NZ vs IND, 5th T20I: संजू-अक्षर बाहर, वैभव सूर्यवंशी और कुलदीप की होगी वापसी, 5वें टी20 में भारत की प्लेइंग XI बदलना तय

NZ vs IND, 5th T20I: संजू-अक्षर बाहर, वैभव सूर्यवंशी और कुलदीप की होगी वापसी, 5वें टी20 में भारत की प्लेइंग XI बदलना तय


नई दिल्ली: न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे टी20 में मिली हार के बाद टीम इंडिया के आखिरी मुकाबले के लिए प्लेइंग इलेवन में बदलाव कर सकती है. दोनों टीमों के बीच सीरीज का आखिरी मैच रविवार को हैमिल्टन में खेला जाएगा. भारत ने सीरीज में 3-1 की अजेय बढत बना ली है, लेकिन विश्व चैम्पियन टीम पांच मैचों की सीरीज से आखिरी मैच हारकर विदा नहीं लेना चाहेगी.

ऐसे में वैभव सूर्यवंशी की वापसी संभव है और उस दशा में संजू सैमसन को बाहर बैठना पड़ सकता है. सैमसन ने इस सीरीज में 67,14,18,4 रन बनाये हैं. टीम प्रबंधन का उन्हें पूरा समर्थन हासिल है लेकिन एक ब्रेक से वह खोई लय हासिल कर सकते हैं. हाल ही में श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम ने वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन खुद श्रेयस का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा और वे लोगों का ध्यान खींचने में नाकाम रहे.

श्रेयस अय्यर के बल्ले से भी नहीं निकल रहा है रन

अय्यर ने टी20 में पहला शतक जमाने के बाद अगले आठ मैचों में 40, 1, 16, 22, 42, 7, 5, 22 रन बनाये. यहां अच्छी पारी खेलकर वह भी लय हासिल करना चाहेंगे. अय्यर के नाकाम रहने से निचले क्रम में नमन धीर और नीतिश कुमार रेड्डी ने पिछले कुछ मैचों में अच्छा प्रदर्शन किया. गेंदबाजी में दूसरे और तीसरे टी20 में न्यूजीलैंड को 200 रन से कम पर रोकने के बावजूद भारतीय आक्रमण की कमजोरियां उजागर हुई हैं.

भारत अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल पर विकेटों के लिये काफी निर्भर रहा है. चार साल बाद वापसी करने वाले भुवनेश्वर कुमार अपेक्षा के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर सके हैं. भुवनेश्वर ने तीन मैचों में एक ही विकेट लिया और उनका इकॉनॉमी रेट 12 के आसपास रहा है. अर्शदीप अकेले भारतीय गेंदबाज हैं जिनका इकॉनॉमी रेट इस सीरीज में दस से कम रहा है.

कुलदीप या वरुण चक्रवर्ती में किसी एक को मिल सकता है मौका

भारतीय गेंदबाजी आक्रमण में धार देने के लिये कुलदीप यादव या वरूण चक्रवर्ती को टीम में लाना होगा जिसके लिये धीर को बाहर रहना पड़ सकता है. तिलक वर्मा और अभिषेक शर्मा को भी बैकअप गेंदबाजों के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है लेकिन उनके महंगे साबित होने का खतरा है. न्यूजीलैंड टीम पांच मैचों की वनडे श्रृंखला से पहले आखिरी मैच जीतकर आत्मविश्वास हासिल करना चाहेगी. अगले साल अफ्रीका में होने वाले आईसीसी विश्व कप से पहले यह वनडे श्रृंखला काफी महत्वपूर्ण है.

टीमें :

भारत: श्रेयस अय्यर (कप्तान), संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, नमन धीर, तिलक वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, प्रिंस यादव, अर्शदीप सिंह, भुवनेश्वर कुमार, मयंक यादव, कुमार कुशाग्र, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव.

न्यूजीलैंड: फिन एलन, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), बेवन जैकब्स, डैरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, डेवोन कॉनवे, मिचेल सैंटनर (कप्तान), माइकल ब्रैसवेल, नाथन स्मिथ, ब्लेयर टिकनर, मैट फिशर, काइल जैमीसन, जैकब डफी, एडम मिल्ने, जोश क्लार्कसन.

मैच शुरू होने का समय: भारतीय समयानुसार दोपहर 12:30 बजे.



Source link