Last Updated:
Motihari News: मोतिहारी में एक सरकारी टीचर की करतूत सामने आई. वह अपने स्कूल की एक नाबालिग छात्रा को बहला-फुसला कर नेपाल ले जा रहा था. तभी रास्ते में एसएसबी की टीम ने उससे पूछताछ की तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ. पुलिस ने मानव तस्करी की आशंका के चलते आरोपी शिक्षक को अरेस्ट कर दिया.
मोतिहारी में शिक्षक मानव तस्करी के आरोप में गिरफ्तार.
मोतिहारीः पूर्वी चंपारण में शिक्षक समाज को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया. जहां एक शिक्षक पर अपने ही स्कूल की नाबालिग छात्रा को बहला-फुसलाकर नेपाल ले जाने का आरोप लगा. नेपाल सीमा पर SSB की टीम ने दोनों को पकड़ा. पुलिस ने शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया. मामले में मानव तस्करी की आशंका के पहलू से भी जांच की जा रही है. मामला सामने आने के बाद जिला शिक्षा विभाग ने भी आरोपी शिक्षक को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया.
SSB की पूछताछ में सामने आया मामला
आरोपी शिक्षक की पहचान कासिम आलम के रूप में की गई. वह श्री रामदवन विभीषण +2 उच्च माध्यमिक विद्यालय, लखौरा में काम करते थे. उनका मूल विद्यालय उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, कढ़ान बैरिया, केसरिया है. जानकारी के मुताबिक, शिक्षक अपने ही स्कूल में पढ़ने वाली नाबालिग छात्रा को लेकर नेपाल जा रहे थे. इसी दौरान SSB की टीम की नजर छात्रा पर पड़ी. टीम ने उससे पूछताछ की तो मामले की जानकारी सामने आई. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस ने मामले की जांच और पूछताछ के बाद शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया.
दो दिनों से स्कूल से अनुपस्थित थे शिक्षक
शिक्षा विभाग के आधिकारिक पत्र के अनुसार, कासिम आलम बिना किसी सूचना के दो दिनों से विद्यालय से अनुपस्थित चल रहे थे. उनके खिलाफ लगाए गए आरोप प्रथम दृष्टया सही प्रतीत होने के बाद विभाग ने अनुशासनिक कार्रवाई शुरू कर दी है. जिला शिक्षा पदाधिकारी, पूर्वी चंपारण के अनुमोदन के बाद जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) ने सस्पेंड करने का आदेश जारी किया. यह कार्रवाई बिहार राज्य विद्यालय अध्यापक (नियुक्ति, स्थानांतरण, अनुशासनिक कार्रवाई एवं सेवाशर्त) संशोधित नियमावली, 2024 के प्रावधानों के तहत की गई.