Last Updated:
Maharajganj Rural Road Development: उत्तर प्रदेश में कनेक्टिविटी और बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में राज्य सरकार तेजी से कार्य कर रही है. जिला पंचायत की ओर से जिले के 9 विकास खंडों की 32 ग्राम पंचायतों में जर्जर सड़कों की मरम्मत, सीसी रोड और खड़ंजा निर्माण कार्य कराए जाएंगे. इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर लगभग 14.13 करोड़ रुपये की लागत आएगी, जिसे आगामी चार से छह महीनों के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
महाराजगंज की ग्रामीण सड़कों की जल्द बदलेगी तस्वीर. (AI की मदद तस्वीर बनाई गई)
Maharajganj: उत्तर प्रदेश में सड़क कनेक्टिविटी को बेहतर और सुगम बनाने की दिशा में सरकार लगातार तेज गति से कार्य कर रही है. प्रदेशभर में पुल-पुलियों, फोर लेन सड़कों और आधुनिक एक्सप्रेस-वे के निर्माण के साथ-साथ अब ग्रामीण इलाकों की आंतरिक सड़कों की कायापलट करने की तैयारी शुरू कर दी गई है. इसी कड़ी में महाराजगंज जिले के ग्रामीण क्षेत्रों की जर्जर सड़कों की दशा सुधारने का बीड़ा उठाया गया है, जिससे आने वाले दिनों में इन ग्रामीण मार्गों पर वाहन सरपट दौड़ते नजर आएंगे.
जिला पंचायत की ओर से तैयार की गई इस योजना के तहत जिले के 9 प्रमुख विकास खंडों के अंतर्गत आने वाली 32 ग्राम पंचायतों में सड़कों की मरम्मत, अनुरक्षण लेपन (पैच वर्क), सीसी रोड और खड़ंजा निर्माण के कार्य कराए जाएंगे. ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधाओं को उन्नत बनाने के उद्देश्य से इस पूरी परियोजना पर लगभग 14.13 करोड़ रुपये की लागत आएगी. विभागीय स्तर पर इसका विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर भेज दिया गया है और प्रशासनिक स्तर पर इसे तय समयसीमा के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है.
इन प्रमुख क्षेत्रों में होगा विकास कार्य
योजना के अनुसार, परतावल ब्लॉक के नागावरी पिच से बलुआ भार तक मार्ग के मेंटेनेंस पर 83.54 लाख रुपये, नौतनवा ब्लॉक के हरपुर में सड़क, सीसी रोड और रिटेनिंग वॉल निर्माण पर 70.96 लाख रुपये तथा घुघुली ब्लॉक के पचरुखिया बरवा चैमनिया मार्ग से किशुनपुर टिकुलहिया तक सड़क लेपन पर 77.13 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे. इसके अलावा घुघुली, नौतनवा, निचलौल, पनियरा, सदर, परतावल, फरेंदा, लक्ष्मीपुर और मिठौरा ब्लॉक की कई अन्य ग्राम पंचायतों को भी इस योजना में शामिल किया गया है. सदर ब्लॉक के बागापार से बरईठवा संपर्क मार्ग के मेंटेनेंस पर 99.21 लाख और लक्ष्मीपुर में बरगदवा से विशुनपुरा तक मार्ग के लिए 91.50 लाख रुपये खर्च होंगे.
अन्य इलाकों में भी खर्च होगी राशि
महाराजगंज के अन्य ग्रामीण हिस्सों में भी विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार कर ली गई है. पनियरा ब्लॉक के कमासिन बुजुर्ग गांव में प्राथमिक पाठशाला से भक्सा प्रधानमंत्री पिच तक सड़क निर्माण पर 86.70 लाख रुपये, सदर ब्लॉक के महुआ से तुलसीपुर मार्ग पर 58.54 लाख रुपये और निचलौल ब्लॉक के बैदौली में गांव से बंधे तक लेपन कार्य पर 55.87 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी.
मुख्य विकास अधिकारी (CDO) महेंद्र कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इन ग्रामीण सड़कों के निर्माण और सुदृढ़ीकरण के लिए टेंडर की प्रक्रिया तेजी से शुरू कर दी गई है. प्रशासन का प्रयास है कि निर्धारित समयावधि के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से इन निर्माण कार्यों को पूरा कर लिया जाए, जिससे ग्रामीण जनता को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े.