ग्रेटर नोएडा के PNB फ्रॉड ने बैंक में जमा पैसे की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं. अगर बैंक कर्मचारी ही आपकी जानकारी के बिना खाते से रकम निकाल ले, एफडी तुड़वा दे या किसी दूसरे खाते में पैसे ट्रांसफर कर दे, तो आपके पास क्या विकल्प हैं? क्या बैंक को आपकी रकम वापस करनी होगी? शिकायत के बाद बैंक कैसे जांच करता है और रिजर्व बैंक तक मामला पहुंचाने का क्या तरीका है?
आपका पैसा कोई दूसरे बैंक में डाल दे तो जिम्मेदारी किसकी
सबसे बड़ा सवाल कि अगर कोई ग्राहक अपना पैसा बैंक में जमा करता है, तो उसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी है? आम तौर पर ग्राहक बैंक पर भरोसा करके अपनी जिंदगी भर की कमाई, रिटायरमेंट का पैसा और बच्चों की पढ़ाई या शादी के लिए बचाई गई रकम जमा करता है. वह मानकर चलता है कि उसकी अनुमति के बिना कोई पैसा नहीं निकाल सकता.
लेकिन बैंकिंग व्यवस्था में भी धोखाधड़ी या कर्मचारियों की मिलीभगत की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता. इसलिए केवल पासबुक या बैंक की रसीद संभालकर रखना काफी नहीं है. खाते और एफडी पर नजर रखना भी जरूरी है. अच्छी बात यह है कि अगर खाते से अनधिकृत लेनदेन होता है, तो शिकायत और जांच के कई रास्ते मौजूद हैं.
1. खाते से पैसा गायब दिखे तो सबसे पहले क्या करें?
मान लीजिए, आपने सुबह मोबाइल बैंकिंग पर अपना बैलेंस चेक किया और पता चला कि खाते से 2 लाख रुपये निकल गए हैं. आपने न कोई ट्रांजैक्शन किया और न ही किसी को पैसे भेजने की अनुमति दी. ऐसी स्थिति में सबसे जरूरी है कि शिकायत करने में देरी न करें. सबसे पहले ये तीन काम करें.
- बैंक की आधिकारिक हेल्पलाइन, मोबाइल ऐप या शाखा के जरिए अनधिकृत ट्रांजैक्शन की सूचना दें. शिकायत का नंबर जरूर लें.
- अगर डेबिट कार्ड, इंटरनेट बैंकिंग या मोबाइल बैंकिंग के दुरुपयोग की आशंका है, तो संबंधित सुविधा को ब्लॉक कराएं और पासवर्ड या पिन बदलें.
- ट्रांजैक्शन की तारीख, रकम, बैंक स्टेटमेंट, एसएमएस और शिकायत की रसीद सुरक्षित रखें.
अगर मामला ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी का है, तो राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर तुरंत शिकायत करें. आप राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कर सकते हैं. जल्द शिकायत करने से रकम को आगे ट्रांसफर होने से रोकने की कोशिश की जा सकती है. हालांकि, पैसा वापस मिलने की गारंटी नहीं होती.
अगर रकम किसी बैंक कर्मचारी ने कथित तौर पर गलत तरीके से निकाली है या एफडी बिना अनुमति तोड़ी गई है, तो शाखा प्रबंधक के साथ बैंक के उच्च शिकायत अधिकारी को भी लिखित शिकायत दें. जरूरत पड़ने पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराएं.
2. क्या बैंक आपकी रकम वापस करेगा?
इसका जवाब इस बात पर निर्भर करेगा कि पैसा कैसे निकला, किसकी गलती थी और लेनदेन किस तरह हुआ. अगर बैंक की लापरवाही, सुरक्षा व्यवस्था की कमी या बैंक के भीतर हुई गड़बड़ी के कारण अनधिकृत इलेक्ट्रॉनिक लेनदेन हुआ है, तो भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के ग्राहक संरक्षण नियमों के तहत ग्राहक को राहत मिल सकती है. ऐसे मामलों में ग्राहक की देनदारी शून्य हो सकती है और बैंक को रकम वापस करनी पड़ सकती है.
वहीं, अगर ग्राहक ने खुद अपना ओटीपी, पिन या पासवर्ड किसी के साथ साझा किया है, तो जिम्मेदारी तय करने के नियम अलग हो सकते हैं. ऐसे मामलों में शिकायत करने से पहले हुए नुकसान और शिकायत के बाद हुए नुकसान के बीच भी फर्क किया जाता है.
