ट्रेन में पत्तल पर खाना खाते निशांत कुमार की तस्वीर वायरल; क्या राजनीति में नई लकीर खींच रहे?

ट्रेन में पत्तल पर खाना खाते निशांत कुमार की तस्वीर वायरल; क्या राजनीति में नई लकीर खींच रहे?


निशांत कुमार की यह तस्वीर सामने आने के बाद उनकी सादगी की चर्चा हो रही है. सवाल यह नहीं है कि किसी मंत्री का ट्रेन में खाना खाना कितनी बड़ी बात है. सवाल यह है कि जिस दौर में राजनीति में पद, प्रतिष्ठा, सुरक्षा का तामझाम और दिखावे की संस्कृति तेजी से बढ़ी है, उस दौर में सत्ता के शीर्ष पर बैठे किसी व्यक्ति का सामान्य जीवनशैली के साथ सहज दिखाई देना क्या कोई अलग संदेश नहीं देता? खास बात यह भी कि निशांत कुमार की इस तस्वीर को उनके पिता और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जीवनशैली से जोड़कर भी देखा जा रहा है.

दरअसल, नीतीश कुमार की राजनीतिक पहचान में उनकी सादगी हमेशा एक महत्वपूर्ण पक्ष रही है. उनका पैतृक गांव का घर आज भी किसी भव्य राजनीतिक परिवार के आलीशान आवास जैसा नहीं दिखाई देता. मुख्यमंत्री रहते हुए भी उनके निजी कमरे को लेकर कई बार यह चर्चा हुई कि वहां जरूरत भर का सामान ही हुआ करता था. बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने भी एक बार उनके कमरे की सादगी का जिक्र करते हुए बताया था कि वहां एक पलंग और कुर्सी जैसी सामान्य चीजें ही थीं.

नीतीश के राजनीतिक जीवन में सत्ता के कई दौर

यह महज संयोग नहीं है कि नीतीश कुमार की राजनीतिक छवि में सादगी, मितव्ययिता और निजी जीवन में सीमित आवश्यकताओं की चर्चा बार-बार होती रही है. उन्होंने लंबे राजनीतिक जीवन में सत्ता के कई दौर देखे, लेकिन उनकी निजी जीवनशैली में बड़े बदलाव का प्रदर्शन कभी उनकी पहचान नहीं बना. अब उनके बेटे निशांत कुमार की तस्वीर सामने आई है. स्वाभाविक रूप से लोग दोनों पीढ़ियों के बीच समानता तलाश रहे हैं. हालांकि किसी एक तस्वीर के आधार पर किसी व्यक्ति के पूरे व्यक्तित्व या राजनीतिक सोच का आकलन करना जल्दबाजी होगी, लेकिन यह तस्वीर एक सकारात्मक चर्चा जरूर शुरू करती है.

नालंदा के कल्याण बिगहा गांव में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का घर, गांव वाले कहते हैं कि इस घर को हमलोगों ने चंदा करके बनवाया है. दो कमरों के इस मकान को देखकर कोई ये नहीं कह सकता कि ये किसी मुख्यमंत्री का घर है. (फोटो क्रेडिट-सोशल मीडिया)

राजनीति में सादगी केवल पहनावे या खानपान का नाम नहीं

दरअसल, सादगी का अर्थ केवल साधारण कपड़े पहनना, ट्रेन में सफर करना या पत्तल में भोजन करना नहीं है. सादगी का वास्तविक अर्थ है- सत्ता और सुविधा के बीच अपनी सहजता बनाए रखना. आम आदमी की तरह रहना ही नहीं, बल्कि आम आदमी की मुश्किलों को समझना भी है. जनता के बीच पहुंचना, उनकी बात सुनना और सत्ता को विशेषाधिकार नहीं, जिम्मेदारी समझना ही सादगी की असली कसौटी है.

आज की राजनीति में सादगी क्रांति क्यों है?

वास्तविकता भी तो यह है कि वर्तमान भारतीय राजनीति में एक बड़ा वर्ग ऐसा है, जो नेताओं के रहन-सहन, सुरक्षा व्यवस्था, काफिले और सुविधाओं को उनकी हैसियत से जोड़कर देखता है. ऐसे माहौल में किसी मंत्री की सामान्य जीवनशैली लोगों का ध्यान खींचती है. शायद इसलिए निशांत कुमार की यह तस्वीर भी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है.

नीतीश की विरासत केवल राजनीतिक नहीं, जीवनशैली की भी है!

निशांत कुमार के सामने एक बड़ी चुनौती अपने पिता की राजनीतिक विरासत को समझने और आगे बढ़ाने की भी है. नीतीश कुमार ने बिहार की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई है. उनके समर्थक उनके शासन, सामाजिक समीकरणों और विकास कार्यों के साथ-साथ उनकी निजी सादगी को भी उनकी ताकत मानते रहे हैं.लेकिन विरासत केवल किसी बड़े नेता का बेटा होने से नहीं मिलती. उसे अपने आचरण, फैसलों और जनता के प्रति जवाबदेही से अर्जित करना पड़ता है. निशांत कुमार के लिए भी यही कसौटी होगी. उनकी सादगी की चर्चा तभी स्थायी राजनीतिक पहचान में बदलेगी, जब यह उनके सार्वजनिक जीवन, व्यवहार और निर्णयों में भी दिखाई देती रहेगी.

नीतीश कुमार के बेटे निशांत में दिख रही पिता की झलक! ट्रेन में आम मुसाफिर की तरह खाते दिखे खाना

आज राजनीति को ऐसे ही सहज नेतृत्व की जरूरत है?

लोकतंत्र में नेता और जनता के बीच दूरी जितनी कम होगी, भरोसा उतना मजबूत होगा. जनता अपने प्रतिनिधियों में केवल सत्ता चलाने की क्षमता नहीं, बल्कि अपने जैसा एक सहज इंसान भी देखना चाहती है. उसे ऐसा नेतृत्व चाहिए, जो उसकी परेशानियों और उसके संघर्ष को समझ सके. निशांत कुमार की ट्रेन में भोजन करते हुए तस्वीर को इसी नजरिये से देखने की जरूरत है. यह कोई राजनीतिक उपलब्धि का प्रमाणपत्र नहीं है और न ही इससे उनकी प्रशासनिक क्षमता का मूल्यांकन किया जा सकता है. लेकिन यह एक ऐसी छवि जरूर प्रस्तुत करती है, जो आज की चमक-दमक वाली राजनीति में अलग दिखाई देती है.

निशांत कुमार के सामने कैसा अवसर है?

स्पष्ट है कि राजनीति में बड़ी लकीर खींचने के लिए बड़े-बड़े भाषणों की हमेशा जरूरत नहीं होती. कभी-कभी सामान्य व्यवहार भी लोगों का ध्यान खींच लेता है. निशांत कुमार के सामने अवसर है कि वे अपने पिता की सादगी की इस विरासत को केवल तस्वीरों और चर्चाओं तक सीमित न रखें, बल्कि उसे अपने सार्वजनिक आचरण और जनसेवा का हिस्सा बनाएं. क्योंकि अंततः जनता को यह याद नहीं रहता कि किसी नेता ने कितनी बार पत्तल में खाना खाया, बल्कि यह याद रहता है कि उसने जनता की थाली में रोटी और जीवन में सम्मान बढ़ाने के लिए कितना काम किया. सादगी की असली परीक्षा किसी तस्वीर में नहीं, बल्कि सत्ता के व्यवहार में होती है.



Source link