पुष्कर में ही क्यों होती है ब्रह्मा जी की पूजा, जानें धार्मिक महत्व
Last Updated:
Brahma Temple: राजस्थान में कई धार्मिक स्थल है, लेकिन पुष्कर में स्थित ब्रह्म जी का मंदिर एक अलग स्थान रखता है. हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस तीर्थ के दर्शन करने पहुंचते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं, पुष्कर में ही ब्रह्मा जी ने वज्रनाश नामक राक्षस का वध करने के बाद यज्ञ किया था. आइए, जानते हैं पुष्कर की धार्मिक मान्यताओं और इससे जुड़े खास महत्व के बारे में.
राजस्थान में स्थित पुष्कर को तीर्थराज भी कहा जाता है. यहां भगवान ब्रह्मा का विशेष मंदिर है. देश में ब्रह्मा जी के प्रमुख मंदिरों में पुष्कर मंदिर का नाम सबसे पहले लिया जाता है. इस मंदिर में ब्रह्मा जी के साथ माता सावित्री, माता गायत्री और माता सरस्वती की भी पूजा-अर्चना की जाती है. पुष्कर का उल्लेख कई धार्मिक ग्रंथों और पुराणों में मिलता है.
मान्यता है कि इस पवित्र तीर्थ के दर्शन करने और यहां के सरोवर में स्नान करने से मनुष्य के पाप मिट जाते हैं. इतना ही नहीं, श्रद्धालु यहां मोक्ष प्राप्ति की कामना लेकर भी पहुंचते हैं. अरावली पर्वत की खूबसूरत पहाड़ियों के बीच बसा पुष्कर प्राकृतिक सुंदरता से भी भरपूर है. यहां का शांत वातावरण, प्राचीन मंदिर और पवित्र घाट भक्तों को आध्यात्मिक शांति का अनुभव कराते हैं.
पुष्कर तीर्थ का धार्मिक महत्व
पुष्कर राजस्थान के अजमेर शहर से करीब 11 किलोमीटर दूर स्थित है. जयपुर से इसकी दूरी लगभग 146 किलोमीटर है. यहां पहुंचने के लिए देश के प्रमुख शहरों से बस और रेल की सुविधाएं उपलब्ध हैं. पद्म पुराण के अनुसार, तीन करोड़ तीर्थस्थलों में पुष्कर को तीर्थराज माना गया है. यहां दर्शन करना कई जन्मों के पुण्य का फल माना जाता है.
ब्रह्मा जी ने यहां किया था यज्ञ
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान ब्रह्मा ने पुष्कर को अपनी यज्ञभूमि के रूप में चुना था और यहां वज्रनाश नामक राक्षस का वध करने के बाद यज्ञ किया था. इसी वजह से इस स्थान का धार्मिक महत्व बहुत अधिक है. यहां तीन पवित्र पर्वत और पांच सरोवर होने की मान्यता भी है. पति के श्राप के कारण ब्रह्मा जी की पूजा सिर्फ पुष्कर में ही की जाती है.
ज्येष्ठ पुष्कर सरोवर में स्नान का महत्व
पुष्कर पहुंचने वाले श्रद्धालु सबसे पहले ज्येष्ठ पुष्कर सरोवर के दर्शन करते हैं. मान्यता है कि इस सरोवर में स्नान करने से पापों से मुक्ति मिलती है. अरावली की पहाड़ियों के बीच स्थित यह सरोवर प्राकृतिक सुंदरता से घिरा हुआ है. इसके चारों ओर पक्के घाट बने हुए हैं. यहां कुल 52 घाट हैं, जिनमें गौ घाट और ब्रह्म घाट प्रमुख हैं.
गौ घाट का विशेष महत्व
गौ घाट पर रोज बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान और पूजा करने पहुंचते हैं. इस घाट का निर्माण संत राम भावलिया की स्मृति में कराया गया था. यहां उनके नाम से एक धर्मशाला भी बनी हुई है. इस घाट को महात्मा गांधी घाट के नाम से भी जाना जाता है. मान्यता है कि महात्मा गांधी सहित कई महापुरुषों ने यहां स्नान किया था. सिख परंपरा से भी इस स्थान का विशेष जुड़ाव बताया जाता है.
संध्या आरती का अद्भुत दृश्य
पुष्कर सरोवर में हर शाम आरती की जाती है. इस दौरान पूरा वातावरण मंत्रों और भजनों से गूंज उठता है. श्रद्धालु पूरी श्रद्धा के साथ आरती में शामिल होते हैं. दीपों से जगमगाते घाट और सरोवर का दृश्य बेहद मनमोहक होता है. यही वजह है कि पुष्कर तीर्थ धार्मिक आस्था के साथ-साथ प्राकृतिक सुंदरता के लिए भी प्रसिद्ध है.