RBI के 6 जुलाई 2017 के निर्देशों में कुछ अनधिकृत इलेक्ट्रॉनिक लेनदेन के मामलों में ग्राहक की देनदारी तय करने के नियम दिए गए हैं. बैंक की गलती या लापरवाही वाले मामलों में ग्राहक की देनदारी शून्य हो सकती है. तीसरे पक्ष की गड़बड़ी वाले कुछ मामलों में बैंक से सूचना मिलने के तीन कार्यदिवस के भीतर शिकायत करने पर भी शून्य देनदारी का प्रावधान है. हालांकि, हर मामले में तथ्यों और लागू नियमों के आधार पर फैसला होता है. RBI के निर्देश पढ़ें.
अगर बैंक कर्मचारी ने कथित तौर पर एफडी तोड़कर रकम निकाल ली, जाली दस्तावेजों का इस्तेमाल किया या शाखा के स्तर पर कोई अनधिकृत काम किया, तो मामले की जांच अलग तरह से भी हो सकती है. ऐसे मामले में इलेक्ट्रॉनिक लेनदेन से जुड़े नियम अपने आप हर स्थिति पर लागू मान लेना सही नहीं होगा. बैंक की जिम्मेदारी और ग्राहक को मिलने वाली राहत का फैसला मामले के तथ्यों के आधार पर होगा.
3. बैंक कैसे पता लगाता है कि गलती किसकी है?
ग्राहक की शिकायत मिलने के बाद बैंक को यह पता लगाना होता है कि पैसा किस रास्ते से निकला और लेनदेन को किसने अधिकृत किया था. इसके लिए बैंक कई तरह के रिकॉर्ड की जांच कर सकता है.
- जैसे खाते से पैसा निकालने या ट्रांसफर करने की तारीख और समय.
- लेनदेन किस माध्यम से हुआ.बैंक शाखा, चेक, इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग या किसी दूसरे तरीके से.
- एफडी तोड़ी गई तो उसके लिए किस तरह का अनुरोध या दस्तावेज इस्तेमाल हुआ.
- संबंधित लेनदेन के लिए ग्राहक की सहमति, हस्ताक्षर, ओटीपी या दूसरे प्रमाणीकरण का रिकॉर्ड क्या है.
- बैंक कर्मचारियों की लॉगिन गतिविधि, उपलब्ध सिस्टम रिकॉर्ड और संबंधित खातों में रकम के ट्रांसफर का विवरण.
अगर रकम दूसरे बैंक खातों में गई है, तो बैंक और जांच एजेंसियां उन खातों और आगे हुए लेनदेन की भी पड़ताल कर सकती हैं. जरूरत पड़ने पर संबंधित खातों में रकम रोकने या फ्रीज करने की कार्रवाई के लिए कानूनी और नियामकीय प्रक्रिया अपनाई जा सकती है.
कौन करेगा इसकी जांच
ग्रेटर नोएडा जैसा फ्रॉड हो तो पुलिस और बैंक अलग अलग जांच करती हैं. बैंक की जांच और पुलिस की जांच अलग-अलग उद्देश्य से चल सकती हैं. बैंक को ग्राहक की शिकायत और संभावित वित्तीय नुकसान की पड़ताल करनी होती है, जबकि पुलिस कथित धोखाधड़ी, जिम्मेदार लोगों और आपराधिक साक्ष्यों की जांच करती है.
4. बैंक कर्मचारी की गलती हो तो भरपाई कौन करेगा?
मान लीजिए, जांच में सामने आता है कि बैंक के किसी कर्मचारी ने ग्राहक की अनुमति के बिना लेनदेन किया या बैंक की सुरक्षा व्यवस्था में कमी के कारण रकम निकली. ऐसी स्थिति में बैंक की जिम्मेदारी तय हो सकती है. लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि कर्मचारी पर आरोप लगते ही बैंक हर मामले में तुरंत पूरी रकम लौटा देगा. पहले यह देखा जाएगा कि लेनदेन कैसे हुआ, ग्राहक की सहमति थी या नहीं, बैंक की कोई चूक थी या नहीं और संबंधित नियमों के तहत किसकी कितनी जिम्मेदारी बनती है.
अगर बैंक की गलती साबित होती है और लागू नियम ग्राहक को रकम लौटाने का अधिकार देते हैं, तो बैंक को नियमानुसार रकम वापस करनी पड़ सकती है. बैंक बाद में जिम्मेदार कर्मचारी या अन्य पक्षों के खिलाफ अपनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई कर सकता है. ग्राहक को केवल इसलिए शिकायत छोड़ नहीं देनी चाहिए कि मामला बैंक कर्मचारी से जुड़ा है.
