Last Updated:
हॉलीवुड के दिग्गज फिल्ममेकर माइकल मान के साथ एक हादसा हो गया है. 83 साल के डायरेक्टर लॉस एंजिलिस की एक गन रेंज में टारगेट प्रैक्टिस कर रहे थे, तभी गलती से गोली चल गई और उनके पैर में चोट लग गई. उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, हालांकि चोट मामूली होने के कारण इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई. माइकल मान इन दिनों अपनी चर्चित फिल्म ‘हीट 2’ को लेकर भी चर्चा में हैं.
बाल-बाल बची डायरेक्टर की जान
नई दिल्ली. हॉलीवुड के मशहूर फिल्ममेकर माइकल मान से जुड़ी एक खबर सामने आई है. 83 साल के माइकल मान लॉस एंजिलिस की एक गन रेंज में टारगेट प्रैक्टिस कर रहे थे, तभी गलती से गोली चल गई और उनके पैर में चोट लग गई. घटना के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया. हालांकि, राहत की बात यह है कि उनकी चोट मामूली थी और इलाज के बाद उन्हें छुट्टी भी दे दी गई.
‘वैरायटी’ की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना शनिवार शाम करीब 4 बजे हुई. उस वक्त माइकल मान गन रेंज में मौजूद थे. बताया जा रहा है कि वह अपनी बंदूक को होल्स्टर में रखने की कोशिश कर रहे थे, तभी अचानक फायरिंग हो गई और गोली उनके पैर में लग गई. लॉस एंजिलिस पुलिस विभाग ने भी इस घटना की जानकारी दी है. पुलिस के अनुसार, सूचना मिलने के समय फिल्ममेकर की हालत स्थिर थी.
‘हीट’, ‘कोलैटरल’ जैसी फिल्मों से बनाई पहचान
माइकल मान के प्रतिनिधियों ने भी बयान जारी कर बताया कि गन रेंज में हथियार से गलती से गोली चलने के कारण उन्हें हल्की चोट आई थी. उनका इलाज किया गया और इसके बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई. माइकल मान लंबे समय से टारगेट शूटिंग करते रहे हैं और उन्हें इस क्षेत्र का अनुभवी माना जाता है. माइकल मान हॉलीवुड के जाने-माने डायरेक्टर्स में शामिल हैं. उन्होंने ‘हीट’, ‘थीफ’, ‘मैनहंटर’, ‘कोलैटरल’ और ‘द इनसाइडर’ जैसी फिल्मों का निर्देशन किया है. उनकी पिछली फिल्म ‘फेरारी’ थी, जिसमें एडम ड्राइवर ने मशहूर कार निर्माता एन्जो फेरारी का किरदार निभाया था. वहीं, पेनेलोप क्रूज उनकी पत्नी लॉरा के रोल में नजर आई थीं.
‘हीट 2’ पर काम कर रहे हैं माइकल मान
माइकल मान इन दिनों अपनी चर्चित फिल्म ‘हीट’ के सीक्वल ‘हीट 2’ को लेकर भी चर्चा में हैं. साल 1995 में आई ‘हीट’ में अल पचीनो और रॉबर्ट डी नीरो ने अहम भूमिकाएं निभाई थीं. फिल्म की कहानी लॉस एंजिलिस पुलिस के जासूस विंसेंट हैना और पेशेवर चोर नील मैककॉली के बीच टकराव के इर्द-गिर्द घूमती है. ‘हीट 2’ की कहानी माइकल मान के साल 2022 में आए इसी नाम के उपन्यास पर आधारित है. इस किताब को उन्होंने मेग गार्डिनर के साथ मिलकर लिखा था. आने वाली फिल्म को पहली कहानी का सीक्वल और प्रीक्वल, दोनों बताया जा रहा है. इसमें कुछ किरदारों के शुरुआती दौर की कहानी भी देखने को मिलेगी.