School Holiday 30 October 2026: 30 अक्टूबर 2026 को बंद रहेंगे उत्तर प्रदेश के स्कूल, यूपी पीईटी से पहले आया छुट्टी का आदेश

School Holiday 30 October 2026: 30 अक्टूबर 2026 को बंद रहेंगे उत्तर प्रदेश के स्कूल, यूपी पीईटी से पहले आया छुट्टी का आदेश


लखनऊ (UP School Holiday 30 October 2026): उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए कल यूपी पीईटी परीक्षा होगी. उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की यूपी पीईटी परीक्षा के चलते राज्य के कई प्रमुख जिलों में प्रशासनिक स्तर पर शैक्षणिक अवकाश का ऐलान कर दिया गया है. परीक्षार्थियों की भारी भीड़, केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था और किसी भी तरह की यातायात बाधा से बचने के लिए जिला प्रशासन ने कल स्कूल बंद रखने का फैसला लिया है.

राज्य स्तर पर इतनी बड़ी प्रतियोगी परीक्षा होने पर परीक्षा केंद्रों पर भारी भीड़ उमड़ती है. ऐसे में छोटे बच्चों के स्कूलों में आने-जाने के दौरान जाम की स्थिति बन जाती है. इसे ध्यान में रखते हुए अलीगढ़, बुलंदशहर, मुजफ्फरनगर, गोरखपुर और प्रयागराज समेत कई जिलों के जिला विद्यालय निरीक्षकों (DIOS) और जिला प्रशासन ने आगामी 30 अक्टूबर 2026 (शुक्रवार) को स्कूलों और कॉलेजों में एक दिन की छुट्टी घोषित कर दी है. जानिए कल, 30 अक्टूबर 2026 को यूपी में कहां-कहां स्कूल बंद रहेंगे.

30 अक्टूबर को बंद रहेंगे यूपी के स्कूल

कल यानी 30 अक्टूबर 2026 (शुक्रवार) को उत्तर प्रदेश के ज्यादातर जिलों में स्कूल बंद रहेंगे. इस संबंध में ज्यादातर जिलों से छुट्टी का आदेश आ चुका है.

प्रयागराज में सभी बोर्ड के स्कूलों में छुट्टी

प्रयागराज जिले से आए आदेश के मुताबिक, UPSSSC पीईटी परीक्षा 2026 को देखते हुए 30 अक्टूबर 2026 को एक दिन का शैक्षणिक अवकाश घोषित किया गया है. जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) डॉ. संतोष कुमार राय की तरफ से जारी इस निर्देश में स्पष्ट किया गया है कि प्रयागराज के सभी राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) माध्यमिक विद्यालय, सीबीएसई, ICSE और अन्य सभी बोर्ड के कक्षा 6 से 12 तक के स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे. सभी प्रिंसिपल को इस आदेश का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया गया है.

अलीगढ़ और बुलंदशहर में भी पीईटी के चलते अवकाश

पश्चिम उत्तर प्रदेश के प्रमुख जिलों- अलीगढ़ और बुलंदशहर में भी परीक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. अलीगढ़ में पीईटी परीक्षा के मद्देनजर राजकीय, एडेड और वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालयों में 30 अक्टूबर को पठन-पाठन का कार्य स्थगित रहेगा. इसी तरह बुलंदशहर जिले में भी परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी स्कूल-कॉलेजों में अवकाश घोषित किया गया है. इससे स्कूल स्टूडेंट्स और परीक्षर्धियो को किसी तरह की असुविधा नहीं होगी.

मुजफ्फरनगर और गोरखपुर में प्रशासनिक आदेश जारी

मुजफ्फरनगर और गोरखपुर जिलों से मिल रही जानकारियों के अनुसार, उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की इस परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने 30 अक्टूबर को शैक्षणिक संस्थानों में छुट्टी रखने का निर्णय लिया है. यूपी पीईटी परीक्षा दो पालियों (सुबह 10:00 से 12:00 और दोपहर 3:00 से 5:00) में आयोजित हो रही है. इसलिए बच्चों की सुरक्षा और एग्जाम की व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए यह कदम उठाया गया है.

लखनऊ में पीईटी परीक्षा के चलते 30 अक्टूबर को बंद रहेंगे स्कूल

उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की पीईटी परीक्षा 2026 को ध्यान में रखते हुए लखनऊ के सभी राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त और स्ववित्तपोषित मान्यता प्राप्त (प्राइमरी से इंटर तक सभी बोर्ड) के स्कूल 30 अक्टूबर 2026 (शुक्रवार) को बंद रहेंगे. जिला विद्यालय निरीक्षक, लखनऊ (देवेंद्र कुमार पाण्डेय) के आदेश के अनुसार, 45 केंद्रों पर आयोजित होने वाली पीईटी परीक्षा में अत्यधिक भीड़ की संभावना और यूपी शासन की गाइडलाइंस के हिसाब से कल स्कूल बंद रहेंगे.

गाजियाबाद में भी कल बंद रहेंगे स्कूल

UPSSSC PET 2026 परीक्षा को ध्यान में रखते हुए गाजियाबाद जिले में 30 अक्टूबर 2026 को कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी स्कूलों में शैक्षणिक अवकाश घोषित किया गया है. जिले के 44 परीक्षा केंद्रों पर 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को 2-2 पालियों में होने वाली इस परीक्षा की हर पाली में लगभग 20 हजार अभ्यर्थियों के पहुंचने की संभावना है. इसके चलते सड़कों पर अत्यधिक भीड़ और यातायात का भारी दबाव देखते हुए सभी स्कूलों को बंद रखने का फैसला लिया गया है.

नोट कर लें काम की सलाह

अगर आपका स्कूल उत्तर प्रदेश में है तो कल यानी 30 अक्टूबर को स्कूल जाने से पहले एक बार छुट्टी का स्टेटस जरूर पता कर लें. छुट्टी के लिए जिला प्रशासन के स्पष्ट आदेश जारी हो चुके हैं. फिर भी स्थानीय स्तर पर अगर कोई कन्फ्यूजन हो तो स्कूल मैनेजमेंट से पुष्टि करना समझदारी होगी. यूपी पीईटी परीक्षा होने के बाद स्कूल अपने तय समय और रूटीन के अनुसार दोबारा खुलेंगे.

कई राज्यों में चक्रवात अर्नब की वजह से भी स्कूल बंद रहेंगे. छुट्टी का स्टेटस जानने के बाद ही स्कूल के लिए निकलना बेहतर रहेगा.



Source link