Last Updated:
Bihar News: बिहार में बिजली विभाग झटका देने वाला है. 1 नवंबर से नया कनेक्शन लेना महंगा हो जाएगा. बिजली कंपनियों ने 150 किलोवाट तक के नए कनेक्शन के लिए सर्विस कनेक्शन शुल्क तय किया है. नई रेट लिस्ट के मुताबिक, एलटी सिंगल फेज कनेक्शन में 7 किलोवाट तक के सभी श्रेणी के कनेक्शन शामिल हैं. 3 किलोवाट तक के लिए 900 रुपये चुकाने होंगे. जबकि 3 किलोवाट से अधिक के लिए 2,700 रुपये के साथ हर अतिरिक्त किलोवाट पर 1,000 रुपये देने होंगे.
बिहार में नया बिजली कनेक्शन लेना महंगा हुआ. (फाइल फोटो)
पटनाः बिहार में नया बिजली कनेक्शन लेना अब महंगा होने जा रहा है. बिजली कंपनियां 1 नवंबर से नई दर लागू करने जा रही हैं. अब घरेलू उपभोक्ताओं को 3 किलोवाट तक के कनेक्शन के लिए 900 रुपये देने होंगे. इससे ज्यादा लोड का कनेक्शन लेने पर शुल्क भी बढ़ जाएगा. नई दरें घरेलू के साथ औद्योगिक बिजली कनेक्शन पर भी लागू होंगी. बिहार विद्युत विनियामक आयोग ने बिजली कंपनियों की याचिका पर जुलाई में ही नई दरों को मंजूरी दे दी थी. इसके बाद 29 जुलाई को बिजली कंपनियों ने सभी जिलों को इसकी जानकारी भेज दी थी. अब 1 नवंबर से नई व्यवस्था लागू होगी.
कितना देना होगा शुल्क
बिजली कंपनियों ने 150 किलोवाट तक के नए कनेक्शन के लिए सर्विस कनेक्शन शुल्क तय किया है. इसका मतलब है कि उपभोक्ता को आवेदन करते समय ही पता चल जाएगा कि कनेक्शन लेने के लिए कितनी राशि देनी होगी. नई व्यवस्था में एलटी सिंगल फेज, एलटी थ्री फेज और एचटी श्रेणी के नए कनेक्शन शामिल हैं. यह व्यवस्था उन इलाकों के लिए है, जहां पहले से बिजली की सुविधा उपलब्ध है.
शुल्क जमा होने के बाद बिजली कंपनी तकनीकी जरूरत के अनुसार मीटर तक बिजली की लाइन और सर्विस तार उपलब्ध कराएगी. इसके बाद नया कनेक्शन जारी किया जाएगा. दोनों बिजली वितरण कंपनियों ने अपने सभी अंचलों, प्रमंडलों और उपप्रमंडलों को इस संबंध में निर्देश दे दिए हैं.
3 किलोवाट के लिए 900 रुपये देने होंगे
नई दरों के तहत एलटी सिंगल फेज कनेक्शन में 7 किलोवाट तक के सभी श्रेणी के कनेक्शन शामिल हैं.
3 किलोवाट तक: 900 रुपये
3 किलोवाट से अधिक: 2,700 रुपये के साथ हर अतिरिक्त किलोवाट पर 1,000 रुपये देने होंगे.
थ्री फेज कनेक्शन की नई दरें
एलटी थ्री फेज कनेक्शन के लिए अलग-अलग लोड के हिसाब से शुल्क तय किया गया है.
5 से 19 किलोवाट तक
5 किलोवाट तक: 4,500 रुपये
5 किलोवाट से अधिक: 4,500 रुपये के साथ हर अतिरिक्त किलोवाट पर 1,500 रुपये.
20 से 44 किलोवाट तक
20 किलोवाट तक: 21,000 रुपये
20 किलोवाट से अधिक: 21,000 रुपये के साथ हर अतिरिक्त किलोवाट पर 2,000 रुपये.
इस तरह 1 नवंबर से बिहार में नया बिजली कनेक्शन लेने वाले उपभोक्ताओं को नई दरों के अनुसार शुल्क देना होगा.