुछ डिजाइन देखे. इसके बाद उसने कुछ और नए डिजाइन दिखाने की मांग की. आशीष जैन जैसे ही अंदर के कमरे से अन्य जेवर लेने गए, महिला ने मौका पाकर बाहर से दरवाजे की कुंडी बंद कर दी.
काउंटर से उठाया 200 ग्राम सोना
दरवाजे की कुंडी बंद करने के बाद महिला ने काउंटर पर रखा लगभग 200 ग्राम सोने का स्टॉक उठाया और मौके से फरार हो गई. दुकानदार अंदर ही बंद रह गए. यह पूरी वारदात दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है.
सराफा व्यापारियों में भारी आक्रोश
दिनदहाड़े हुई इस चोरी की खबर फैलते ही पूरे सराफा बाजार में हड़कंप मच गया. घटना से आक्रोशित सराफा व्यापारी तुरंत एकजुट हो गए. व्यापारी पहले कोतवाली थाने पहुंचे. इसके बाद उन्होंने एसपी कार्यालय जाकर सुरक्षा व्यवस्था पर कड़ी नाराजगी जताई.
पुलिस एक्टिव मोड में, साइबर टीम भी जुटी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस एक्टिव मोड में आ गई है. कोतवाली टीआई गौरव सिंह बुंदेला ने बताया कि फुटेज में दिख रही संदिग्ध महिला की शिनाख्त के प्रयास तेज कर दिए गए हैं. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया और आसपास के जिलों में भी साझा कर दिए हैं, ताकि आरोपी महिला को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके. महिला सराफा बाजार में लगे कुछ अन्य सीसीटीवी कैमरों में भी भागते हुए नजर आई है. फिलहाल पुलिस टीम उसे पकड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है और साइबर टीम महिला के संभावित ठिकानों व सुरागों का पता लगाने में जुटी हुई है.