Last Updated:
Himachal Accident: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रोहड़ू स्थित नावर के दरोटी में सुबह हुए भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों को उजाड़ दिया. दर्दनाक दुर्घटना में मां-बेटे समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल को उपचार के लिए शिमला रेफर किया गया है.
हादसे की तस्वीर.
शिमला: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पांच परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया. रोहड़ू के नावर क्षेत्र के दरोटी गांव के पास पानु नाला में सुबह करीब 8:20 बजे एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई. हादसा इतना भीषण था कि मां-बेटे समेत पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों में तीन नेपाली नागरिक भी शामिल हैं, जबकि हादसे में एक नेपाली मजदूर गंभीर रूप से घायल हुआ है. घायल को बेहतर उपचार के लिए शिमला रेफर किया गया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान कुशल पुत्र प्रमोद और उनकी माता कल्पना देवी पत्नी प्रमोद, निवासी दरोटी गांव के रूप में हुई है. इनके अलावा नेपाली नागरिक निर्मला पत्नी पवन, मीना पत्नी प्रेम और रोशनी पुत्री प्रेम की भी दुर्घटना में मौत हो गई. हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई. एक ही हादसे में मां-बेटे समेत पांच लोगों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना ने पूरे नावर क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है.
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने जताया गहरा दुख
टिक्कर-नावर के दरोटी गांव के पास हुए इस दर्दनाक सड़क हादसे पर हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने गहरा दुख एवं शोक व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि हादसे में पांच लोगों की असामयिक मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है. उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं. शिक्षा मंत्री ने कहा कि इस कठिन समय में वह प्रभावित परिवारों के साथ खड़े हैं और ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें.
घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश
वहीं, इस हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए सीएम सुक्खू ने कहा कि रोहड़ू थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस चौकी टिक्कर के दरोटी इलाके में पानु नाला के पास कार दुर्घटनाग्रस्त होने से पांच लोगों की असामयिक मृत्यु और लोगों के घायल होने का समाचार बेहद दुखद है. उन्होंने हादसे में घायल लोगों को नजदीकी अस्पताल में समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की.
पूरे क्षेत्र में शोक की लहर
दरोटी में हुए इस भीषण सड़क हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है. एक ही दुर्घटना में पांच लोगों की मौत ने कई परिवारों को कभी न भूलने वाला दर्द दे दिया है. फिलहाल हादसे के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आने का इंतजार है.