अगर बैंक शिकायत खारिज करता है, तो ग्राहक लिखित जवाब और फैसले का आधार मांग सकता है. जांच के रिकॉर्ड और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर शिकायत को आगे बढ़ाया जा सकता है.
5. बैंक शिकायत नहीं सुन रहा तो RBI तक कैसे पहुंचें?
अगर आपने बैंक में शिकायत की है, लेकिन समाधान नहीं मिला, तो आपके पास भारतीय रिजर्व बैंक की शिकायत निवारण व्यवस्था का विकल्प भी है. RBI की इंटीग्रेटेड ओम्बड्समैन स्कीम, 2026 एक ऐसी व्यवस्था है, जिसके तहत संबंधित नियमन के दायरे में आने वाली संस्थाओं की सेवाओं में कमी से जुड़ी शिकायतों का समाधान मांगा जा सकता है. यह योजना 1 जुलाई 2026 से लागू हुई है.
इसका इस्तेमाल करने से पहले संबंधित बैंक में शिकायत करना जरूरी है. अगर बैंक 30 दिन में जवाब नहीं देता या उसका जवाब संतोषजनक नहीं है, तो पात्रता और समय-सीमा की शर्तें पूरी होने पर RBI के ओम्बड्समैन के पास शिकायत की जा सकती है.
शिकायत के साथ बैंक में की गई पिछली शिकायत, उसका जवाब, बैंक स्टेटमेंट और दूसरे जरूरी दस्तावेज रखें. RBI के शिकायत पोर्टल पर आवेदन किया जा सकता है.
ध्यान रहे, RBI ओम्बड्समैन हर विवाद का अपने आप फैसला नहीं करता. शिकायत योजना के दायरे में होनी चाहिए और उसकी शर्तें पूरी करनी चाहिए. आपराधिक जांच या पुलिस में दर्ज मुकदमा अपनी जगह चलता है.
6. क्या बैंक में जमा हर रुपये की सरकारी गारंटी है?
यह एक ऐसा सवाल है, जिस पर बहुत से ग्राहक भ्रमित रहते हैं. भारत में जमा बीमा और ऋण गारंटी निगम (DICGC) के तहत पात्र बैंक जमाओं पर बीमा सुरक्षा उपलब्ध है. लेकिन इसकी सीमा एक जमाकर्ता के लिए एक बैंक में अधिकतम 5 लाख रुपये, मूलधन और ब्याज मिलाकर है. एक ही बैंक की अलग-अलग शाखाओं में जमा रकम को भी निर्धारित नियमों के अनुसार जोड़ा जाता है.
सबसे जरूरी बात यह है कि यह बीमा बैंक के लाइसेंस रद्द होने, परिसमापन या नियमों में बताए गए दूसरे पात्र हालात में लागू होता है. इसका मतलब यह नहीं है कि बैंक खाते से हर तरह की धोखाधड़ी होने पर DICGC सीधे 5 लाख रुपये तक का भुगतान कर देगा.
अगर किसी ग्राहक के खाते से कथित तौर पर बैंक कर्मचारी ने रकम निकाल ली है, तो पहले बैंक में शिकायत, लेनदेन की जांच और लागू नियमों के तहत जिम्मेदारी तय करने की प्रक्रिया अहम होगी. जमा बीमा को अनधिकृत लेनदेन की भरपाई की सामान्य गारंटी समझना गलत है.
7. खाते और एफडी को सुरक्षित रखने के लिए क्या करें?
- बैंक में जमा पैसे की सुरक्षा के लिए ग्राहक कुछ नियमित सावधानियां बरत सकते हैं.
- अपने खाते का बैलेंस और बैंक स्टेटमेंट समय-समय पर चेक करें.
- बैंक में रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और ईमेल सही रखें, ताकि लेनदेन की सूचना मिल सके.
- एफडी की रसीद, मैच्योरिटी की तारीख और ब्याज की जानकारी संभालकर रखें.
- किसी अनजान व्यक्ति को ओटीपी, पिन या पासवर्ड न बताएं.
- बैंक खाते से जुड़े अनजान लेनदेन दिखें तो तुरंत शिकायत करें.
- बैंक से मिलने वाली शिकायत संख्या, ईमेल और दस्तावेज सुरक्षित रखें.
अगर परिवार में बुजुर्गों के नाम पर बड़ी एफडी या बचत है, तो उनकी अनुमति से समय-समय पर स्टेटमेंट और एफडी की स्थिति की जांच करने में मदद करें. इससे किसी अनियमितता का पता देर से चलने का जोखिम कम हो सकता है.