Last Updated:
Motihari News: मोतिहारी से चौंकाने वाला मामला सामने आया. जहां साइकिल दुकान चलाने वाले शख्स के बैंक अकाउंट से 85 लाख की रकम मिली. उसे साइबर ठगी के आरोप में अरेस्ट कर लिया गया. बताया जा रहा है कि वह ठगों के नेटवर्क से जुड़ा हुआ था और अलग-अलग राज्यों में उसके खिलाफ मामले दर्ज हैं. पांच राज्यों में उसके खिलाफ FIR होने की बात बताई गई.
साइबर फ्रॉड के आरोप में एक शख्स गिरफ्तार.
मोतिहारीः बिहार के मोतिहारी में साइकिल दुकान की आड़ में काला कारोबार चल रहा था. साइबर थाना पुलिस ने करीब 85 लाख रुपये की साइबर ठगी से जुड़े नेटवर्क का खुलासा किया. मामले में डुमरियाघाट थाना इलाके के धगधहा टोला से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया. आरोपी का नाम रामबाबू कुमार है. उसके ICICI बैंक खाते में साइबर ठगी से जुड़ी करीब 85 लाख रुपये की रकम आई थी. छापेमारी के दौरान उसके घर से कई ATM कार्ड, बैंक पासबुक समेत अन्य सामान बरामद किया गया.
खाते में आए थे 85 लाख रुपये
साइबर थाना मोतिहारी को गुप्त सूचना मिली थी कि धगधहा टोला के रहने वाले रामबाबू कुमार के ICICI बैंक खाते में साइबर ठगी से संबंधित करीब 85 लाख रुपये जमा हुए हैं. इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष छापेमारी टीम बनाई गई. टीम ने गांव में छापेमारी कर रामबाबू कुमार को हिरासत में लिया. उसके घर की तलाशी के दौरान कई संदिग्ध कागजात और सामान मिले.
ढूंढ़ रही थी पांच राज्यों की पुलिस
पुलिस के अनुसार, पूछताछ और तकनीकी जांच में पता चला कि आरोपी अपने अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर इन्वेस्टमेंट के नाम पर साइबर ठगी करता था. उसके बैंक खाते के खिलाफ पांच अलग-अलग राज्यों में साइबर अपराध से जुड़ी शिकायतें दर्ज पाई गई हैं. पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने साइबर ठगी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है.
ATM कार्ड, पासबुक और आधार कार्ड बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के घर से दर्जनों ATM कार्ड, बैंक पासबुक, आधार कार्ड और अन्य संदिग्ध सामान बरामद किए. पुलिस ने इन सभी सामानों को जब्त कर लिया है. बरामद दस्तावेजों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की आगे जांच की जा रही है. इस मामले में साइबर थाना मोतिहारी में कांड संख्या 157/26 दर्ज किया गया है. पुलिस अब आरोपी के अन्य सहयोगियों और साइबर ठगी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है. पांच राज्यों में दर्ज शिकायतों को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है.