Last Updated:
Gwalior News: सिंधिया राजपरिवार के संपत्ति विवाद में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, वसुंधरा राजे, यशोधरा राजे, ऊषा राजे और प्रतिमा देवी के बीच समझौता हुआ था. अन्य पक्षों ने कहा कि समझौता सहमति से हुआ लेकिन प्रतिमा देवी ने समझौते को धोखाधड़ी करार दिया था. आज 29 अक्टूबर 2026 को इस मामले में अहम सुनवाई होने जा रही है.
प्रतिमा देवी ने समझौते पर अपने हस्ताक्षर को फर्जी बताया है.
रिपोर्ट- सुशील कौशिक, ग्वालियर. मध्य प्रदेश के ग्वालियर में सिंधिया राजपरिवार की 40000 करोड़ रुपये के संपत्ति विवाद में आज 29 अक्टूबर 2026 को अहम सुनवाई होगी. न्यायालय में आज प्रतिमा देवी के बयान होंगे. सिंधिया परिवार के समझौते पर प्रतिमा देवी का धोखाधड़ी का आरोप है. पिछली सुनवाई में प्रतिमा देवी ने समझौते पर अपने हस्ताक्षर को फर्जी बताया था. आज वह धोखाधड़ी साबित करने के लिए कोर्ट में बयान देंगी. प्रतिमा देवी आज कोर्ट में धोखाधड़ी के सबूत रखेंगी.
सिंधिया राजपरिवार की 40000 करोड़ रुपये की संपत्ति का विवाद आज फिर कोर्ट में है. केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, वसुंधरा राजे सिंधिया, यशोधरा राजे, ऊषा राजे और पद्माराजे की बेटी प्रतिमा देवी के बीच हुए समझौते को प्रतिमा देवी ने धोखाधड़ी बताया है. आज इसी धोखाधड़ी को साबित करने के लिए प्रतिमा देवी के बयान होंगे.
सहमति से हुआ समझौता?
दरअसल संपत्ति विवाद में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, वसुंधरा राजे, यशोधरा राजे, ऊषा राजे और प्रतिमा देवी के बीच समझौता हुआ था. अन्य पक्षों ने कहा था कि समझौता सहमति से हुआ था लेकिन प्रतिमा देवी ने समझौते को धोखाधड़ी बताया.
सिंधिया राजघराने में कब शुरू हुआ संपत्ति विवाद?
बताया जाता है कि सिंधिया राजघराने में संपत्ति विवाद की शुरुआत 80 के दशक में शुरू हुई थी, जब एक तरफ राजमाता विजयाराजे सिंधिया थीं और दूसरी तरफ उनके इकलौते बेटे माधवराव सिंधिया. बाद में जब माधवराव कांग्रेस में चले गए, तो राजमाता ने एक वसीयत बनाई, जिसमें उन्होंने अपने बेटे को अपनी निजी संपत्ति और कई प्रमुख अधिकारों से बेदखल कर दिया. उन्होंने अपनी संपत्तियों को ट्रस्टों में बदला और बेटियों को अहम हिस्सेदार बनाया. माधवराव की मौत के बाद कानूनी लड़ाई की जिम्मेदारी उनके बेटे ज्योतिरादित्य सिंधिया ने संभाली, तो राजामाता की तरफ से उनकी बेटियां मैदान में आ गईं. इसी तरह से ज्योतिरादित्य सिंधिया अब संपत्ति के लिए अपनी बुआओं से ही जंग कर रहे हैं. उनकी कुल चार बुआ हैं- पद्मावती राजे, ऊषा राजे, वसुंधरा राजे और यशोधरा राजे. प्रतिमा देवी पद्मावती राजे की बेटी हैं.