सीरीज जीत गए, लेकिन आखिरी 2 मैच में कहां चूका भारत? श्रेयस अय्यर ने वजह बताई
Last Updated:
shreyas iyer statement: न्यूजीलैंड दौरे पर गई भारतीय टीम ने 5 मैचों की टी20 सीरीज में 3-2 से जीत दर्ज की. कप्तान श्रेयस अय्यर इस सीरीज जीत से खुश जरूर हैं, लेकिन उन्होंने हार की वजहों पर भी बात की. अय्यर ने माना की आखिरी दो मुकाबलों में कहीं न कहीं गेंदबाजी हार का बड़ा कारण रही. कुल मिलाकर अय्यर ने इस सीरीज को सीखने का एक बेहतरीन अनुभव बताया.
न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज जीतकर क्या बोले श्रेयस अय्यर?
नई दिल्ली. भारतीय टी20 टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज जीतकर खुश हैं, लेकिन उन्होंने आखिरी दो मैचों में मिली हार पर भी खुलकर बात की. अय्यर ने बताया कि टीम इंडिया ऑकलैंड और हैमिल्टन में खेले गए टी20 मैचों में गेंदबाजी में पिछड़ गई. आखिरी टी20 में अय्यर ने फील्डिंग को भी हार की एक बड़ी वजह बताया. बता दें कि भारत ने सीरीज की धमाकेदार शुरुआत करते हुए तीन मुकाबले जीतकर सीरीज पर कब्जा कर लिया था, लेकिन आखिरी दो मैचों में कीवी टीम भारी पड़ी. चलिए जानते हैं अय्यर ने मैच में मिली हार और सीरीज जीतने पर क्या कुछ कहा?
बॉलिंग और फील्डिंग की वजह से हारे आखिरी टी20
अय्यर ने आखिरी टी20 में हार पर कहा, ‘टीम का प्रदर्शन अच्छा हो सकता था. ईशान किशन और मेरे बीच अच्छी साझेदारी हुई थी, जिससे टीम को मैच में मजबूती मिली. इसके बाद लगातार विकेट गिरने लगे और नए बल्लेबाजों पर दबाव बढ़ गया. पिच पर बल्लेबाजी करना आसान नहीं था. गेंद कभी पिच पर रुककर आ रही थी, तो कभी तेजी से निकल रही थी. हार्ड लेंथ पर गेंद खेलने में बल्लेबाजों को परेशानी हो रही थी. कप्तान और तिलक वर्मा भी इसी तरह आउट हुए.’
‘194 रन का स्कोर अच्छा था’
अय्यर का मानना है कि 191 रन का स्कोर अच्छा था. उन्होंने कहा, ‘191 रन का स्कोर ठीक था. हालांकि, टीम की गेंदबाजी और फील्डिंग बेहतर हो सकती थी. खिलाड़ियों ने फील्डिंग में कुछ गलतियां कीं, जिससे टीम को नुकसान हुआ.’ कप्तान ने कहा कि न्यूजीलैंड में अलग-अलग मैदानों और परिस्थितियों में खेलना टीम के लिए सीखने का अच्छा मौका रहा.
‘आखिरी दो मैचों में प्रयोग करना चाहते थे’
कप्तान अय्यर ने बताया कि सीरीज के पहले तीन मैचों में टीम ने अपनी लय हासिल कर ली थी. इसके बाद आखिरी दो मैचों में टीम नए प्रयोग करना चाहती थी और खिलाड़ियों को अलग-अलग परिस्थितियों में चुनौती देना चाहती थी. श्रेयस ने कहा, ‘टीम ने चौथे मैच में ऐसा करने की कोशिश की, लेकिन खिलाड़ी उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए.’
‘फील्डिंग में सुधार की जरूरत’
भारतीय कप्तान ने कहा कि फिलहाल वह टी20 टीम के प्रदर्शन के बारे में ज्यादा नहीं सोचना चाहते, क्योंकि अब टीम को वनडे मैच खेलने हैं. खिलाड़ियों का मनोबल अच्छा है. उन्होंने कहा, ‘जब टीम विदेश में खेलती है, तो उसे अलग-अलग परिस्थितियों और चुनौतियों का सामना करना पड़ता है. इन चुनौतियों को स्वीकार करके खेलने से टीम बेहतर बनती है.
अय्यर ने खास तौर पर फील्डिंग को टीम की कमजोरी बताया. कप्तान का कहना है कि खिलाड़ियों को फील्डिंग में सुधार करने की जरूरत है. अय्यर ने सीरीज के ओवरऑल प्रदर्शन को लेकर कहा कि टीम को विदेश में खेलने से काफी कुछ सीखने को मिला है. अब खिलाड़ियों को अपनी गलतियों से सीखकर फील्डिंग बेहतर करनी होगी. फिलहाल टीम का ध्यान आगामी वनडे मैचों पर है.