इस दिवाली नैनीताल में बिताएं सुकून भरे पल, होटल बुकिंग पर मिल रहा 25 से 50% तक डिस्काउंट, कम बजट में प्लान करें ट्रिप

इस दिवाली नैनीताल में बिताएं सुकून भरे पल, होटल बुकिंग पर मिल रहा 25 से 50% तक डिस्काउंट, कम बजट में प्लान करें ट्रिप


नैनीताल: इस दिवाली पर अगर आप भीड़भाड़ से दूर पहाड़ों की खूबसूरत वादियों के बीच सुकून के कुछ पल बिताने की योजना बना रहे हैं, तो उत्तराखंड की सरोवर नगरी नैनीताल आपके लिए शानदार विकल्प हो सकती है। ठंडी हवाएं, नैनीझील का मनमोहक नजारा, पहाड़ों की खूबसूरती और रोशनी से सजे बाजार आपके त्योहार की खुशियों को दोगुना कर सकते हैं. खास बात यह है कि इस दिवाली पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए नैनीताल के कई होटलों में 25 से 50 प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है. ऐसे में पर्यटक कम बजट में पहाड़ों की सैर करने के साथ परिवार के बीच त्योहार का आनंद ले सकते हैं.

दिवाली और त्योहारी सीजन में अक्सर पर्यटन स्थलों पर होटल के किराये बढ़ जाते हैं, लेकिन इस बार नैनीताल में पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए होटल कारोबारियों की ओर से आकर्षक ऑफर दिए जा रहे हैं. नैनीताल होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह बिष्ट के मुताबिक, शहर के ज्यादातर होटल दिवाली के अवसर पर पर्यटकों को लुभाने के लिए 25 से 50 प्रतिशत तक का डिस्काउंट दे रहे हैं. इस छूट से पर्यटकों को काफी सुविधा मिल सकती है.

बंगाली सीजन के साथ शुरू होता है पर्यटन का फेस्टिव सीजन

नैनीताल में नंदा देवी महोत्सव के बाद पर्यटन गतिविधियां तेज होने लगती हैं. इसके बाद दशहरे और बंगाली सीजन के साथ शहर में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने की उम्मीद रहती है. होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह बिष्ट ने बताया कि इस दौरान बंगाली पर्यटकों के साथ गुजरात और महाराष्ट्र से भी बड़ी संख्या में सैलानी नैनीताल का रुख करते हैं. इस समय शहर का माहौल काफी रौनक भरा होता है, साथ ही भीड़भाड़ भी इस दौरान कम रहती है. त्योहारी सीजन में पर्यटक परिवार और दोस्तों के साथ छुट्टियां बिताने के लिए पहाड़ों का रुख करते हैं. ऐसे में होटल कारोबारियों को भी पर्यटन गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद रहती है.

दीवाली में खास है नैनीताल घूमना

दिवाली के दौरान नैनीताल पहुंचने वाले पर्यटक यहां की खूबसूरती के साथ त्योहार की रौनक का भी आनंद ले सकते हैं. नैनीझील के किनारे सैर करना, माल रोड पर खरीदारी करना और झील के आसपास के मनमोहक नजारों को निहारना पर्यटकों के लिए खास अनुभव हो सकता है. इसके अलावा, मौसम अनुकूल रहने पर पर्यटक शहर के आसपास के पर्यटन स्थलों का भ्रमण भी कर सकते हैं. पहाड़ों की शांत वादियों में समय बिताने के साथ स्थानीय खानपान और बाजारों का अनुभव भी आपकी ट्रिप को बेहद खास बना सकता है, इस समय भीड़भाड़ कम रहती है. और चहल पहल बनी रहती है.

बेहतर व्यवस्थाएं पर्यटन कारोबार के लिए जरूरी

दिग्विजय सिंह बिष्ट ने कहा कि इस समय नैनीताल का मौसम काफी अच्छा रहता है. पहाड़ों का शांत वातावरण और अपेक्षाकृत स्वच्छ हवा पर्यटकों को आकर्षित करती है. हालांकि, उन्होंने शहर की व्यवस्थाओं में सुधार की जरूरत पर भी जोर दिया, ताकि यहां आने वाले सैलानियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और उनका अनुभव सुखद रहे. त्योहारी सीजन में यातायात, पार्किंग, साफ-सफाई और पर्यटकों की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाएं पर्यटन कारोबार के लिए अहम होती हैं. यदि पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलती हैं, तो वे यहां अधिक समय बिताने के साथ दोबारा आने के लिए भी प्रोत्साहित होते हैं.



Source link