Last Updated:
5 batsman Fastest 1000 runs in Test: क्रिकेट के सबसे लंबे प्रारूप में सबसे तेज 1,000 टेस्ट रन बनाने वाले बल्लेबाजों का इतिहास बेहद रोमांचक रहा है. इंग्लैंड के हर्बट सटक्लिफ और वेस्टइंडीज केईडी. वीकेंड्स ने महज 12 पारियों में यह कमाल किया. वहीं, क्रिकेट के ‘डॉन’ सर डोनाल्ड ब्रैडमैन ने सबसे कम 7 मैचों की 13 पारियों में ही यह पहाड़ जैसा आंकड़ा छूकर अपनी अद्वितीय प्रतिभा का लोहा मनवाया.
सबसे तेज 1000 टेस्ट रन बनाने वाले टॉप 5 बल्लेबाज.
नई दिल्ली. क्रिकेट के सबसे लंबे टेस्ट क्रिकेट फॉर्मेट में अपनी छाप छोड़ना हर बल्लेबाज का सपना होता है. मैदान पर कदम रखते ही रन बनाना और रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज कराना आसान नहीं है, लेकिन कुछ ऐसे असाधारण खिलाड़ी हुए हैं जिन्होंने अपनी शुरुआत से ही तहलका मचा दिया. इन बल्लेबाजों ने न सिर्फ अपनी शानदार बल्लेबाजी से गेंदबाजों के छक्के छुड़ाए, बल्कि सबसे कम पारियों और सबसे कम समय में 1,000 टेस्ट रन पूरे करने का ऐतिहासिक कारनामा भी कर दिखाया. आइए, नजर डालते हैं उन दिग्गजों पर जिनके बल्ले ने टेस्ट करियर की शुरुआत में ही रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी.
इस खास फेहरिस्त में सबसे पहला नाम इंग्लैंड के शानदार बल्लेबाज हर्बट सटक्लिफ (Herbert Sutcliffe) का आता है. उन्होंने 14 जून 1924 को अपने टेस्ट करियर का आगाज किया था और महज़ 244 दिनों के भीतर यानी 13 फरवरी 1925 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मेलबर्न के ऐतिहासिक मैदान परअपने 1,000 टेस्ट रन पूरे कर लिए. सटक्लिफ ने यह जादुई आंकड़ा अपने करियर के महज 9वें मैच की 12वीं पारी में छुआ था.
विंडीज के धाकड़ बल्लेबाज वीकेंड्स का धमाका
हर्बट सटक्लिफ इस रिकॉर्ड की बराबरी वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज ईडी. वीकेंड्स (ED Weekes) ने की. वीकेंड्स ने 21 जनवरी 1948 को टेस्ट डेब्यू किया था और लगभग एक साल (1 वर्ष 14 दिन) के भीतर, 4 फरवरी 1949 को भारत के खिलाफ मुंबई के ब्रेबॉर्न स्टेडियम में खेलते हुए 1,000 रन का आंकड़ा छू लिया. उन्होंने भी सटक्लिफ की तरह 9 मैचों की 12 पारियों में ही यह उपलब्धि हासिल की थी.
क्रिकेट के निर्विवाद ‘डॉन’ब्रैडमैन
क्रिकेट जगत के निर्विवाद ‘डॉन’ यानी सर डोनाल्ड ब्रैडमैन (Don Bradman) का नाम इस सूची में न हो, ऐसा कैसे हो सकता है? ब्रैडमैन ने 30 नवंबर 1928 को अपने टेस्ट सफर की शुरुआत की थी. उन्होंने 11 जुलाई 1930 को लीड्स के मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ खेलते हुए 1,000 रन पूरे किए. हालांकि उन्हें इस मुकाम तक पहुंचने में 1 साल और 223 दिन का समय लगा, लेकिन पारियों के मामले में उन्होंने एक अलग ही क्लास दिखाई. ब्रैडमैन ने मात्र 7 मैचों की 13 पारियों में ही 1,000 टेस्ट रन का पहाड़ जैसा आंकड़ा पार कर लिया था, जो उनकी अद्वितीय प्रतिभा का सबसे बड़ा प्रमाण है.
मॉडर्न युग के श्रीलंकाई सितारे कामिंडु मेंडिस
इस एलीट लिस्ट में श्रीलंका के कामिंडू मेंडिस का नाम भी शामिल है, जिन्होंने आधुनिक युग में अपनी काबिलियत का लोहा मनवाया. मेंडिस ने 8 जुलाई 2022 को टेस्ट डेब्यू किया और 26 सितंबर 2024 को गाले के मैदान पर न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलते हुए अपने 1,000 टेस्ट रन पूरे किए. उन्हें इस मुकाम तक पहुंचने में 2 साल और 80 दिन का समय लगा और उन्होंने अपने 8वें मैच की 13वीं पारी में यह सफलता हासिल की.
ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज का दमदार आगाज
इसके अलावा, ऑस्ट्रेलिया के आरएन हार्वे (Neil Harvey) ने भी शुरुआती दौर में अपनी धाक जमाई थी. हार्वे ने 23 जनवरी 1948 को डेब्यू करने के बाद, 1 दिसंबर 1950 को ब्रिस्बेन में इंग्लैंड के खिलाफ अपने 1,000 रन पूरे किए. उन्हें इस मुकाम तक पहुंचने में 2 साल और 312 दिन लगे और उन्होंने 10 मैचों की 14 पारियों में यह मील का पत्थर हासिल किया.