Last Updated:
आगरा में दीपावली के नजदीक बाजारों में चांदी के लक्ष्मी-गणेश की मांग बढ़ गई है. लोग निवेश और बजट को ध्यान में रखते हुए सोने की जगह 15 ग्राम से शुरू होने वाली शुद्ध चांदी की मूर्तियां खरीद रहे हैं. आगरा में पिछले 20 वर्षों से सोने-चांदी का कारोबार कर रहे विशाल वर्मा ने बताया कि बाजार में ग्राहक 100 प्रतिशत शुद्ध चांदी से बने लक्ष्मी-गणेश को ज्यादा पसंद कर रहे हैं. इसकी एक बड़ी वजह यह है कि शुद्ध चांदी की खरीदारी को लोग निवेश के नजरिए से भी देखते हैं.
आगराः दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही बाजारों में चांदी के लक्ष्मी-गणेश की मांग बढ़ने लगी है. लोग इस बार पूजा के लिए चांदी की मूर्तियां खरीदना पसंद कर रहे हैं. आगरा में पिछले 20 वर्षों से सोने-चांदी का कारोबार कर रहे विशाल वर्मा ने बताया कि बाजार में ग्राहक 100 प्रतिशत शुद्ध चांदी से बने लक्ष्मी-गणेश को ज्यादा पसंद कर रहे हैं. इसकी एक बड़ी वजह यह है कि शुद्ध चांदी की खरीदारी को लोग निवेश के नजरिए से भी देखते हैं. उन्होंने कहा कि भविष्य में जरूरत पड़ने पर इसे बेचने पर चांदी की शुद्धता के अनुसार पूरा मूल्य मिलने की उम्मीद रहती है.
विशाल वर्मा ने कहा कि बाजार में 15 ग्राम से चांदी के लक्ष्मी-गणेश की शुरुआत हो जाती है. इसके बाद ग्राहक अपने बजट के अनुसार ज्यादा वजन की मूर्तियां खरीद सकते हैं. फिलहाल 15 ग्राम के लक्ष्मी-गणेश सबसे ज्यादा ट्रेंड में हैं, जिनकी कीमत करीब 2700 रुपये है. उन्होंने कहा कि दीपावली पर घर में सुख-समृद्धि की कामना के साथ लोग इन्हें खरीद रहे है.
सोने की जगह चांदी के लक्ष्मी-गणेश की हो रही खरीदारी
आगरा में पिछले 20 वर्षों से सोने-चांदी का कारोबार कर रहे विशाल वर्मा ने बताया कि उनकी दुकान पर सोने और चांदी दोनों धातुओं के लक्ष्मी-गणेश उपलब्ध हैं, लेकिन इस बार ग्राहक सोने की अपेक्षा चांदी की मूर्तियां खरीदने में ज्यादा रुचि दिखा रहे हैं. उन्होंने बताया कि चांदी के लक्ष्मी-गणेश आम लोगों के बजट में आसानी से आ जाते हैं, जबकि सोने की मूर्तियां काफी महंगी होती हैं. यही वजह है कि दीपावली पर ज्यादातर ग्राहक चांदी की मूर्तियों को प्राथमिकता दे रहे हैं. हालांकि, कुछ ऐसे ग्राहक भी हैं जिनका बजट अच्छा है और वे सोने के लक्ष्मी-गणेश खरीद रहे हैं, लेकिन ऐसे ग्राहकों की संख्या काफी कम है. उन्होंने कहा कि बाजार में फिलहाल चांदी की मूर्तियों की मांग ज्यादा देखने को मिल रही है. उन्होंने कहा कि 18 कैरेट में 10 ग्राम सोने के लक्ष्मी गणेश करीब 1 लाख 16 हजार रूपये के है.
पहले बुक करा रहे चांदी की मूर्तियां
विशाल वर्मा ने बताया कि दीपावली को देखते हुए ग्राहक अभी से अपनी पसंद के अनुसार चांदी के लक्ष्मी-गणेश बुक करा रहे हैं. इसका उद्देश्य है कि त्योहार तक उन्हें अपनी पसंद की मूर्तियां आसानी से मिल सकें. उन्होंने बताया कि ग्राहक अपनी पसंद के अनुसार मूर्तियों का डिजाइन और साइज भी तय कर सकते हैं. इसके लिए उन्हें पहले से ऑर्डर देना होता है. विशाल वर्मा ने कहा कि बुकिंग मिलने के बाद करीब सात दिनों में लक्ष्मी-गणेश तैयार हो जाते हैं और इसके बाद उन्हें ग्राहक को सौंप दिया जाता है. उन्होंने बताया कि कई ग्राहक बाजार में उपलब्ध डिजाइन के बजाय अपनी पसंद और बजट के हिसाब से मूर्तियां बनवाना ज्यादा पसंद कर रहे हैं.