नई दिल्ली. IPL 2027 से पहले हार्दिक पंड्या मुंबई इंडियंस में ही रहेंगे या किसी और टीम में जाएंगे? इसे लेकर लंबे समय से अटकलों का बाजार गर्म है. अब एक बार फिर उनके कोलकाता नाइट राइडर्स में जाने की चर्चाएं तेज हो गई हैं. रिपोर्ट्स की मानें तो मुंबई ने स्टार ऑलराउंडर को रिलीज करने के बदले केकेआर से दो युवा भारतीय खिलाड़ियों की मांग की है. स्टार बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी और तेज गेंदबाज हर्षित राणा. दूसरी ओर, केकेआर को नए कप्तान की तलाश है और इस भूमिका में हार्दिक एक मजबूत विकल्प बनकर सामने आए हैं. मुंबई और केकेआर के बीच होने वाली ये ट्रेड लगभग तय है. पेंच सिर्फ अंगकृष रघुवंशी को लेकर फंसा है. अगर केकेआर उन्हें छोड़ने के लिए तैयार हो जाती है, तो हार्दिक के केकेआर में आने का रास्ता आसान हो जाएगा.
मुंबई ने अंगकृष और हर्षित को मांगा
‘द टेलीग्राफ’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ‘मुंबई इंडियंस हार्दिक पंड्या के बदले हर्षित राणा और अंगकृष रघुवंशी को अपनी टीम में शामिल करना चाहती है. मुंबई को एक भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज की जरूरत है और अंगकृष इस कमी को दूर कर सकते हैं. युवा बल्लेबाज घरेलू क्रिकेट में भी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और उन्हें भविष्य के बड़े खिलाड़ियों में गिना जा रहा है.’
KKR के लिए अहम दोनों खिलाड़ी
बता दें कि हर्षित राणा केकेआर के लिए अहम तेज गेंदबाज रहे हैं. उन्होंने 2024 में फ्रेंचाइजी को खिताबी जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी. ऐसे में इन दोनों खिलाड़ियों को छोड़ना कोलकाता के लिए आसान फैसला नहीं होगा. खासकर अंगकृष को लेकर टीम असमंजस में है, क्योंकि वह आने वाले सीजन में केकेआर की बल्लेबाजी के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं.
कप्तानी के लिए हार्दिक पर केकेआर की नजर
अजिंक्य रहाणे के संन्यास के बाद केकेआर को कप्तानी के लिए नए ऑप्शन की तलाश है. हार्दिक पंड्या इस जिम्मेदारी के लिए एक दम फिट बैठते हैं. उनकी कप्तानी में गुजरात टाइटंस ने 2022 में अपने पहले ही सीजन में आईपीएल खिताब जीता था. हालांकि, मुंबई इंडियंस के साथ उनका दूसरा कार्यकाल उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा. हार्दिक फिटनेस और चोटों को लेकर भी सवालों के घेरे में हैं. वह आईपीएल 2026 के बाद से कोई मैच नहीं खेले हैं. अगर मुंबई से यह डील होती है, तो हार्दिक को केकेआर में कप्तानी की जिम्मेदारी मिल सकती है.
नारायण, वरुण और रिंकू से कोई समझौता नहीं
हार्दिक के लिए मुंबई की मांगों के बीच केकेआर ने अपने कुछ बड़े खिलाड़ियों को ट्रेड से बाहर रखा है. टीम सुनील नारायण, वरुण चक्रवर्ती और रिंकू सिंह को किसी भी कीमत पर छोड़ना नहीं चाहती. ये तीनों खिलाड़ी केकेआर की ताकत हैं. नारायण और वरुण स्पिन गेंदबाजी में अहम भूमिका निभाते हैं, जबकि उपकप्तान रिंकू सिंह फिनिशर के तौर पर टीम के लिए मैच पलटने की क्षमता रखते हैं.
राजस्थान और चेन्नई से क्या बातचीत?
मुंबई इंडियंस ने राजस्थान रॉयल्स से ओपनर बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और स्पिनर रवि बिश्नोई को लेने की कोशिश की है. हालांकि, इस बातचीत में अभी तक खास रुचि नजर नहीं आ रही है. चेन्नई सुपर किंग्स भी हार्दिक के ट्रेड को लेकर पूरी तरह पीछे नहीं हटी है, लेकिन सीएसके उन्हें कप्तानी देने की स्थिति में नहीं होगी. इस वजह से शायद इस डील पर बात न बने. मुंबई की नजर चेन्नई के युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे पर भी है, मगर फ्रेंचाइजी ने इस मांग को साफ तौर पर खारिज कर दिया है.
15 नवंबर तक रिटेंशन, फिर ट्रेड पर फैसला
आईपीएल 2027 के लिए टीमों को 15 नवंबर तक अपनी रिटेंशन लिस्ट सौंपनी है, जबकि मिनी-ऑक्शन 16 दिसंबर को गोवा में होने की संभावना है. ट्रेड विंडो भी ऑक्शन से एक सप्ताह पहले बंद हो जाएगी. मुंबई ऑक्शन से पहले हार्दिक के भविष्य पर फैसला करना चाहती है, ताकि टीम अपने रिटेन किए जाने वाले खिलाड़ियों को लेकर स्पष्ट योजना बना सके. अब पूरी डील का दारोमदार अंगकृष रघुवंशी पर है. अगर केकेआर उन्हें हार्दिक के बदले देने के लिए तैयार हो जाती है, तो मुंबई और कोलकाता के बीच बड़ा ट्रेड तय है. केकेआर के साथ बातचीत इस सप्ताह फिर शुरू हो सकती है.