Last Updated:
अमेरिका में ईरान पर दोबारा हमले की चर्चा के बीच लेफ्टिनेंट जनरल ब्रेट सिल्विया को जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ में रणनीति, योजना और नीति से जुड़े अहम पद से हटा दिया गया है. इस फैसले की आधिकारिक वजह नहीं बताई गई. रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ के कार्यकाल में कई वरिष्ठ सैन्य अधिकारी पद छोड़ चुके हैं या हटाए गए हैं.
पीट हेगसेन ने लेफ्टिनेंट जनरल ब्रेट सिल्विया को उनके पद से हटा लिया है. (Reuters)
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से ईरान पर दोबारा हमले की चेतावनी के बीच अमेरिका ने अपने एक बड़े सैन्य अधिकारी को पद से हटा दिया है. अमेरिकी सेना के लेफ्टिनेंट जनरल ब्रेट सिल्विया को जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ में रणनीति, योजना और नीति से जुड़े अहम पद से हटा दिया गया है. द अटलांटिक की रिपोर्ट के मुताबिक इस फैसले की कोई आधिकारिक वजह नहीं बताई गई है. यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है, जब अमेरिका ईरान पर नए हमलों की धमकी दे रहा है. रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ के कार्यकाल में अब तक कई वरिष्ठ सैन्य अधिकारी अपने पद छोड़ चुके हैं या हटाए जा चुके हैं. इससे अमेरिकी रक्षा विभाग के अंदर नेतृत्व को लेकर सवाल उठ रहे हैं.
ईरान पर हमले की तैयारी के बीच बड़ा फैसला
ब्रेट सिल्विया अमेरिकी सेना के वरिष्ठ अधिकारी हैं और इससे पहले 101वीं एयरबोर्न डिवीजन की कमान संभाल चुके हैं. वह जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ में रणनीति, योजना और नीति से जुड़े विभाग के निदेशक थे. सेना में इस विभाग को J5 कहा जाता है. इस विभाग की जिम्मेदारी सैन्य अभियानों, रक्षा नीति और व्हाइट हाउस के बीच तालमेल बनाने में अहम मानी जाती है. एक पूर्व सैन्य अधिकारी ने कहा कि मौजूदा हालात में J5 के प्रमुख को हटाना सही समय पर लिया गया फैसला नहीं लगता. सिल्विया की जगह किसे जिम्मेदारी दी जाएगी, इसकी घोषणा नहीं हुई है. वह पिछले एक साल में इस पद से हटाए जाने वाले दूसरे वरिष्ठ अधिकारी हैं. उनसे पहले लेफ्टिनेंट जनरल जोसेफ मैक्गी को पद छोड़ना पड़ा था.
ट्रंप फिर कर सकते हैं ईरान पर हमला
अमेरिका और ईरान के बीच फरवरी में शुरू हुआ युद्ध पिछले कुछ महीनों से अपेक्षाकृत शांत रहा है. लेकिन दोनों देशों के बीच तनाव खत्म नहीं हुआ है. होर्मुज स्ट्रेट में अमेरिकी और ईरानी सेनाएं आमने-सामने हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी सेना ने ईरान पर हमले के कई विकल्प तैयार किए हैं. इनमें परमाणु ठिकानों पर सीमित हमले से लेकर लंबे सैन्य अभियान तक शामिल हैं. लंबे अभियान का मकसद ईरान की अर्थव्यवस्था पर दबाव बढ़ाकर उसे बातचीत के लिए तैयार करना हो सकता है. हालांकि, ट्रंप ने अभी हमले का अंतिम फैसला नहीं लिया है. रिपोर्ट में कहा गया है कि नए हमले अगले सप्ताह से पहले होने की संभावना कम है.
हेगसेथ के कार्यकाल में कई बड़े अधिकारी हटाए गए
रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ के कार्यकाल में अमेरिकी सेना के कई वरिष्ठ अधिकारियों को पद छोड़ना पड़ा है. इस साल सेना प्रमुख जनरल रैंडी जॉर्ज को भी हटाया गया था. इसके अलावा जनरल डेविड होडने और मेजर जनरल विलियम ग्रीन जूनियर को भी उनके पदों से हटाया गया. जून में जनरल क्रिस ‘सी.डी.’ डोनाह्यू ने अमेरिकी सेना की यूरोप और अफ्रीका इकाई के प्रमुख का पद छोड़ दिया था. रिपोर्ट के मुताबिक, उनके और हेगसेथ के बीच मतभेद थे. कुल मिलाकर, हेगसेथ के रक्षा विभाग की कमान संभालने के बाद से कम से कम 26 एडमिरल और जनरल पद छोड़ चुके हैं या उन्हें हटा दिया गया है.
अधिकारियों को हटाने की वजह क्या है?
पेंटागन ने सिल्विया को हटाने की वजह सार्वजनिक नहीं की है. रक्षा विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, हेगसेथ का उन पर भरोसा कम हो गया था और नीति से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी एल्ब्रिज कोल्बी के साथ भी उनके संबंध अच्छे नहीं थे. रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि कुछ अधिकारियों को विविधता से जुड़ी नीतियों, पूर्व सैन्य प्रमुखों से करीबी या मीडिया में जानकारी लीक करने के संदेह के कारण हटाया गया.