Last Updated:
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही फिल्म ‘रामायण’ को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्सुकता है, खासकर जब से फिल्म की रिलीज डेट यानी 5 नवंबर 2026 नजदीक आ गई है. हाल ही में क्विज रियलिटी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में पहुंचीं एक्ट्रेस साई पल्लवी ने मां सीता के किरदार को निभाने के लिए अपनी तैयारी को लेकर दिलचस्प खुलासे किए. उन्होंने बताया कि इस भूमिका को पूरे समर्पण और गरिमा के साथ पर्दे पर उतारने के लिए उन्होंने किस तरह प्रार्थना और मेडिटेशन का सहारा लिया.
मां सीता के रोल में नजर आएंगी साई पल्लवी. (फोटो साभार: Instagram@worldoframayana)
नई दिल्ली. साउथ सिनेमा की मशहूर अदाकारा साई पल्लवी फिल्म ‘रामायण’ में मां सीता के किरदार में नजर आएंगी. मगर उनके लिए यह महज एक फिल्म का हिस्सा बनने से कहीं बढ़कर एक बड़ी जिम्मेदारी है. हाल ही में साई ने बताया कि पर्दे पर इस भूमिका को पूरे समर्पण के साथ जीवंत करने के लिए उन्होंने प्रार्थना की और मेडिटेशन का सहारा लिया है. उनका मानना है कि ‘रामायण’ कोई साधारण फिल्म नहीं है, बल्कि यह भारतीय इतिहास का एक ऐसा स्वर्णिम अध्याय बनने जा रहा है, जिसे आने वाली पीढ़ियां हमेशा याद रखेंगी.
साई पल्लवी ने भगवान से की प्रार्थना
साई पल्लवी ने कहा, ‘इस किरदार के लिए मैंने सिर्फ प्रार्थना की. मैंने भगवान से यही मांगा कि इसे निभाने के दौरान मेरे सामने जितनी भी मुश्किलें आएं, वो दूर हो जाएं. हम जो फिल्म बना रहे हैं, वह सिर्फ एक फिल्म नहीं है बल्कि इतिहास का हिस्सा भी बनेगी. आने वाली पीढ़ियां और भविष्य के लोग भी इसे देखेंगे. उस समय हममें से कोई यहां नहीं होगा लेकिन फिल्म रहेगी. इसलिए उस किरदार में गरिमा होनी चाहिए. इसी वजह से मैं इस भूमिका के लिए सिर्फ प्रार्थना कर रही थी.’
साई पल्लवी ने मेडिटेशन का लिया सहारा
एक्ट्रेस ने आगे बताया कि सीता मां का किरदार निभाते हुए उन्होंने मेडिटेशन को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाया. इससे उन्हें अपने विचारों को शांत रखने और मुश्किल परिस्थितियों में खुद को संभालने में मदद मिली. उन्होंने कहा, ‘असल में मेडिटेशन न करने पर मेरे मन में और ज्यादा विचार आने लगते हैं. इसलिए सीता मां का किरदार निभाते समय भी मैं ज्यादातर मेडिटेशन करती थी. इस भूमिका से मैंने सीखा कि जब भी आप किसी तनावपूर्ण स्थिति में हों, तो उस पर तुरंत प्रतिक्रिया देने के बजाय उसे सिर्फ देखना और समझना चाहिए. जब भी मेरे सामने कोई मुश्किल या तनावपूर्ण स्थिति आती थी, तो मैं सोचती थी कि सीता मां ऐसी परिस्थिति में कैसे प्रतिक्रिया देतीं. मुझे लगता है कि उनके किरदार से मैंने यही सबसे बड़ी बात सीखी है.’
5 नवंबर को रिलीज होगा ‘रामायण’ का पहला पार्ट
बताते चलें कि फिल्म ‘रामायण’ का निर्देशन नितेश तिवारी कर रहे हैं. फिल्म में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम की भूमिका में नजर आएंगे जबकि रवि दुबे भगवान लक्ष्मण का किरदार निभा रहे हैं. वहीं, साई पल्लवी मां सीता की भूमिका में दिखाई देंगी. रामायण में रावण का रोल साउथ के रॉकिंग स्टार यानी यश ने निभाया है. फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही काफी उत्सुकता है. फिल्म का पहला पार्ट 5 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगा.