Last Updated:
Palamu Modern Library: पलामू जिला प्रशासन शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए तीन करोड़ की लागत से आधुनिक पुस्तकालय बनवा रहा है. चैनपुर में निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि छतरपुर और हुसैनाबाद में काम जारी है. यहां डिजिटल लाइब्रेरी तैयार की जा रही हैं, जिनसे स्टूडेंट्स को काफी फायदा मिलेगा.
पलामू. पलामू जिले में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने और छात्र-छात्राओं को बेहतर अध्ययन का माहौल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की ओर से आधुनिक पुस्तकालयों का निर्माण कराया जा रहा है. तत्कालीन उपायुक्त शशि रंजन के निर्देश पर शुरू की गई इस योजना के तहत जिले के तीन अनुमंडलीय क्षेत्रों में आधुनिक पब्लिक लाइब्रेरी विकसित की जा रही हैं. इसके लिए लगभग 3 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं. इन पुस्तकालयों में एक साथ 300 से 400 छात्र-छात्राओं के बैठकर पढ़ाई करने की व्यवस्था होगी. इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को घर से बाहर एक ऐसा शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है, जहां वे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से लेकर सामान्य पढ़ाई तक कर सकें.
चैनपुर लाइब्रेरी का निर्माण लगभग पूरा
बता दें, तीन पुस्तकालयों में चैनपुर प्रखंड में तैयार की गई लाइब्रेरी का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है. इसे ऑपरेशन और मेंटेनेंस के लिए नगर निगम को हैंडओवर कर दिया गया है. अब इसके संचालन को लेकर जरूरी तैयारियां की जा रही हैं. जिला प्रशासन के अनुसार, जल्द ही इसे विद्यार्थियों के लिए शुरू करने की योजना है. वहीं, छतरपुर और हुसैनाबाद में भी आधुनिक पुस्तकालयों का निर्माण कार्य जारी है. इनके शुरू होने से जिले के अलग-अलग क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी.
रीडिंग क्यूबिकल्स से लेकर डिजिटल लैब तक की सुविधा
इन पुस्तकालयों को केवल किताबों तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि आधुनिक जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित किया जा रहा है. यहां विद्यार्थियों के लिए रीडिंग क्यूबिकल्स बनाए गए हैं, जहां वे शांत वातावरण में बैठकर पढ़ाई कर सकेंगे. इसके अलावा डिजिटल स्क्रीन, डिजिटल लैब, कंप्यूटर एक्सेस और ऑनलाइन अध्ययन की सुविधा भी उपलब्ध कराने की योजना है.
डिजिटल सर्विस और रिकॉर्ड से जुड़ी व्यवस्थाएं भी विकसित की जा रही हैं. पुस्तकालय में सोलर सिस्टम, बेहतर वेंटिलेशन और विद्यार्थियों के अनुकूल बैठने की व्यवस्था होगी. इससे ऑनलाइन पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों को भी काफी सहूलियत मिलेगी.
डिमांड के अनुसार उपलब्ध होंगी किताबें
उप विकास आयुक्त जावेद हुसैन ने बताया कि पुस्तकालयों में विद्यार्थियों की जरूरत और मांग के अनुसार किताबें उपलब्ध कराई जाएंगी. अगर किसी छात्र को किसी विशेष विषय या प्रतियोगी परीक्षा से संबंधित पुस्तक की जरूरत होगी, तो उसे मंगाने की व्यवस्था की जाएगी. पुस्तकालय में पुस्तकों का संग्रह समय-समय पर अपडेट किया जाएगा. इसके लिए एक नियमावली तैयार की जा रही है, जिसमें सदस्यता शुल्क, संचालन का समय, अनुशासन और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं निर्धारित होंगी.
कोचिंग और शैक्षणिक मार्गदर्शन देने की भी तैयारी
प्रशिक्षु आईएएस ने बताया कि पुस्तकालय विद्यार्थियों के लिए शिक्षा और अध्ययन का महत्वपूर्ण केंद्र होते हैं. पलामू में बेहतर शैक्षणिक सुविधाओं और पढ़ाई के लिए उपयुक्त स्थान की जरूरत को देखते हुए जिला प्रशासन ने तीन अनुमंडलीय पुस्तकालयों की पहल की है. यहां केवल पढ़ने की सुविधा ही नहीं, बल्कि कोचिंग सर्विस और अन्य शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने का भी प्रयास किया जा रहा है. इससे खासकर उन विद्यार्थियों को लाभ मिलने की उम्मीद है, जिन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है.