Last Updated:
शहरों में कम ज्यादा में ज्यादा भीड़ रहती है. इससे वहां सड़कों पर जाम भी काफी लगता है. इसके अलावा जो जगह लोगों के आने जाने के लिए वहां दुकान से लेकर मकान और कार-बाइक पार्किंग कर लोग अतिक्रमण करते हैं. यह हाल देश के तमाम शहरों और इलाकों का है. बिहारे भोजपुर में भी यही दशा है. अब यहां शीश महल चौक से शिवगंज में अतिक्रमण हटाया गया है. अब दोबारा अतिक्रमण ना हो तब तो ठीक है. अगर चार दिन बाद फिर यही हाल होना है तो फिर ऐसे अभियानों का कोई मतलब नहीं है.
चन्दन कुमार/आरा: भोजपुर जिले में शहर की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराने और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से पुलिस और प्रशासन की ओर से लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी कड़ी में आरा शहर के विभिन्न इलाकों में व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया. इस दौरान शीश महल चौक से लेकर शिवगंज तक और जेल रोड में भी अभियान चलाकर सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया. अभियान देर शाम तक जारी रहा. अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान सड़क के किनारे दुकानदारों द्वारा अपनी दुकानों के बाहर रखे गए सामान, अस्थायी दुकानें और अन्य तरीके से किए गए अतिक्रमण को हटाया गया. प्रशासन की कार्रवाई के दौरान सड़क पर अनावश्यक रूप से जगह घेरकर रखे गए सामान को हटवाया गया, ताकि आम लोगों को आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े.
उल्टा-सीधा तरीके से खड़ी गाड़ियों पर हुई कार्रवाई
सड़क किनारे और इधर-उधर बेतरतीब तरीके से खड़ी की गई गाड़ियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई. यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वाले वाहनों पर जुर्माना लगाया गया. अभियान के दौरान पुलिस और प्रशासन की टीम ने दुकानदारों और वाहन चालकों को सड़क पर अतिक्रमण नहीं करने और यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत भी दी.
गौरतलब है कि आरा शहर के कई प्रमुख इलाकों में सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है. खासकर बाजार और व्यस्त सड़कों पर दुकानदारों द्वारा दुकान के बाहर सामान फैलाने तथा सड़क किनारे वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग से आम राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. कई बार सड़क की चौड़ाई कम हो जाने के कारण आवागमन भी प्रभावित होता है. इसी समस्या को देखते हुए भोजपुर पुलिस और प्रशासन की ओर से लगातार अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है.
शनिवार को शीश महल चौक, शिवगंज और जेल रोड में की गई कार्रवाई के माध्यम से सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराने की पहल की गई. प्रशासन की इस कार्रवाई से अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों और सड़क पर अवैध रूप से वाहन खड़े करने वालों में हड़कंप मचा रहा. अब देखना होगा कि अभियान के बाद संबंधित इलाकों में अतिक्रमण दोबारा न हो, इसके लिए प्रशासन की ओर से आगे किस तरह की निगरानी और कार्रवाई की जाती है.