Last Updated:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां से जुड़ा एक एआई वीडियो का पुराना मामला है. यह बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के समय का मामला है. अब दिल्ली पुलिस ने इस पुराने मामले में तेजी दिखाते हुए बिहार कांग्रेस को नोटिस जारी किया है. यह नोटिस ऐसे समय जारी किया गया है जब कांग्रेस दिल्ली में वोट चोरी सहित अन्य मुद्दों को लेकर मोदी सरकार पर हमलावर है.
पटना: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी मां से जुड़े एक एआई वीडियो के मामले में दिल्ली पुलिस ने बिहार कांग्रेस को नोटिस जारी किया है. यह नोटिस ऐसे समय में जारी किया गया है जब कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन की तरफ से वोट बचाओ, देश बचाओ महारैली की जा रही है. दिल्ली पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस स्पेशल सेल ने नोटिस जारी कर उसे बिहार कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम के बाहर लगा दिया है. आगे आपको बतातें हैं कि क्या है पूरा मामला
यह मामला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां का आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई आधारित वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करने से जुड़ा है. जिस वीडियो के मामले में पुलिस ने नोटिस जारी किया है वह बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के समय का मामला है. उस समय अमित मंडल प्रदेश कांग्रेस आईटी सेल में थे. पुलिस ने इसी मामले में नोटिस जारी किया है और उस समय के आईटी सेल के सदस्य अमित मंडल को तलाश भी रही है.
अमित मंडल कांग्रेस की तरफ से की जा रही रैली में शामिल होने के लिए दिल्ली गए थे. इस बीच दिल्ली पुलिस उनकी तलाश में बिहार पहुंची. पुलिस को अमित मंडल नहीं मिले. वहां मिले अन्य लोगों ने पुलिस से नोटिस लेने से मना कर दिया तो पुलिस उस नोटिस को कांग्रेस मुख्यालय के बाहर चिपका दी और उसकी वीडियोग्राफी करके वापस चली गई.
नोटिस में अमित मंडल को 5 नवंबर 2026 को दिल्ली में एसीपी ऑफिस/काउंटर इंटेलिजेंस स्पेशल सेल के ऑफिस में उपस्थित होने के लिए कहा गया है. नोटिस में सभी साक्ष्यों के साथ हाजिर होने के लिए कहा गया है. उनसे एआई वीडियो अपलोड करने में यूज किए गए मोबाइल नंबर वाली सिम कार्ड और वह मोबाइल सहित अन्य चीजें अपने साथ लेकर उपस्थित होने के लिए कहा गया है.
जिस वीडियो को लेकर दिल्ली पुलिस एक्शन मोड में है उस वीडियो में प्रधानमंत्री की मां को उन्हें काम करने की सलाह देते हुए दिखाया जा रहा था. इसी वीडियो को लेकर दिल्ली पुलिस ने यह ऐक्शन लिया है.