Last Updated:
Loktantra Bachao Arajakta Hatao Padyatra : राजस्थान में भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा शुरू हो गई है. कोटा में सीएम भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधा. शनिवार को अलवर में ज्योतिरादित्य सिंधिया के नेतृत्व में मार्च निकलेगा. आज कोटा में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के लोग योजनाओं के लिए विदेश जाते हैं, लेकिन राहुल गांधी वहां सरकार को बदनाम करने जाते हैं.
कोटा में सीएम भजनलाल
कोटा. राजस्थान में भाजपा ने ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा शुरू कर दी है. शुक्रवार को कोटा के सेवन वंडर पार्क से इसकी शुरुआत हुई. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ इस कार्यक्रम में शामिल होने कोटा पहुंचे. सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और उसके नेताओं पर निशाना साधा. अब इसी अभियान के तहत शनिवार को अलवर में भी भाजपा की ओर से पैदल मार्च निकाला जाएगा. इसमें केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया सहित कई बड़े नेता शामिल होंगे.
सरकार को बदनाम करने जाते हैं राहुल गांधी- सीएम
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के लोग योजनाओं के लिए विदेश जाते हैं, लेकिन राहुल गांधी वहां सरकार को बदनाम करने जाते हैं और इससे भारत की छवि भी खराब होती है. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने देश की संस्थाओं के साथ सेना को भी नहीं छोड़ा और उसे भी बदनाम करने का काम किया.
कोटा में पैदल मार्च, फिर एयरपोर्ट रवाना हुए सीएम
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को शुक्रवार को शाम 4 बजे कोटा पहुंचना था, लेकिन वे कुछ देर से पहुंचे. शाम करीब 5 बजे वे सभा स्थल पर पहुंचे और वहां संबोधन के बाद पैदल मार्च में शामिल हुए. सेवन वंडर के पास आयोजित सभा के बाद मार्च नाग-नागिन मंदिर मिनी फ्लाईओवर तक निकाला गया. इसके बाद मुख्यमंत्री कार में बैठकर एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गए.
भाजपा अब शनिवार को अलवर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पैदल मार्च निकालेगी. इसकी तैयारियां की जा रही हैं. राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर होने वाले इस कार्यक्रम में जिलेभर से पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल होंगे. कार्यक्रम के लिए दोपहर 2:30 बजे सभी कार्यकर्ता रिवाज रिसोर्ट में एकत्रित होंगे. यहां से केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, अलवर सांसद एवं केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव, राजस्थान के वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा और भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक गुप्ता के नेतृत्व में पैदल मार्च शुरू होगा.
शहीद स्मारक तक पहुंचेगा मार्च
अलवर में यह पैदल मार्च शहीद स्मारक तक निकाला जाएगा. यहां शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी जाएगी. भाजपा की ओर से इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और पार्टी पदाधिकारियों के शामिल होने की तैयारी है. कोटा में शुक्रवार को शुरू हुआ अभियान अब अलवर में आगे बढ़ेगा, जहां केंद्रीय मंत्री और प्रदेश के नेता एक साथ पैदल मार्च में शामिल होंगे.