भीषण सड़क हादसा; सीधी से मैहर जा रहे परिवार की कार बस से टकराई, 3 की मौत, सिर्फ 5 साल की बच्ची बची


Last Updated:

Sidhi Accident News: मध्य प्रदेश के सीधी जिले में चुरहट थाना क्षेत्र के अमरपुर बेहड़ा मोड़ पर भीषण सड़क हादसा हो गया. सीधी से मैहर लौट रहे परिवार की कार सामने से आ रही बस से टकरा गई. हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल 5 साल की बच्ची को रीवा रेफर किया गया है.

Top Deals Inside

सीधी से मैहर जा रहे परिवार की कार बस से टकराई, 3 की मौत, सिर्फ 5 साल की बच्ची Zoom

सीधी में भीषण सड़क हादसा.

Sidhi News: सीधी के चुरहट थाना क्षेत्र में हुए एक भीषण सड़क हादसे ने झकझोर दिया. मौत बनकर आई तेज रफ्तार बस ने एक ही पल में 3 जिंदगियां छीन लीं. हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई. जिस कार में परिवार सवार था, उसके परखच्चे उड़ चुके थे. बस का अगला हिस्सा भी टक्कर से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. सबसे दर्दनाक तस्वीर उस मासूम की थी, जो अपने माता-पिता को खोने के बाद उनके शवों के पास बिलखती रही.

परीक्षा देने आए थे सीधी, वापसी में हादसा
जानकारी के मुताबिक, कार सवार सभी लोग मैहर जिले के निवासी थे. परिवार के लोग पुलिस भर्ती परीक्षा के सिलसिले में मैहर से सीधी आए थे. परीक्षा के बाद वे वापस अपने घर लौट रहे थे. उन्हें अंदाजा भी नहीं रहा होगा कि जिस रास्ते से वे अपने घर लौट रहे हैं, वही सफर उनके परिवार के लिए कभी न भूलने वाला दर्द बन जाएगा. चुरहट थाना क्षेत्र के रामपुर नैकिन सड़क मार्ग पर अमरपुर बेहड़ा मोड़ के पास उनकी कार सामने से आ रही यात्री बस से टकरा गई. बस सतना से सीधी की ओर जा रही थी. दोनों वाहनों के बीच टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. मृतकों में एक महिला भी शामिल है.

अपनों को खोकर बिलखती रही मासूम
इस हादसे का सबसे मार्मिक पहलू पांच साल की उस बच्ची से जुड़ा है, जो कार में सवार चार लोगों में शामिल थी. एक तरफ हादसे में तीन लोगों की मौत हो चुकी थी, दूसरी तरफ घायल बच्ची को तत्काल उपचार की जरूरत थी. घटनास्थल पर वह अपने माता-पिता के शवों के पास बिलखती रही. हादसे की भयावहता के बीच यह दृश्य वहां मौजूद लोगों को भीतर तक झकझोर देने वाला था.

टक्कर के बाद मची चीख-पुकार
भीषण भिड़ंत के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. बस में सवार यात्रियों को भी मामूली चोटें आईं. हादसे की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव की कार्रवाई शुरू की. घायल बच्ची को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रीवा रेफर कर दिया गया. चुरहट थाना प्रभारी रीता त्रिपाठी के मुताबिक, कार सवार लोग पुलिस भर्ती परीक्षा देने मैहर से सीधी आए थे और वापस लौटते समय सड़क हादसे का शिकार हो गए. दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हुई, जबकि एक बच्ची घायल हुई थी. उसे पहले चुरहट में उपचार दिया गया और फिर बेहतर इलाज के लिए रीवा भेजा गया. वहीं पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए.



Source link