Jhunjhunu News: कहीं शह तो कहीं मात, मंडावा में सजी शतरंज की बिसात, 180 खिलाड़ी दिखा रहे दमखम


Last Updated:

Mandawa Chess Competition: झुंझुनूं के मंडावा में दो दिवसीय छठी राज्यस्तरीय शतरंज प्रतियोगिता का आगाज हुआ. प्रतियोगिता में राजस्थान के विभिन्न जिलों से 180 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें करीब 50 महिला खिलाड़ी भी शामिल हैं. महाजन पंचायत भवन में खिलाड़ियों के बीच शह और मात के रोमांचक मुकाबले हो रहे हैं.

Top Deals Inside

मंडावा में दिमागी जंग शुरू, 50 महिला खिलाड़ियों समेत 180 खिलाड़ी दिखा रहे दमखमZoom

मंडावा शतरंज प्रतियोगिता

झुंझुनूं. राजस्थान की हेरिटेज नगरी मंडावा में इन दिनों शतरंज की बिसात पर रोमांचक मुकाबले देखने को मिल रहे हैं. मंडावा चेस क्लब के तत्वावधान में दो दिवसीय छठी राज्यस्तरीय शतरंज प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ. नगर पालिका चौक स्थित महाजन पंचायत भवन परिसर में आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए 180 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं. खास बात यह है कि प्रतियोगिता में करीब 50 महिला खिलाड़ी भी अपनी प्रतिभा और रणनीतिक कौशल का प्रदर्शन कर रही हैं.

प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर शिक्षाविद बजरंग लाल धाबाई ने विधिवत उद्घाटन किया. वहीं अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के जिला अध्यक्ष रामस्वरूप देवड़ा ने शतरंज की पहली चाल चलकर मुकाबलों की शुरुआत की. उद्घाटन के साथ ही प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों के बीच मुकाबलों का सिलसिला शुरू हो गया. खिलाड़ी अपनी सूझबूझ, एकाग्रता और रणनीति के दम पर प्रतिद्वंद्वी को मात देने की कोशिश कर रहे हैं.

प्रदेश के कई संभागों से पहुंचे खिलाड़ी

इस राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में जयपुर, जोधपुर, बीकानेर और भरतपुर संभाग सहित राजस्थान के विभिन्न हिस्सों से खिलाड़ी मंडावा पहुंचे हैं. प्रतियोगिता में अनुभवी खिलाड़ियों के साथ युवा प्रतिभागी भी अपनी खेल क्षमता दिखा रहे हैं. शतरंज के हर मुकाबले में खिलाड़ियों को अपनी अगली चाल सोच-समझकर चलनी पड़ रही है. ऐसे में महाजन पंचायत भवन परिसर में दिनभर रोमांचक मुकाबलों का माहौल बना हुआ है.

महिला खिलाड़ियों की भागीदारी भी खास

प्रतियोगिता में करीब 50 महिला खिलाड़ियों की भागीदारी आयोजन को और खास बना रही है. महिला खिलाड़ी भी पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं. आयोजकों का कहना है कि इस तरह के आयोजन से युवाओं और महिलाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बेहतर मंच मिलता है. साथ ही शतरंज जैसे बौद्धिक खेल के प्रति लोगों की रुचि भी बढ़ती है.

हेरिटेज नगरी में बौद्धिक खेल का आयोजन

आयोजकों ने बताया कि मंडावा अपनी ऐतिहासिक हवेलियों और सांस्कृतिक विरासत के लिए देश-दुनिया में पहचान रखता है. ऐसे में यहां शतरंज जैसे बौद्धिक खेल की राज्यस्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन शहर के लिए गौरव की बात है. इससे मंडावा को खेल गतिविधियों के क्षेत्र में भी नई पहचान मिलेगी. दो दिवसीय इस आयोजन को सफल बनाने में मंडावा चेस क्लब के अध्यक्ष बाबूलाल कुमावत सहित क्लब के सदस्य और अन्य सहयोगी जुटे हुए हैं. प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के बीच कड़े मुकाबले देखने को मिल रहे हैं.



Source link