Last Updated:
Readymade cement wall : क्या आप भी अपने खेतों और खाली प्लाट को सुरक्षित करना चाहते हैं. इसके लिए ईंट की दीवार खड़ी करने की जरूरत नहीं. ऐसा कामों के लिए सीमेंट की रेडीमेड दीवार एक बेहतरीन और किफायती विकल्प बनकर सामने आई है. बहराइच में रेडीमेड दीवार बेचने वाले खुद्दुस लोकल 18 से बताते हैं कि ईंट की दीवार बनवाने में जहां लेबर और मिस्त्री का खर्च और समय दोनों ज्यादा लगते हैं, रेडीमेड दीवारों में इसका आधा खर्च ही आता है. रेडिमेड दीवार खड़ी करने के लिए सबसे पहले मजबूत सीमेंटेड पिलर (खंभे) को खेत या प्लॉट की जमीन पर गाड़ा जाता है. अगर भविष्य में जरूरत पड़े, तो आप इन दीवारों को आसानी से निकालकर दूसरी जगह शिफ्ट भी कर सकते हैं.
बहराइच. अगर आपका खेत या प्लॉट खाली पड़ा है और आप उसे घेरना चाहते हैं तो अब ज्यादा सोचने या पैसों की कमी के वजह से पीछे हटने की जरूरत नहीं है. इन दिनों खेतों और खाली प्लाट को सुरक्षित करने के लिए सीमेंट की रेडीमेड दीवार एक बेहतरीन और किफायती विकल्प बनकर सामने आई है. यूपी के बहराइच में इसी रेडीमेड दीवार का कारोबार करने वाले खुद्दुस लोकल 18 से बताते हैं कि ईंटों से दीवार बनवाने और रेडीमेड दीवार लगवाने में लागत का बहुत बड़ा फर्क है. ईंट की दीवार बनवाने में जहां लेबर और मिस्त्री का खर्च और समय दोनों ज्यादा लगते हैं, रेडीमेड दीवारों में इसका आधा खर्च ही आता है. अगर ईंट की दीवार बनाने में 10,000 रुपये का खर्च है, तो उतना ही कम रेडिमेड दीवार से 5,000 रुपये में पूरा हो जाएगा. जहां ईंट के काम में 15 दिन तक का समय लगता है, रेडीमेड दीवारें मात्र 5 दिनों के भीतर बनकर तैयार हो जाती हैं.
कैसे की जाती है फिटिंग
खुद्दुस बताते हैं कि रेडिमेड दीवार खड़ी करने के लिए सबसे पहले मजबूत सीमेंटेड पिलर (खंभे) को खेत या प्लॉट की जमीन पर गाड़ा जाता है. इन पिलर में नालियां बनी होती हैं, जिनमें सीमेंटेड दीवार के पटरे आसानी से फंस जाते हैं. एक बार फिट होने के बाद यह दीवारें पूरी तरह मजबूत रहती है. अपनी जगह से टस से मस नहीं होती है. अगर भविष्य में जरूरत पड़े, तो आप इन दीवारों को आसानी से निकालकर दूसरी जगह शिफ्ट भी कर सकते हैं.
इतने रुपये स्क्वायर फीट
खुद्दुस बताते हैं कि आमतौर पर इसकी ऊंचाई 5 फीट, 6 फीट या 8 फीट तक मिल जाती है. अगर आप अपने प्लॉट के आसपास रेडीमेड दीवार लगवाते हैं, तो इसका खर्च 65 रुपये प्रति स्क्वायर फीट है. अगर दूरी 40 से 50 किलोमीटर तक है, तो इसका रेट 70 रुपये प्रति स्क्वायर फीट रहता है, जिसमें लाने-ले जाने और लगाने का पूरा जिम्मा संबंधित एजेंसी का होता है. अगर किसी सामान्य आकार के घर या प्लॉट पर काम किया जाए, तो कारीगर इसे महज 5 से 6 घंटे के भीतर खड़ा कर देते हैं.
एक पिलर 250 का
खुद्दुस के मुताबिक, अगर कोई केवल तारों से खेत घेरना चाहता है, तो वे पिलर्स भी खरीद सकते हैं. 7 फीट की ऊंचाई वाले पिलर की कीमत डिस्काउंट के बाद लगभग 250 रुपये प्रति पीस पड़ती है. एक बीघे के घेराव के लिए लगभग 40 से 50 पिलर्स की आवश्यकता होती है. यह दीवारें केवल खेतों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि घरों के निर्माण या बाउंड्री के लिए भी इसमें कई आकर्षक डिजाइन उपलब्ध हैं. घरों में रोशनी और हवा के आवागमन के लिए बीच में सुंदर कट-आउट और डिजाइन वाले पटरे भी तैयार किए जाते हैं, जो दिखने में काफी सुंदर और आधुनिक लगते हैं. अगर आप भी अपने खेत या प्लॉट की सुरक्षा को लेकर असमंजस में हैं, तो यह रेडीमेड दीवार समय, मेहनत और पैसे तीनों की बचत कर सकती है.