दिल्ली में 16 नवंबर तक सुरक्षा सख्त, 27 हजार जवान किए गए तैनात
Last Updated:
दीवाली और इंडिया ब्लॉक की रैली के चलते दिल्ली में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. 16 नवंबर तक 27 हजार पैरामिलिट्री जवान तैनात रहेंगे और सेंट्रल दिल्ली व रामलीला मैदान के आसपास के इलाकों पर विशेष फोकस रहेगा.
इंडिया ब्लॉक के प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. (फाइल फोटो)
दिल्ली में एक बार फिर पैरामिलिट्री फोर्सेज की तैनाती की गई है. दीवाली से पहले दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था टाइट कर दी गई है. अगले 18 दिनों तक राजधानी के कुछ इलाकों में चप्पे-चप्पे पर जवानों की मौजूदगी रहेगी. जानकारी के मुताबिक 1 नवंबर को दिल्ली में होने वाली इंडिया ब्लॉक गठबंधन की महारैली और फिर लगातार पड़ने वाले त्योहारों के चलते यह फैसला लिया गया है.
पीटीआई की खबर में आधिकारिक सूत्रों के हवाले से बताया गया कि केंद्र सरकार ने दिल्ली में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) की 270 कंपनियों की तैनाती तीसरी बार बढ़ा दी है. अब ये 16 नवंबर तक तैनात रहेंगी. यह फैसला इस रविवार को रामलीला मैदान में इंडिया ब्लॉक की रैली और कुछ समूहों द्वारा अचानक प्रदर्शन किए जाने की आशंका को देखते हुए लिया गया है.
किन कंपनियों में कौन-कौन रहेगा तैनात
जानकारी के मुताबिक इन 270 कंपनियों में सीआरपीएफ की 125 (जिनमें 17 महिला इकाइयां), आरएएफ की 20, बीएसएफ की 46, आईटीबीपी की 39, एसएसबी की 31 और सीआईएसएफ की 12 कंपनियां शामिल हैं. ये जवान दिल्ली पुलिस के साथ मिलकर काम करेंगे. साथ ही इस तैनाती के लिए जवानों की त्योहार की छुट्टियां भी भी टाल दी गई हैं.
किन इलाकों में टाइट सुरक्षा?
बताया जा रहा है कि इन 16 दिनों में मुख्य फोकस सेंट्रल दिल्ली, रामलीला मैदान और आसपास के इलाकों पर होगा. लुटियंस जोन, कनॉट प्लेस, जंतर मंतर के आसपास, सरकारी इमारतों और प्रमुख प्रवेश बिंदुओं पर सुरक्षा कड़ी रहेगी. 1 नवंबर को रामलीला मैदान में रैली के दौरान यातायात और भीड़ प्रबंधन के लिए अतिरिक्त बल तैनात किए जाएंगे. विपक्ष की ओर से 20 हजार वाहन और 10 लाख लोगों के दिल्ली पहुंचने का दावा किया जा रहा है. ऐसे में दिल्ली पुलिस ने रैली के लिए करीब 3500 जवान और 200 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना बनाई है.
किससे बचें और कौन-से रास्ते अपनाएं?
ऐसे में अगर आप दिल्ली या आसपास रहते हैं और या दिल्ली से होकर गुजरते हैं तो अगले 18 दिनों में खासकर 1 नवंबर को सेंट्रल दिल्ली, रामलीला मैदान, आसपास की सड़कों और मेट्रो स्टेशनों से बचकर ही निकलें. इस दौरान ट्रैफिक पुलिस वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दे रही है. ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें. दिल्ली पुलिस और ट्रैफिक पुलिस की समय समय पर जारी आधिकारिक एडवाइजरी का पालन करें. मेट्रो या सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल बेहतर रहेगा. कोई भी अनावश्यक यात्रा टालें ताकि जाम और परेशानी से बचा जा सके.