Last Updated:
CM Yogi Janta Darshan: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में करीब 150 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं. इस दौरान एक महिला ने मस्तिष्क आघात से पीड़ित अपने पति के ऑपरेशन के लिए आर्थिक मदद मांगी. महिला की परेशानी सुनकर मुख्यमंत्री ने उसे हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया.
सीएम योगी.
गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में जनता दर्शन के दौरान लोगों से मुलाकात की. इस दौरान बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं और शिकायतें लेकर पहुंचे थे. जनता दर्शन में एक महिला ने मुख्यमंत्री को बताया कि उसके पति मस्तिष्क आघात से पीड़ित हैं और उनके ऑपरेशन की जरूरत है. महिला ने इलाज के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की गुहार लगाई.
मुख्यमंत्री ने महिला से उसके पति के स्वास्थ्य और अब तक कराए गए उपचार के बारे में विस्तार से जानकारी ली. उसकी परेशानी को गंभीरता से सुनते हुए उन्होंने भरोसा दिलाया कि इलाज में धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी. मुख्यमंत्री ने कहा, ‘घबराइए मत, आपके पति के उपचार में कोई दिक्कत नहीं आने देंगे. इसके लिए विवेकाधीन कोष से भी आर्थिक मदद उपलब्ध कराई जाएगी.’
बीमार महिला को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराने के निर्देश
जनता दर्शन में एक अन्य महिला ने भी अपनी बीमारी और इलाज से जुड़ी समस्या मुख्यमंत्री के सामने रखी. उसकी स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए. उन्होंने महिला को समुचित उपचार उपलब्ध कराने के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि इलाज से जुड़ी समस्याओं में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए. जरूरतमंद लोगों को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए.
करीब 150 लोगों से मिले मुख्यमंत्री, खुद पहुंचकर सुनी समस्याएं
रविवार सुबह आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 150 लोगों की फरियाद सुनी. महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर लोगों को बैठने के लिए कुर्सियों की व्यवस्था की गई थी. मुख्यमंत्री स्वयं उनके बीच पहुंचे और एक-एक कर लोगों की समस्याएं जानीं. इस दौरान लोगों ने अपनी शिकायतों से संबंधित प्रार्थना पत्र मुख्यमंत्री को सौंपे. उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को प्रार्थना पत्रों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करने और संबंधित समस्याओं का जल्द समाधान कराने के निर्देश दिए. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जनता की शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहना चाहिए. हर शिकायत पर गंभीरता से विचार करते हुए उसका समयबद्ध, निष्पक्ष और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए.
जमीन कब्जाने और अपराध से जुड़ी शिकायतों पर सख्त निर्देश
जनता दर्शन में कुछ लोगों ने अपराध और जमीन पर अवैध कब्जे से संबंधित शिकायतें भी मुख्यमंत्री के सामने रखीं. इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए योगी आदित्यनाथ ने पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अपराधियों और भू-माफिया के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए. उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा और उनकी संपत्ति की रक्षा प्रशासन की जिम्मेदारी है. जमीन पर अवैध कब्जे और आपराधिक गतिविधियों से जुड़ी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए. ऐसे मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
महिलाओं और बच्चों से भी मिले CM योगी, चॉकलेट देकर किया दुलार
जनता दर्शन में कई महिलाएं अपने छोटे बच्चों को लेकर भी पहुंची थीं. मुख्यमंत्री ने बच्चों को अपने पास बुलाकर स्नेह जताया. उन्होंने बच्चों को चॉकलेट दी और उन्हें आशीर्वाद भी दिया. मुख्यमंत्री का यह आत्मीय व्यवहार देखकर वहां मौजूद लोग भी भावुक नजर आए. लोगों से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिलाया कि सरकार उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पूरी गंभीरता से काम कर रही है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की शिकायतों पर संवेदनशीलता दिखाते हुए त्वरित कार्रवाई की जाए.