बागेश्वर: उत्तराखंड का बागेश्वर जिला अपनी धार्मिक मान्यताओं, समृद्ध लोक संस्कृति और प्राकृतिक सुंदरता के लिए देशभर में जाना जाता है. यहां के हिमालयी नजारे, हरे-भरे जंगल और पारंपरिक पहाड़ी जीवन पर्यटकों को आकर्षित करते हैं, लेकिन बागेश्वर की पहचान का एक और खास पहलू है, जिसके बारे में बहुत से लोग कम जानते हैं. यहां की पहाड़ियों में चाय की खेती भी होती है. कौसानी और चौकोड़ी जैसे क्षेत्र अपनी चाय के लिए खास पहचान रखते हैं. यही वजह है कि बागेश्वर के बारे में कहा जाता है कि यहां के लोग केवल चाय पीते ही नहीं, बल्कि चाय उगाकर उसे बेचते भी हैं.
चाय उत्पादन से जुड़ा है पुराना इतिहास
स्थानीय जानकार रमेश कृषक पांडे बताते हैं कि बागेश्वर और आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों में चाय उत्पादन का इतिहास पहाड़ों की जलवायु और यहां की भौगोलिक परिस्थितियों से जुड़ा है. चाय कारोबारी दान सिंह मालदार का नाम इस क्षेत्र में चाय उत्पादन को बढ़ावा देने वालों में प्रमुखता से लिया जाता है. बताया जाता है कि उन्होंने सबसे पहले चौकोड़ी क्षेत्र में चाय उत्पादन की शुरुआत की थी. इसके बाद पहाड़ के अन्य ठंडे और अनुकूल क्षेत्रों में भी चाय की खेती को बढ़ावा मिलने लगा. चाय की खेती के लिए उपयुक्त तापमान, पर्याप्त नमी, अच्छी जल निकासी वाली मिट्टी और अनुकूल वर्षा महत्वपूर्ण मानी जाती है. पहाड़ी क्षेत्रों की जलवायु इन परिस्थितियों के अनुकूल होने के कारण यहां चाय उत्पादन की संभावनाएं विकसित हुई. समय के साथ चाय की खेती ने स्थानीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई.
कौसानी की चाय ने बनाई खास पहचान
कौसानी का नाम आते ही सबसे पहले हिमालय की बर्फ से ढकी चोटियों और खूबसूरत प्राकृतिक दृश्यों का ख्याल आता है. हालांकि, कौसानी की पहचान केवल पर्यटन तक सीमित नहीं है. यहां स्थित चाय बागान भी पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र हैं. चाय की कतारों के बीच घूमना, खेती की प्रक्रिया को समझना और पहाड़ों के बीच चाय उत्पादन को करीब से देखना पर्यटकों के लिए एक अलग अनुभव है. कौसानी के चाय बागान क्षेत्र की कृषि और पर्यटन, दोनों को जोड़ने का अवसर प्रदान करते हैं. वहीं, चौकोड़ी भी अपनी प्राकृतिक सुंदरता और चाय उत्पादन के लिए जाना जाता है. इन क्षेत्रों में तैयार होने वाली चाय स्थानीय पहचान को व्यापक बाजार तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है.
स्थानीय अर्थव्यवस्था के लिए भी महत्वपूर्ण
चाय उत्पादन केवल एक कृषि गतिविधि नहीं, बल्कि पहाड़ी क्षेत्रों में आजीविका और स्वरोजगार की संभावनाओं से भी जुड़ा है. चाय की पत्तियों की तुड़ाई, प्रसंस्करण, पैकेजिंग और बिक्री जैसी गतिविधियों से रोजगार के अवसर पैदा हो सकते हैं. इसके साथ ही चाय बागानों को पर्यटन से जोड़कर स्थानीय लोगों की आय बढ़ाने की संभावनाएं भी विकसित की जा सकती हैं. बागेश्वर जैसे पर्वतीय जिले में, जहां रोजगार के सीमित अवसरों के कारण लोगों को दूसरे शहरों की ओर जाना पड़ता है, वहां स्थानीय कृषि उत्पादों को पहचान दिलाना महत्वपूर्ण है. चाय उत्पादन इस दिशा में एक उपयोगी माध्यम है.
चाय के साथ पर्यटन को भी मिल सकता है बढ़ावा
कौसानी और चौकोड़ी आने वाले पर्यटक हिमालय के नजारों के साथ चाय बागानों का भी अनुभव लेते हैं. यदि चाय उत्पादन, स्थानीय उत्पादों की बिक्री और पर्यटन गतिविधियों को योजनाबद्ध तरीके से बढ़ावा दिया जाए, तो इससे क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को मजबूती मिली है. बागेश्वर की चाय पहाड़ों की मेहनत, प्राकृतिक परिस्थितियों और स्थानीय पहचान से जुड़ी कहानी कहती है. यही वजह है कि यहां चाय केवल सुबह की शुरुआत करने वाला पेय नहीं, बल्कि कृषि, रोजगार और पर्यटन की संभावनाओं का प्रतीक है.