बोकारो: आजकल कम उम्र में ही बाल सफेद होने यानी प्रीमैच्योर ग्रे हेयर की समस्या तेजी से बढ़ रही है, वहीं, हेयर कलरिंग को लेकर भी लोगों के मन में कई तरह की भ्रांतियां रहती हैं. कुछ लोगों का मानना है कि बालों में कलर लगाने से वे जल्दी सफेद होने लगते हैं, जबकि इसके पीछे कई अन्य कारण भी जिम्मेदार हो सकते हैं. ऐसे में हेयर कलरिंग को लेकर बोकारो के चर्चित हेयर एक्सपर्ट महेंद्र ने महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है. आइये जानते हैं उन्होंने कौन से टिप्स दिए हैं.
हेयर एक्सपर्ट महेंद्र के अनुसार, बालों के सफेद होने के लिए केवल सिर्फ हेयर कलर को जिम्मेदार मानना सही नहीं है. इसके पीछे खराब लाइफस्टाइल, तनाव, धूम्रपान और शरीर में कुछ जरूरी विटामिन की कमी जैसे कई कारण हो सकते हैं. क्योंकि आजकल लोगों की जिंदगी में तनाव काफी बढ़ गया है और कई लोग इससे निपटने के लिए धूम्रपान का सहारा लेते हैं. जो सेहत के साथ बालों पर भी गंभीर असर डाल सकता है. ऐसे में संतुलित आहार लेना और अपनी जीवनशैली पर ध्यान देना बहुत जरूरी है.
हेयर कलर खरीदते समय रखें इन बातों का ध्यान
एक्सपर्ट महेंद्र के अनुसार, बाजार में अलग-अलग तरह के हेयर कलर उपलब्ध हैं, जिनमें सस्ते सामान्य डाई और प्रोफेशनल कलर शामिल हैं. हेयर कलर का चुनाव करते समय केवल कीमत नहीं, बल्कि उसकी गुणवत्ता पर भी ध्यान देना चाहिए. क्योंकि कुछ सस्ते कलर में मौजूद रसायन बालों को रूखा और कमजोर बना सकते हैं. वहीं, प्रोफेशनल हेयर कलर में भी अलग-अलग प्रकार के फॉर्मूले और शेड उपलब्ध होते हैं, जिनका चुनाव बालों की जरूरत के अनुसार किया जा सकता है. हालांकि, प्रोफेशनल कलर भी पूरी तरह केमिकल-मुक्त या हर व्यक्ति के लिए सुरक्षित नहीं होते हैं. इसलिए उपयोग करने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें.
सैलून में हेयर कलर कराना क्यों हो सकता है बेहतर
हेयर एक्सपर्ट महेंद्र का कहना है कि हेयर कलरिंग की प्रक्रिया में कलर और डेवलपर का सही अनुपात बेहद महत्वपूर्ण होता है. इसके अलावा बालों की प्रकृति, उनकी स्थिति को ध्यान रखते हुए भी कलर और शर्ट का चुनाव करना बेहद जरूरी है. ऐसे में एक्सपर्ट से सैलून में कलर कराना बेहतर विकल्प है.
घर पर हेयर कलर करते समय इन बातों का रखें ध्यान
वहीं, अगर आप घर पर ही बालों में कलर करना चाहते हैं, तो सबसे पहले कलर के पैकेट को ध्यान से पढ़ें और उसे उपयोग करने से लेकर बालो धोने तक की प्रक्रिया को अच्छी तरह समझे फिर बालों में कलर लगाने से पहले छोटे-छोटे सेक्शन बनाना चाहिए, ताकि कलर समान रूप से लगाया जा सके. वहीं, कलर को बालों में कितनी देर तक रखना है, यह भी उत्पाद के निर्देशों के अनुसार तय करना चाहिए और किसी भी कलर को 30 या 35 मिनट से ज्यादा समय तक न रखें. वहीं, धोने के लिए सामान्य तापमान के पानी का इस्तेमाल करना बेहतर रहता है, लेकिन सर्दियों में जरूरत के अनुसार हल्के गुनगुने पानी का इस्तेमाल कर सकते हैं.