Last Updated:
Tiger Shroff Firing Case Latest News: मुंबई में टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में मुंबई पुलिस ने सोनीपत के रोहणा गांव से अमर को गिरफ्तार किया है. इस केस में सोनीपत से यह 9वीं और कुल 12वीं गिरफ्तारी है. पुलिस बैंक खातों के लेनदेन और नेटवर्क की जांच कर रही है.
सोनीपत. मुंबई में बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामले में मुंबई पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है और इस केस में सोनीपत के आरोपियों की फेहरिस्त लंबी होती जा रही है. अब मुंबई पुलिस ने सोनीपत के रोहणा गांव से अमर को गिरफ्तार किया है. यह इस मामले में 12वीं गिरफ्तारी है और अब तक गिरफ्तार आरोपियों में से 9 सोनीपत जिले से जुड़े नाम सामने आ चुके हैं. इन आरोपियों में गरीबी और कम पढाई जैसी बातें कॉमन हैं.
जांच में सामने आया है कि पहले गिरफ्तार आरोपी कुणाल ने अपने पडोसी अमर के खाते में 40 हजार रुपये ट्रांसफर करवाए थे और कुणाल के कहने पर अमर ने राधा के खाते में भी 12 हजार रुपये भेजे थे.यानी अब पुलिस की तफ्तीश सिर्फ आरोपियों तक सीमित नहीं, बल्कि बैंक खातों में हुए लेनदेन और नेटवर्क की कड़ियां भी खंगाली जा रही हैं. मुंबई पुलिस ने अमर को कोर्ट में पेश कर दिया है. वहीं परिवार उसे निर्दोष बता रहा है
बताया जा रहा है कि कुणाल ने एक महीना पहले अमर के बैंक खाते में 40 हजार रुपये ट्रांसफर करवाए थे. वहीं कुणाल के कहने पर अमर ने पहले गिरफ्तार हो चुकी आरोपी राधा के खाते में भी 12 हजार रुपये ट्रांसफर किए थे. पुलिस अब इन दोनों खातों में हुए लेनदेन के साथ-साथ आरोपियों के नेटवर्क की जांच कर रही है.
10वीं तक पढ़ाई और सप्लीमैंट्स की दुकान पर नौकरी
चाचा संदीप ने बताया कि अमर वह दसवीं तक पढ़ा है और फिलहाल एक सप्लीमैंट्स की दुकान पर काम करता है. इससे पहले वह डिलीवरी बॉय का काम भी कर चुका है. उसके माता-पिता मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करते हैं. चाचा संदीप ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे को इस मामले में फंसाया गया है. गौर करने वाली बात यह भी है कि इससे पहले गिरफ्तार हुए आरोपियों के परिजन भी अपने-अपने बेटों को निर्दोष बताते हुए पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठा चुके हैं.
जांच में सामने आया है कि पहले गिरफ्तार आरोपी कुणाल ने अपने पडोसी अमर के खाते में 40 हजार रुपये ट्रांसफर करवाए थे
सोनीपत से नौ आरोपियों की गिरफ्तारी
टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में अब तक सोनीपत से जुड़े जिन नौ आरोपियों के नाम सामने आए हैं. उनमें रेहान, फूल सिंह, सुमित, कुणाल, जतिन, समीर, अंकित, प्रांजल और अमर शामिल हैं. एक के बाद एक हो रही गिरफ्तारियों के बीच मुंबई पुलिस के साथ सोनीपत पुलिस और क्राइम टीमें भी मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं. पुलिस की तफ्तीश जारी है और आने वाले समय में इस मामले में कुछ और संदिग्धों के नाम सामने आ सकते हैं.
9 आरोपियों में क्या समानताएं
अहम बात है कि सभी आरोपी गरीब परिवारों से हैं और एक बात सभी में यह है कि ये ज्य़ादा पढ़े लिखे नहीं हैं और किसी ने नौवीं, किसी ने दसंवी और किसी ने 12वीं से आगे पढ़ाई नहीं की है. सभी आरोपियों का परिवार दिहाड़ी और मजदूरी करता है.