Pakistan Afghanistan Tension News: पाकिस्तान की धमकी से नहीं झुका अफगानिस्तान, तालिबान ने उल्टा इस्लामाबाद को घेरा, सीमा पर फिर बढ़ा तनाव


Last Updated:

Pakistan Afghanistan Tension: पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव फिर बढ़ गया है. पाकिस्तान ने अफगान तालिबान सरकार को चेतावनी दी है कि वह अपनी जमीन से होने वाली कथित आतंकी गतिविधियों को रोके, वरना इस्लामाबाद अपनी सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठा सकता है. पाकिस्तान ने TTP के अफगानिस्तान में सक्रिय होने का आरोप लगाया है.

Top Deals Inside

पाकिस्तान की धमकी से नहीं झुका अफगानिस्तान, तालिबान ने इस्लामाबाद को घेराZoom

पाकिस्तान ने तालिबान को दी चेतावनी.

इस्लामाबाद: पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ता दिख रहा है. इस्लामाबाद ने अफगान तालिबान सरकार को चेतावनी दी है कि अगर अफगानिस्तान की जमीन से पाकिस्तान में हमले जारी रहे, तो वह अपनी सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने का अधिकार रखता है. पाकिस्तान ने आतंकवाद को अपनी ‘रेड लाइन’ बताते हुए कहा है कि वह अपनी सुरक्षा को लेकर कोई समझौता नहीं करेगा. दूसरी तरफ, अफगान तालिबान ने पाकिस्तान के आरोपों को खारिज करते हुए उसी की नीतियों को दोनों देशों के बीच तनाव की वजह बताया है. पाकिस्तान के सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने शनिवार रात एक कड़ा बयान जारी किया. इसमें अफगान तालिबान नेतृत्व पर आरोप लगाया गया कि वह अफगानिस्तान की जमीन से संचालित हो रही आतंकी गतिविधियों पर कार्रवाई करने के बजाय इस्लामाबाद पर ही रिश्ते बिगाड़ने का आरोप लगा रहा है.

पाकिस्तान ने तालिबान को क्या चेतावनी दी?

पाकिस्तान के मंत्रालय ने कहा कि आतंकवाद उसकी सुरक्षा के लिए सबसे बड़ा मुद्दा है और उसके नागरिकों की जान की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता. बयान में कहा गया कि अफगान तालिबान को यह समझना होगा कि पाकिस्तान अपनी सीमा के पार मौजूद ऐसे ठिकानों को बर्दाश्त नहीं करेगा, जहां से उसकी सुरक्षा को नुकसान पहुंच सकता है. मंत्रालय ने यह भी कहा कि पाकिस्तान की सुरक्षा को अफगान तालिबान सरकार की कथित निष्क्रियता, टालमटोल या गलत प्राथमिकताओं के भरोसे नहीं छोड़ा जा सकता. बयान के मुताबिक, पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा पहुंचाने वाली गतिविधियों के खिलाफ जरूरी कदम उठाने का अधिकार रखता है.

अफगान तालिबान ने पाकिस्तान को ठहराया जिम्मेदार

पाकिस्तान का यह बयान अफगान तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद की टिप्पणियों के जवाब में आया. मुजाहिद ने शनिवार को Hurriyat Radio को दिए इंटरव्यू में कहा था कि पाकिस्तान अफगानिस्तान के साथ तनाव खत्म करने के लिए बातचीत को लेकर गंभीर नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि इस्लामाबाद की गलत नीतियां दोनों देशों के बीच विवाद सुलझने नहीं दे रही हैं. मुजाहिद ने यह भी कहा कि पाकिस्तान जिन आतंकवाद विरोधी मुद्दों का हवाला दे रहा है, उनके लिए अफगानिस्तान जिम्मेदार नहीं है. इससे पहले भी अफगान तालिबान ने कहा है कि वह अपनी जमीन का इस्तेमाल किसी दूसरे देश के खिलाफ नहीं होने देता. यानी दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं और सीमा पार आतंकवाद का मुद्दा तनाव की बड़ी वजह बना हुआ है.

TTP को लेकर क्यों बढ़ा है विवाद?

दोनों देशों के बीच तनाव की एक बड़ी वजह तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) है. पाकिस्तान का आरोप है कि यह संगठन अफगानिस्तान की जमीन से अपनी गतिविधियां चलाता है और वहां से पाकिस्तान के अंदर हमले करता है. अफगान तालिबान इन आरोपों को लगातार खारिज करता रहा है. उसका कहना है कि अफगानिस्तान की जमीन किसी दूसरे देश के खिलाफ इस्तेमाल नहीं होने दी जाती. इस विवाद के बीच दोनों देशों की सीमा पर कई बार झड़पें हो चुकी हैं.



Source link