मुंबई इंडियंस के कोचिंग स्‍टाफ में ताबड़तोड़ बदलाव, 3 द‍िग्‍गजों से फ्रेंचाइजी ने तोड़ा नाता, पोलार्ड एरा में मलिंगा की छुट्टी

मुंबई इंडियंस के कोचिंग स्‍टाफ में ताबड़तोड़ बदलाव, 3 द‍िग्‍गजों से फ्रेंचाइजी ने तोड़ा नाता, पोलार्ड एरा में मलिंगा की छुट्टी


नई द‍िल्‍ली. आईपीएल की सबसे सफल फ्रेंचाइजी में शुमार मुंबई इंडियंस खेमे में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है. फ्रेंचाइजी ने अपनी कोचिंग टीम में एक और बड़ा फैसला लेते हुए गेंदबाजी कोच लसिथ मलिंगा , पारस म्हांब्रे और फील्डिंग कोच कार्ल हॉपकिंसन से अलग होने की आधिकारिक ऐलान कर द‍िया है. यह फैसला टीम में चल रहे व्यापक आंतरिक फेरबदल का एक अहम हिस्सा है. कुछ दिन पहले ही फ्रेंचाइजी ने हेड कोच महेला जयवर्धने से भी नाता तोड़ लिया था और उनकी जगह विस्फोटक ऑलराउंडर कायरन पोलार्ड को नया मुख्य कोच नियुक्त किया गया था. अब कोचिंग स्टाफ में हुई इन ताबड़तोड़ छंटनी से साफ है कि मुंबई इंडियंस आगामी सीजन के लिए एक बिल्कुल नए और तरोताजा कोचिंग सेटअप के साथ उतरने की तैयारी कर रही है.

मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) के साथ लसिथ मलिंगा (Lasith Malinga) का रिश्ता किसी परीकथा से कम नहीं रहा है. फ्रेंचाइजी ने उनके योगदान को याद करते हुए बयान में कहा, ‘लसिथ मलिंगा मुंबई इंडियंस परिवार का एक अभिन्न हिस्सा और फ्रेंचाइजी के इतिहास के सबसे प्रतिष्ठित खिलाड़ियों में से एक रहे हैं.’ मलिंगा ने अपनी धारदार और घातक गेंदबाजी के दम पर अकेले दम पर कई मैच जिताए हैं. उन्होंने मुंबई इंडियंस को खिलाड़ी के तौर पर चार आईपीएल खिताब (2013, 2015, 2017, 2019) और साल 2011 का चैंपियंस लीग टी20 खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई थी.

मैदान पर अपनी यॉर्कर गेंदों से बल्लेबाजों की नींद उड़ाने वाले मलिंगा ने बाद में कोचिंग और मेंटॉर की भूमिका में भी अपनी सेवाएं दीं. फ्रेंचाइजी ने आगे कहा, ‘मैदान पर अपनी गेंदबाजी का लोहा मनवाने से लेकर एक मेंटॉर और कोच के रूप में वापसी करने तक, लसिथ का एमआई के साथ सफर बेहद खास रहा है. उनका जुनून, प्रतिस्पर्धी रवैया और टीम के प्रति प्रतिबद्धता ने खिलाड़ियों की पीढ़ियों को प्रेरित किया है. उनकी यह विरासत हमेशा मुंबई इंडियंस का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बनी रहेगी.’

पारस म्हांब्रे का दो दशक पुराना और गहरा जुड़ाव
घरेलू और इंटरनेशनल क्रिकेट में अपनी कोचिंग के लिए मशहूर पारस म्हांब्रे (Parash Mhambrey) का मुंबई इंडियंस के साथ बहुत पुराना और गहरा नाता रहा है. वे साल 2024 में भारत के टी20 विश्व कप (T20 World Cup) जीतने वाले कोचिंग स्टाफ का हिस्सा बनने के तुरंत बाद एमआई के साथ जुड़े थे. उन्होंने पिछले दो आईपीएल सीजन के दौरान गेंदबाजी कोच की जिम्मेदारी संभाली और इसके अलावा उन्हें एमआई अमीरात (MI Emirates) का गेंदबाजी कोच भी नियुक्त किया गया था.

यह मुंबई इंडियंस के साथ म्हांब्रे का पहला कार्यकाल नहीं था. वे साल 2008 में आईपीएल के उद्घाटन सीजन में भी टीम के सपोर्ट स्टाफ का हिस्सा रह चुके थे. इसके बाद उनका एक लंबा और सफल कार्यकाल साल 2010 से 2017 तक चला. इसी सुनहरे दौर में मुंबई इंडियंस ने साल 2011 और 2013 में चैंपियंस लीग का खिताब अपने नाम किया और साल 2013 में अपना पहला आईपीएल खिताब भी जीता था.

म्हांब्रे के विदाई पर फ्रेंचाइजी ने कहा, ‘पारस म्हांब्रे का मुंबई इंडियंस के साथ एक लंबा और बहुमूल्य जुड़ाव रहा है, जो पहले 2010 से 2017 तक और बाद में 2024 में फिर से शुरू हुआ. दोनों ही कार्यकालों के दौरान, पारस ने अपार अनुभव, समर्पण और एमआई संस्कृति की गहरी समझ का परिचय दिया. टीम की गेंदबाजी प्रतिभा को निखारने में उनका योगदान और इन वर्षों में उन्होंने जो रिश्ते बनाए हैं, उन्हें हमेशा बेहद सराहा जाएगा.’

कार्ल हॉपकिंसन का कार्यकाल खत्‍म
मुंबई इंडियंस के कोचिंग स्टाफ में हुए इस बदलाव के तहत फील्डिंग कोच कार्ल हॉपकिंसन को भी हटा दिया गया है. हॉपकिंसन ने साल 2025 के सीजन से ठीक पहले जेम्स पैमेंट (James Pamment) की जगह ली थी. मुंबई इंडियंस से जुड़ने से पहले हॉपकिंसन ने साल 2018 से 2024 तक इंग्लैंड की पुरुष क्रिकेट टीम के लिए ईसीबी (ECB) के लीड फील्डिंग कोच के रूप में अपनी सेवाएं दी थीं. उनके पास अंतरराष्ट्रीय स्तर का बड़ा अनुभव था और उन्होंने इंग्लैंड की साल 2019 और साल 2022 की विश्व कप जीत में भी अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया था. हालांकि, एमआई के साथ उनका सफर ज्यादा लंबा नहीं चल सका.



Source link