‘रंगस्थलम’ का जादू दोहराने आ रहे हैं राम चरण और सुकुमार, भव्य पूजा के साथ शुरू हुई पैन इंडिया फिल्म RC17

‘रंगस्थलम’ का जादू दोहराने आ रहे हैं राम चरण और सुकुमार, भव्य पूजा के साथ शुरू हुई पैन इंडिया फिल्म RC17


नई दिल्ली: साउथ सिनेमा की सुपरहिट जोड़ी राम चरण और डायरेक्टर सुकुमार एक बार फिर साथ आ गई है. दोनों ने फिल्म ‘रंगस्थलम’ से दर्शकों का दिल जीता था. अब एक बार फिर उनकी जोड़ी बड़े पर्दे पर धमाल मचाने की तैयारी में है. मैत्री मूवी मेकर्स के बैनर तले बनने वाली इस फिल्म का फिलहाल नाम RC17 रखा गया है.

मेकर्स ने पारंपरिक पूजा समारोह के साथ फिल्म की ऑफिशियल शुरुआत कर दी है. इस खबर के सामने आते ही राम चरण और सुकुमार के फैंस के बीच एक्साइटमेंट बढ़ गई है.

पूजा समारोह के साथ शुरू हुई RC17

मैत्री मूवी मेकर्स ने RC17 की शुरुआत के लिए एक भव्य पूजा समारोह रखा. इसके साथ ही फिल्म का ऑफिशियल आगाज हो गया है. मेकर्स ने सोशल मीडिया पर भी इसकी जानकारी शेयर की. उन्होंने पोस्ट में लिखा, ‘सभी की निगाहें RC17 पर हैं.’ इस पोस्ट के साथ फिल्म को लेकर फैंस की उत्सुकता भी साफ नजर आ रही है.

फिल्म के पूजा समारोह का लाइव प्रसारण भी किया गया, ताकि फैंस इस खास मौके से जुड़ सकें. फिलहाल फिल्म की कहानी और बाकी स्टारकास्ट को लेकर ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है. हालांकि, मेकर्स ने फिल्म का प्री-प्रोडक्शन काम तेजी से शुरू कर दिया है.

‘रंगस्थलम’ के बाद फिर साथ आए राम चरण और सुकुमार

राम चरण और सुकुमार इससे पहले 2018 में आई फिल्म ‘रंगस्थलम’ में साथ काम कर चुके हैं. इस फिल्म को दर्शकों और क्रिटिक्स दोनों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला था. बॉक्स ऑफिस पर भी फिल्म ने शानदार प्रदर्शन किया. यही वजह है कि दोनों की जोड़ी को एक बार फिर साथ देखने के लिए फैंस लंबे समय से इंतजार कर रहे थे.

सुकुमार अपनी ‘पुष्पा’ फ्रेंचाइजी के जरिए ग्लोबल लेवल पर पहचान बना चुके हैं. वहीं, राम चरण को फिल्म ‘RRR’ की इंटरनेशनल सफलता के बाद दुनियाभर में पहचान मिली. ऐसे में दोनों का यह नया प्रोजेक्ट काफी खास माना जा रहा है.

RC17 को पैन इंडिया फिल्म के तौर पर तैयार किया जा रहा है. मैत्री मूवी मेकर्स इस प्रोजेक्ट को बड़े लेवल पर बनाने की तैयारी में हैं. हालांकि, अभी इसकी रिलीज डेट, कहानी और फीमेल लीड को लेकर कोई ऑफिशियल जानकारी नहीं दी गई है. राम चरण की दमदार स्क्रीन प्रेजेंस और सुकुमार की अलग तरह की कहानी कहने की स्टाइल को देखते हुए इस फिल्म से काफी उम्मीदें हैं. अब देखना होगा कि ‘रंगस्थलम’ के बाद यह जोड़ी एक बार फिर दर्शकों को कितना एंटरटेन कर पाती है.



Source link