Last Updated:
MP DA Hike 2026: मध्य प्रदेश सरकार कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी करने जा रही है. जनवरी से सितंबर तक 9 महीने का एरियर तीन किस्तों में मिलेगा. अक्टूबर के वेतन से बढ़ा हुआ DA मिलेगा. पेंशनर्स की महंगाई राहत भी जुलाई 2026 से 2 प्रतिशत बढ़ेगी. सीएम मोहन यादव ने एक्स पर पोस्ट कर खुद इसकी जानकारी शेयर की.
मध्य प्रदेश में एरियर और महंगाई भत्ता बढ़ा. (यह तस्वीर AI से बनाई गई है)
रिपोर्ट- आचार्य शिवकांत, भोपाल. मध्य प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए बड़ी खुशखबरी है. राज्य सरकार महंगाई भत्ते (DA) में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी करने जा रही है. बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता जनवरी 2026 से लागू होगा. इतना ही नहीं, कर्मचारियों को जनवरी से सितंबर तक नौ महीने का एरियर भी दिया जाएगा. सरकार ने एरियर की राशि तीन समान मासिक किस्तों में देने का फैसला किया है. वहीं, अक्टूबर महीने के वेतन से बढ़े हुए महंगाई भत्ते का नकद भुगतान शुरू होगा. अक्टूबर का वेतन नवंबर में मिलने पर कर्मचारियों को बढ़ी हुई राशि का फायदा मिलेगा.
सरकार के इस फैसले से प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों को राहत मिलने की उम्मीद है. महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी से कर्मचारियों के मासिक वेतन में इजाफा होगा. हालांकि, कर्मचारियों को कितनी अतिरिक्त राशि मिलेगी, यह उनके मूल वेतन पर निर्भर करेगा. राज्य सरकार के मुताबिक, बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता जनवरी 2026 से देय होगा. ऐसे में जनवरी से सितंबर 2026 तक कुल नौ महीने की अंतर राशि का भुगतान एरियर के रूप में किया जाएगा. यह राशि एकमुश्त देने के बजाय तीन समान मासिक किस्तों में कर्मचारियों के खातों में पहुंचेगी.
हालांकि, किस महीने से एरियर की किस्तें मिलना शुरू होंगी, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं है. सरकार ने कर्मचारियों के साथ पेंशनर्स को भी राहत देने का फैसला किया है. पेंशनर्स की महंगाई राहत (DR) में भी 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाएगी. हालांकि, पेंशनर्स के लिए बढ़ी हुई महंगाई राहत जुलाई 2026 से लागू होगी. यानी कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए बढ़ोतरी की प्रभावी तारीख अलग-अलग रखी गई है.
सीएम मोहन यादव ने एक्स पर दी बधाई
सीएम मोहन यादव ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “राज्य सरकार कर्मचारियों और अधिकारियों के महंगाई भत्ते में 2% की वृद्धि करने जा रही है. यह जनवरी से देय होगी. जनवरी से सितंबर, नौ माह के एरियर्स का भुगतान तीन समान मासिक किश्तों में किया जाएगा. अक्टूबर माह के वेतन (नवंबर में देय) से बढ़े हुए महंगाई भत्ते का नगद भुगतान होगा. पेंशनर्स के लिए भी महंगाई राहत में जुलाई 2026 से 2% वृद्धि की जाएगी. सरकार पेंशनर्स और कर्मचारियों के हितों में सदैव साथ खड़ी है.”
अक्टूबर के वेतन से बढ़ेगी सैलरी
सरकार के अनुसार, अक्टूबर महीने के वेतन में बढ़े हुए महंगाई भत्ते को शामिल किया जाएगा. यह वेतन नवंबर में देय होगा. सरकार ने कहा है कि वह कर्मचारियों और पेंशनर्स के हितों के लिए सदैव उनके साथ खड़ी है. इस फैसले से कर्मचारियों की मासिक आय में बढ़ोतरी होगी, जबकि एरियर के भुगतान से उन्हें अतिरिक्त आर्थिक लाभ मिलेगा.