ग्रेटर नोएडा वेस्ट में कहां कितने महंगे हैं प्लॉट और फ्लैट? 12 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर तक पहुंचे रेट

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में कहां कितने महंगे हैं प्लॉट और फ्लैट? 12 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर तक पहुंचे रेट


Last Updated:

Greater Noida West Property Price: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में घर खरीदने का सपना देख रहे हैं तो बजट पहले से तैयार कर लीजिए. यहां प्रॉपर्टी बाजार में कीमतों का दायरा काफी बड़ा है. आवासीय प्लॉट की कीमत डेढ़ लाख से पौने दो लाख रुपये प्रति वर्ग मीटर तक पहुंच चुकी है, जबकि हाईराइज सोसाइटियों में फ्लैट की कीमत लोकेशन और सोसाइटी की श्रेणी के हिसाब से अलग-अलग है.

ग्रेटर नोएडा: यूपी के ग्रेटर नोएडा वेस्ट में प्रॉपर्टी की कीमतों में लगातार तेजी देखने को मिल रही है. यहां आवासीय प्लॉट से लेकर हाईराइज सोसाइटियों के फ्लैट तक की कीमतों में अंतर है. सेक्टर-2 और सेक्टर-3 में आवासीय प्लॉट की कीमत डेढ़ लाख से पौने दो लाख रुपये प्रति वर्ग मीटर तक पहुंच गई है. वहीं, हाईराइज सोसाइटियों में फ्लैट की कीमत उनकी लोकेशन, सोसाइटी और एरिया के हिसाब से तय हो रही है. रियल एस्टेट एक्सपर्ट सत्येंद्र कुमार के मुताबिक, ग्रेटर नोएडा वेस्ट में 2BHK फ्लैट खरीदने के लिए कम से कम 70 से 75 लाख रुपये का बजट होना जरूरी है. इससे कम कीमत में फ्लैट उपलब्ध होना मुश्किल है.

रियल एस्टेट एक्सपर्ट सत्येंद्र कुमार ने बताया कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट में आवासीय इंडिविजुअल प्लॉट के लिए मुख्य रूप से सेक्टर-2 और सेक्टर-3 हैं. इन दोनों सेक्टरों में प्लॉट की कीमत करीब डेढ़ लाख से पौने दो लाख रुपये प्रति वर्ग मीटर तक चल रही है. इन दिनों सेक्टरों के प्लॉट की काफी मांग है. इसके अलावा प्राधिकरण की ओर से किसानों को उनकी जमीन के एवज में दिए जाने वाले आबादी के प्लॉट भी बाजार में उपलब्ध हैं. इनकी कीमत करीब 70 हजार से डेढ़ लाख रुपये प्रति वर्ग मीटर तक है.

सोसाइटियों के हिसाब से अलग-अलग हैं रेट
उन्होंने कहा कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट में ज्यादातर हाईराइज सोसाइटियां हैं. इनमें जिन सोसाइटियों में पजेशन होने वाला है, वहां फ्लैट की कीमत करीब 7,000 से 7,500 रुपये प्रति वर्ग मीटर के आसपास है. वहीं, ए-ग्रेड सोसाइटियों में यह कीमत 10 हजार से 12 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर तक पहुंच जाती है. उन्होंने बताया कि स्टेलर जीवन, एस सिटी, वैलेंसिया होम्स और पैरामाउंट जैसी सोसाइटियां करीब 10 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर की रेंज में आती हैं. वहीं, गौड़ सौंदर्यम और चेरी काउंटी जैसी सोसाइटियों में कीमत करीब 12 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर तक है.

70 लाख से शुरू हो रही 2BHK फ्लैट की कीमत
फ्लैट की कीमतों को लेकर उन्होंने बताया कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट में कीमत मुख्य रूप से फ्लैट के एरिया पर निर्भर करती है. अलग-अलग बिल्डरों ने एक ही श्रेणी के फ्लैट अलग-अलग आकार में बनाए हैं. किसी बिल्डर ने 800 वर्ग फीट में 2BHK फ्लैट बनाया है तो किसी ने 1,100 वर्ग फीट में. करीब 800 वर्ग फीट का 2BHK फ्लैट 70 लाख रुपये के आसपास मिल सकता है, जबकि इससे बड़े आकार के फ्लैट की कीमत एक करोड़ रुपये तक पहुंच जाती है. उनके मुताबिक, यदि कोई आम आदमी ग्रेटर नोएडा वेस्ट में 2BHK फ्लैट खरीदना चाहता है तो उसे कम से कम 70 से 75 लाख रुपये का बजट रखना होगा। इससे कम कीमत में विकल्प उपलब्ध नहीं हैं.

35 से 40 लाख में मिल रहे स्टूडियो अपार्टमेंट
कहा कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट में स्टूडियो अपार्टमेंट भी प्रॉपर्टी बाजार का हिस्सा हैं. एक्सपर्ट ने बताया कि, यहां स्टूडियो अपार्टमेंट की कीमत करीब 35 से 40 लाख रुपये तक है. इनका एरिया लगभग 600 वर्ग फीट के आसपास होता है. इस तरह खरीदारों के लिए फ्लैट के आकार और बजट के हिसाब से अलग-अलग विकल्प मौजूद हैं.

6 प्रतिशत आबादी प्लॉट की भी अच्छी मांग
बताया कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट में किसानों को मिलने वाले 6 प्रतिशत आबादी के प्लॉट की भी अच्छी मांग है। ये प्लॉट सेमी कमर्शियल श्रेणी में आते हैं, जिनमें कमर्शियल गतिविधियां भी की जा सकती हैं। इसी वजह से इनकी मांग बनी हुई है. उन्होंने कहा कि अगर ऐसे प्लॉट अच्छी लोकेशन पर हैं तो उनकी मांग और बेहतर रहती है. इस तरह ग्रेटर नोएडा वेस्ट में आवासीय सेक्टरों के प्लॉट, किसानों के आबादी प्लॉट और हाईराइज सोसाइटियों के फ्लैट की कीमतें अलग-अलग हैं. खरीदारों को अपनी जरूरत और बजट के हिसाब से विकल्प चुनना पड़ रहा है.



Source link