NZ का नया शेर जैकब्स, T20 सीरीज में दहाड़ा, IPL ऑक्शन में मिल सकते हैं करोड़ों
Last Updated:
IND vs NZ 4th T20I: न्यूजीलैंड के विस्फोटक फिनिशर बेवोन जैकब्स जैसी भयानक हिटिंग करते हैं, उससे इतना तो तय है कि आईपीएल 2027 के लिए कोच्चि में 14 नवंबर को होने वाले ऑक्शन में उन पर पैसों की बारिश हो सकती है. भारत के खिलाफ पांच मैच की टी-20 सीरीज के चौथे मुकाबले की पूर्वसंध्या पर जब वह पत्रकारों से बातचीत करने पहुंचे तो कई सवालों के जवाब दिए.
बेवोन जैकब्स पर आईपीएल में पैसों की बारिश हो सकती है.
ऑकलैंड: भारत के खिलाफ जारी टी-20 सीरीज में बेवोन जैकब्स चमकीला सितारा बनकर उभरे हैं. पहले मैच में 16 गेंद में 31 रन, दूसरे मैच में 46 गेंद में 58 रन, तीसरे मैच में 23 गेंद में 39 रन बनाकर जैकब्स ने साबित कर दिया कि वह न्यूजीलैंड का फ्यूचर हैं. आईपीएल 2025 में उन्हें मुंबई इंडियंस ने बेस प्राइस 30 लाख रुपये में खरीदा था. इसकी पूरी उम्मीद है कि 14 नवंबर को होने वाले आईपीएल 2027 ऑक्शन में उन्हें मोटी रकम में किसी भी टीम द्वारा खरीदा जा सकता है.
न्यूजीलैंड पहले ही लगातार तीन मैच गंवाकर सीरीज हार चुकी है. चौथे मैच की पूर्वसंध्या पर बेवोन जैकब्स ने कहा कि भारत के खिलाफ उनकी टीम छोटी-छोटी कमियों को दूर करने पर फोकस करेगी. जैकब्स ने यह भी कहा कि इंडियन प्रीमियर लीग में मुंबई इंडियंस के साथ खेलने के अनुभव का उन्हें काफी फायदा मिला:
वह अनुभव काफी मायने रखता है, इससे मुझे अलग अलग हालात में खेलने में मदद मिली. 0-3 से पिछड़ना अच्छा तो नहीं लगता, लेकिन हमारी सोच काफी सकारात्मक है. पहले दो मैच काफी प्रतिस्पर्धी थे और अच्छा क्रिकेट खेला गया. हम उसी लय को कायम रखकर अगले दो मैचों में जीत दर्ज करने की कोशिश करेंगे. हमें यह तो पता ही है कि श्रृंखला में क्या स्थिति है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि हम अपनी कोशिशों में ढील दे दें. हम पहले तीन मैचों में किए गए अपने प्रदर्शन पर गौर करेंगे और आखिरी दो मैचों में अपना पूरा जोर लगा देंगे.
बेवोन जैकब्स ने टी-20 सीरीज में अर्शदीप सिंह की गेंद पर 96 मीटर का छक्का मारा था.
जैकब्स ने कहा कि न्यूजीलैंड पहले तीनों मैचों में जीत सकती थी, लेकिन मौकों का फायदा उठाने में नाकाम रही. उन्होंने कहा:
यह खेल बहुत छोटे अंतरों का है. सच कहें तो हम मैच जीतने की स्थिति में रहे लेकिन जीत की रेखा पार नहीं कर पाए फिर भी जिसने ऐसी पारी खेली हो, उसकी तारीफ तो करनी ही होगी, उसे खेलते हुए देखना वाकई बहुत खास था (अभिषेक शर्मा के शतक की ओर इशारा करते हुए).
उन्होंने न्यूजीलैंड की हार के लिए टॉस पर दोष नहीं मंढा. उन्होंने कहा, ‘टॉस खेल का हिस्सा है. आप टॉस जीतने या हारने की बात कर सकते हैं, लेकिन आखिर में तो मैदान पर प्रदर्शन मायने रखता है.