Last Updated:
ब्राजील में राष्ट्रपति चुनाव हारने के बाद फ्लावियो बोल्सोनारो अमेरिका के मियामी पहुंच गए हैं. उन्होंने चुनाव में धांधली का आरोप लगाते हुए खुद को देश का चुना हुआ राष्ट्रपति बताया और अमेरिका से विपक्ष का नेतृत्व करने की बात कही. राष्ट्रपति लूला ने फ्लावियो के देश छोड़ने पर सवाल उठाए. फ्लावियो के खिलाफ ब्राजील में दो मामलों की जांच चल रही है.
फ्लावियो बोल्सोनारो. (Reuters)
Brazil News Hindi: ब्राजील में राष्ट्रपति चुनाव हारने के बाद फ्लावियो बोल्सोनारो अमेरिका पहुंच गए हैं. मियामी पहुंचने के बाद उन्होंने चुनाव में धांधली का आरोप लगाते हुए खुद को देश का असली राष्ट्रपति बताया. उन्होंने कहा कि वह अमेरिका से ही विपक्ष का नेतृत्व करेंगे. साथ ही कहा कि वह देश छोड़कर भागे नहीं है, बल्कि ब्राजील के हित के लिए उन्होंने देश छोड़ा है. वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ब्राजील के चुनाव को ‘अजीब’ बताया, लेकिन विवाद में सीधे दखल देने से इनकार कर दिया. ब्राजील के दोबारा चुने गए राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा ने फ्लावियो के देश छोड़ने के तरीके पर सवाल उठाए हैं. इस बीच, वित्तीय गड़बड़ियों से जुड़े मामलों में जांच का सामना कर रहे फ्लावियो के अमेरिका पहुंचने से ब्राजील की राजनीति में हलचल बढ़ गई है.
‘मैं ही चुना हुआ राष्ट्रपति हूं’
फ्लावियो बोल्सोनारो ने गुरुवार को एक्स पर एक पोस्ट कर चुनाव में धांधली का आरोप लगाया. उन्होंने दावा किया कि उनके विरोधियों ने चुनाव चुरा लिया और देश में तानाशाही कायम कर दी है. बाद में उन्होंने खुद को देश का राष्ट्रपति बताने के बजाय विपक्ष का नेता कहा और अमेरिका से ही विपक्ष का नेतृत्व करने की बात कही. फ्लावियो ने यह भी दावा किया कि वह राजनीतिक उत्पीड़न के शिकार हैं और अमेरिका अपने परिवार की सुरक्षा के लिए आए हैं.
ब्राजील के चुनाव पर ट्रंप क्या बोले?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को कहा कि अमेरिका ने फ्लावियो और उनके परिवार को देश में आने की अनुमति दी है. उन्होंने ब्राजील के चुनाव को ‘बहुत अजीब’ बताया और कहा कि उनके विचार से फ्लावियो के परिवार के साथ अनुचित व्यवहार हुआ है. हालांकि, ट्रंप ने फ्लावियो के राष्ट्रपति पद के दावे पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया. ब्राजील में लूला ने 51.8 फीसदी वोट हासिल कर चुनाव जीता था. दूसरे दौर में उन्होंने फ्लावियो को 40 लाख से अधिक वोटों के अंतर से हराया. चुनाव के नतीजों की पुष्टि ब्राजील की सर्वोच्च चुनाव अदालत ने की थी.
पासपोर्ट रद्द होने के बाद अमेरिका पहुंचे
फ्लावियो के अमेरिका पहुंचने से पहले उनके ठिकाने को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं. ब्राजील में आपराधिक जांच के तहत अधिकारियों ने उन्हें अपना पासपोर्ट जमा करने का आदेश दिया था. तय समयसीमा में पासपोर्ट जमा नहीं करने पर मंगलवार को उनके यात्रा दस्तावेज रद्द कर दिए गए और पुलिस को सीमा चौकियों पर जांच करने को कहा गया. वह अपनी पत्नी और बेटियों के साथ निजी विमान से मियामी के पास ओपा-लोका हवाई अड्डे पहुंचे. अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग के मुताबिक, उनके परिवार को इमीग्रेशन नियमों के तहत अमेरिका आने की अनुमति दी गई. ब्राजील की पुलिस ने कहा कि फ्लावियो को भगोड़ा नहीं माना जा रहा है.