Ramayana: कैसा जीवनसाथी चाहती हैं ‘रामायण’ की सीता? शादी के सवाल पर साई पल्लवी ने रखी खास शर्तें, इस मामले पर दिया खास जोर

Ramayana: कैसा जीवनसाथी चाहती हैं ‘रामायण’ की सीता? शादी के सवाल पर साई पल्लवी ने रखी खास शर्तें, इस मामले पर दिया खास जोर


नई दिल्ली. ‘रामायण’ में माता सीता का किरदार निभाने जा रहीं एक्ट्रेस साई पल्लवी इन दिनों अपनी फिल्म के साथ-साथ निजी जिंदगी को लेकर भी चर्चा में हैं. हाल ही में वह अभिनेता रणबीर कपूर और रवि दुबे के साथ क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ में पहुंचीं. यहां शो के होस्ट अमिताभ बच्चन ने उनसे सवाल किया कि शादी के लिए वह कैसा जीवनसाथी चाहती हैं. साई ने इस सवाल का जवाब देते हुए बताया कि उनके लिए किसी व्यक्ति का अच्छा इंसान होना सबसे ज्यादा जरूरी है. इसके अलावा उन्होंने कुछ खास शर्तें रखीं.

34 साल की एक्ट्रेस साई पल्लवी अपनी सादगी के लिए जानी जाती हैं. दो फिल्मफेयर अवॉर्ड सहित कई अवॉर्ड्स अपने नाम कर चुकीं साई को कैसे जीवनसाथी की तलाश है. इसका खुलासा एक्ट्रेस ने दुनिया के सामने कर दिया.

साई पल्लवी ने रखी खास शर्तें

‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ के मंच पर जब अमिताब बच्चन ने उनसे जीवनसाथी को लेकर सवाल किया तो साई पल्लवी ने बिना किसी झिझक के अपने भावी जीवनसाथी की खूबियां गिनाईं. साई ने कहा, ‘सबसे पहले तो वह एक अच्छा इंसान होना चाहिए. उसे बहुत अधिक स्वार्थी या आत्म-केंद्रित नहीं होना चाहिए. वह ऐसा इंसान हो जो आत्मनिरीक्षण यानी अपने भीतर झांक सके और अपने कर्मों का ध्यान रखे. वह समझता हो कि वह जिंदगी में कहां खड़ा है’.

साई ने आगे कहा, ‘गलतियां इंसान से हो सकती हैं लेकिन उसमें अपनी गलती सुधारने की हिम्मत होनी चाहिए, न कि वह अपना दोष दूसरों पर मढ़े. मेरी कोई बहुत लंबी लिस्ट नहीं है, लेकिन वह एक अच्छा इंसान हो और अगर उसे खाना बनाना आता हो तो यह और भी बेहतर होगा.’ ये सुन वहां बैठे लोग अपनी हंसी को रोक नहीं पाए.

डॉक्टर से कैसे बनीं एक्ट्रेस?

शो के दौरान अमिताभ बच्चन ने साई पल्लवी की पढ़ाई का जिक्र करते हुए पूछा कि डॉक्टरी की पढ़ाई करने के बाद उन्होंने एक्टिंग को करियर के रूप में क्यों चुना? इस पर साई पल्लवी ने मुस्कुराते हुए कहा, ‘ईश्वर ने ही लिखा था कि मुझे एक्टिंग करनी है.’

नितेश तिवारी के डायरेक्शन में बनी फिल्म रामायण का आधिकारिक ऐलान 3 जुलाई 2025 में मेकर्स की ओर से किया गया था. मेकर्स ने इसे दो पार्ट्स में बनने वाली भव्य फिल्म बताया. फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आएंगे.

डॉक्टर से एक्टर बनने पर रणबीर का मजेदार तंज

साई के इस जवाब पर बिग बी थोड़े उलझन में दिखे तो रणबीर कपूर ने मजाकिया अंदाज में कहा, ‘भगवान का प्रिस्क्रिप्शन था, सर कि इन्हें एक्टिंग करनी है.’ ररणबीर की इस हाजिरजवाबी ने शो में मौजूद सभी दर्शकों और अमिताभ बच्चन को ठहाके लगाने पर मजबूर कर दिया. आपको बता दें कि साई पल्लवी ने जॉर्जिया की त्बिलिसी स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी से मेडिकल की पढ़ाई की थी. हालांकि, बाद में उन्होंने एक्टिंग को अपना करियर बनाया और दक्षिण भारतीय सिनेमा में अपनी अलग पहचान बनाई.

‘रामायण’ में माता सीता बनीं साई पल्लवी

साई पल्लवी इन दिनों निर्देशक नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ को लेकर भी सुर्खियों में हैं. इस फिल्म में वह माता सीता की भूमिका निभा रही हैं, जबकि रणबीर कपूर भगवान राम और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आएंगे. फिल्म में यश रावण और सनी देओल भगवान हनुमान की भूमिका निभा रहे हैं. शो के एक अन्य प्रोमो में साई ने माता सीता का किरदार मिलने के बाद अपने एक्सपीरियंस के बारे में भी बताया. उन्होंने कहा कि इस बार वह यह सोचने के बजाय कि अपने एक्टिंग से किरदार को क्या दे सकती हैं, यह समझना चाहती थीं कि सीता माता की भूमिका निभाकर वह खुद क्या सीख सकती हैं. उन्होंने बताया कि इस किरदार के लिए आगे बढ़ने से पहले उन्होंने सीता माता से प्रार्थना की थी. फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ दुनियाभर के सिनेमाघरों में 5 नवंबर 2026 को रिलीज होने वाली है. यह दो पार्ट्स में बनाई जा रही फिल्म का पहला हिस्सा है.





Source link