Last Updated:
ताजमहल घूमने आए लोगों को उस वक्त मुश्किलों का सामना करना पड़ा जब लॉकर पूरी तरह से फुल हो गए. घंटों तक लाइन में खड़े रहने के बावजूद जब लॉकर नहीं मिला तो लोग पेड़ों पर अपना सामान टांगकर अंदर घुसने लगे, जिसकी तस्वीर भी सामने आई है.
ताजमहल देखने आए लोग पेड़ पर सामान टांगकर चले गए.
आगराः उत्तर प्रदेश के आगरा में ताजमहल घूमने आए पर्यटकों को भारी अव्यवस्था का सामना करना पड़ा. पश्चिमी गेट पर स्थित लॉकर रूम में जगह न मिलने के कारण कई पर्यटकों को अपने कीमती सामान और बैग को पास के पेड़ पर टांगकर रखना पड़ा. रविवार होने के कारण ताजमहल में पर्यटकों की भारी भीड़ थी, जिससे टिकट काउंटर और बैग जमा करने वाले काउंटरों पर लंबी कतारें लगी थीं.
टिकट भी मुश्किल से मिला
पर्यटक अनिल कुमार ने आईएएनएस को बताया कि वे लंबी लाइन में लगे थे. जब उनका नंबर आया तो काउंटर पर मौजूद कर्मचारियों ने कहा कि अब यहां बैग जमा नहीं होंगे. इसके बाद उन्होंने दूसरी लाइन में लगने का प्रयास नहीं किया और अपना बैग पेड़ पर ही रख दिया. अनिल ने कहा कि उन्हें टिकट लेने और बैग जमा करने में दो घंटे से अधिक का समय लग गया. उनका कहना है कि उन्हें टिकट भी बड़ी मुश्किल से मिला.
दो घंटे तक लाइन में लगे लेकिन नहीं जमा हुआ बैग
वहीं, बांदा जिले से आए दूसरे पर्यटक विकास ने भी इसी तरह की परेशानी बताई. विकास ने कहा कि वह दो घंटे से लाइन में लगे थे लेकिन बैग जमा नहीं हो रहा था और सभी काउंटर बंद पड़े थे. उन्होंने कहा कि मजबूरी में उन्हें अपना बैग पेड़ पर रखना पड़ा. मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि पेड़ पर फलों की जगह अब बैग टंगे हुए नजर आ रहे हैं. पेड़ की डालियों पर 8 से 10 बैग लटके हुए हैं, जबकि बेंचों पर भी पर्यटकों के सूटकेस और बैग का ढेर लगा है. कई पर्यटक अपने सामान की सुरक्षा को लेकर चिंतित दिखे.
भीड़ बढ़ने के बावजूद नहीं थी पर्याप्त व्यवस्था
पर्यटकों का आरोप है कि रविवार को भीड़ बढ़ने के बावजूद प्रशासन ने पर्याप्त व्यवस्था नहीं की. लॉकर रूम की क्षमता कम होने के कारण उन्हें परेशानी उठानी पड़ी. कई लोगों को मुश्किल से टिकट मिल पाया जबकि बैग जमा करने की सुविधा न मिलने से उनकी यात्रा का आनंद फीका पड़ गया.