Last Updated:
Gold-Silver Weekly Price : त्योहारी सीजन में सोने और चांदी की कीमतों ने बैक गियर लगा दिया है. अंतरराष्ट्रीय और घरेलू स्तर पर बने दबाव के चलते दोनों कीमती धातुओं का रेट इस सप्ताह गिरा है. इस कारोबारी हफ्ते में चांदी के दाम तो 13,000 रुपये प्रति किलो से ज्यादा टूट गए. वहीं सोने का भाव भी 1,500 रुपये से अधिक गिर गया.
इंडिया बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के ताजा आंकड़ों के अनुसार, 24 कैरेट सोने की कीमत हफ्ते के दौरान 1,576 रुपये टूटकर 1,40,054 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गई है. पिछले सप्ताह यह 1,41,630 रुपये प्रति 10 ग्राम थी. हफ्तेभर में आई यह गिरावट ब्याह-शादी के लिए गहने खरीदने वालों के लिए बड़ी राहत है.
22 कैरेट और 18 कैरेट सोने की कीमतों में भी अच्छी-खासी कमी दर्ज की गई है. 22 कैरेट सोने का भाव पहले के 1,29,733 रुपये से घटकर अब 1,28,289 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ चुका है. इससे शादी-ब्याह के लिए जेवर बनवाने वालों को सीधा फायदा मिलेगा. वहीं हल्के और ट्रेंडी आभूषणों में इस्तेमाल होने वाला 18 कैरेट सोना भी 1,06,223 रुपये से घटकर 1,05,041 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया है.
हफ्ते के दौरान सोने का उच्चतम स्तर 28 अक्टूबर के सुबह के सत्र में दर्ज किया गया था, जब इसके दाम 1,42,300 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गए थे. हालांकि इसके बाद आई तेज बिकवाली के चलते 30 अक्टूबर के शाम के सत्र में सोना हफ्ते के सबसे निचले स्तर यानी 1,40,054 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ.
Add News18 as
Preferred Source on Google
चांदी की कीमतों में इस हफ्ते रिकॉर्ड तोड़ गिरावट देखने को मिली है. एक किलो चांदी का भाव सीधे 13,071 रुपये लुढ़ककर 1,81,344 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गया है, जबकि पहले इसका भाव 1,94,415 रुपये प्रति किलो पर चल रहा था. एक ही हफ्ते में 13 हजार रुपये से ज्यादा की यह गिरावट हाल के महीनों में देखी गई सबसे बड़ी गिरावटों में से एक है.
इस पूरे हफ्ते चांदी में उतार-चढाव देखने को मिला. 26 अक्टूबर को सुबह के कारोबारी सत्र में चांदी अपने हफ्ते के उच्चतम स्तर 1,95,050 रुपये प्रति किलो पर कारोबार कर रही थी. लेकिन जैसे-जैसे वैश्विक दबाव बढ़ा, कीमतों में भारी बिकवाली शुरू हो गई और 30 अक्टूबर की शाम तक यह गिरकर हफ्ते के न्यूनतम स्तर 1,81,344 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई.
अंतरराष्ट्रीय बाजार की बात करें तो वहां भी दोनों बहुमूल्य धातुओं की चमक इस हफ्ते काफी फीकी नजर आई. ग्लोबल मार्केट में सोने का भाव फिसलकर करीब 3,885 डॉलर प्रति औंस के आसपास आ गया, जबकि चांदी लुढ़ककर लगभग 49 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर आ गई.
बाजार के जानकारों और कमोडिटी एक्सपर्ट्स के अनुसार, सोने और चांदी में आई इस तेज गिरावट की मुख्य वजह अमेरिका और ईरान के बीच गहराता भू-राजनीतिक तनाव है. अमेरिका द्वारा ईरान पर किए जा रहे लगातार हमलों के बीच वैश्विक अर्थव्यवस्था में अनिश्चितता बढ़ी है. इसके साथ ही डॉलर इंडेक्स के मजबूत होने और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल 110 डॉलर प्रति बैरल के पार टिक जाने से वित्तीय समीकरण बदल गए हैं.
इंडिया बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन रोजाना दो बार, सुबह और शाम के सत्र में सोने और चांदी के रेट जारी करता है. आईबीजेए द्वारा जारी किए जाने वाले ये दाम टैक्स और मेकिंग चार्ज के बिना होते हैं, इसलिए स्थानीय ज्वेलर्स के यहां जीएसटी और मेकिंग चार्ज जुड़ने के बाद अंतिम बिलिंग अलग हो सकती है.